Source :- LIVE HINDUSTAN
Pregnancy Diet Tips: बारिश के मौसम में पकौड़े खाने का मन होना बिल्कुल नॉर्मल है। लेकिन प्रेग्नेंसी के दौरान क्या यह सेफ है? जानिए डॉक्टर वैदेही मराठे इस बारे में क्या कहती हैं और क्या सलाह देती हैं।
प्रेग्नेंसी में पकौड़े खाना सेफ है या नहीं, डॉक्टर वैदेही मराठे ने यह बड़ा कंफ्यूजन दूर किया है।
बारिश की हल्की फुहारें और गरमा-गरम चाय के साथ पकौड़े… इस मौसम का नाम लेते ही सबसे पहले यही तस्वीर दिमाग में आती है। लेकिन अगर आप प्रेग्नेंट हैं, तो मन में एक सवाल जरूर उठता है कि क्या इस समय पकौड़े खाना सही रहेगा या इससे मां और होने वाले बच्चे की सेहत पर असर पड़ सकता है?
प्रेग्नेंसी के दौरान अक्सर महिलाओं को अलग-अलग चीजें खाने का मन होता रहता है। कई महिलाएं डर के कारण अपनी पसंद की चीजें पूरी तरह छोड़ देती हैं, जबकि कुछ बिना सोचे-समझे खा लेती हैं। सच यह है कि प्रेग्नेंसी में किसी भी खाने को लेकर सबसे जरूरी है सही मात्रा, सही तरीका और सही समय। डॉक्टर वैदेही मराठे बता रही हैं कि प्रेग्नेंसी में पकौड़े कब, कितने और किस तरह खाने चाहिए, ताकि स्वाद भी बना रहे और सेहत भी।
क्या प्रेग्नेंसी में पकौड़े खाना सेफ है?
डॉक्टर वैदेही मराठे के अनुसार, घर में ताजे तेल में बने पकौड़े कभी-कभी खाना दिक्कत वाली चीज नहीं है। लेकिन इन्हें रोज की आदत बना लेना सेहत के साथ समझौता हो सकता है, इसलिए कभी-कभार स्वाद के लिए ही बेहतर है।
- बहुत ज्यादा तले हुए पकौड़ों से बचें: बहुत ज्यादा तला हुआ खाना खाने से सीने में जलन, गैस, पेट फूलना और बदहजमी की परेशानी बढ़ सकती है। मन होने पर दो-तीन पकौड़े खाना ठीक है, लेकिन एक साथ बहुत ज्यादा खाने से बचें।
- घर के बने पकौड़े ही चुनें: बाजार या ठेले पर मिलने वाले पकौड़ों में कई बार एक ही तेल बार-बार इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे पकौड़े खाने से बचें, घर में बने ताजे पकौड़े ज्यादा बेहतर हैं।
- पौष्टिक चीजों से बने पकौड़े खाएं: अगर पकौड़े बनाने हैं, तो उनमें प्याज, पालक, मेथी, पनीर या दूसरी सब्जियां मिलाएं। इससे स्वाद के साथ-साथ शरीर को कुछ जरूरी पोषण भी मिलेगा।
क्या यह सिर्फ प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए है?
प्रेग्नेंसी के दौरान एक्सट्रा केयर की जरूरत होती है लेकिन स्वाद-स्वाद में बहुत ज्यादा पकौड़े खा लेना किसी के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। पोर्शन कंट्रोल ही ऐसे में सबसे ज्यादा आपकी मदद कर सकता है।
- इन चीजों के साथ खाएं: पकौड़ों के साथ शुगरी ड्रिंक्स की बजाय पुदीने की चटनी, दही/छाछ या फिर नींबू पानी लेना अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
- अगर ये परेशानी है, तो ज्यादा सावधानी रखें: अगर आपको प्रेग्नेंसी के दौरान गर्भकालीन मधुमेह (Gestational Diabetes), हाई बीपी या एसिडिटी की समस्या है, तो तली हुई चीजें खाने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
- रोज का खाना संतुलित रखें: पकौड़े सिर्फ कभी-कभार खाने वाला नाश्ता होना चाहिए। रोज के खाने में ताजे फल, हरी सब्जियां, दाल, दूध, पर्याप्त पानी और दूसरी पौष्टिक चीजें जरूर शामिल करें।
नोट: प्रेग्नेंसी में पकौड़े खाना पूरी तरह मना नहीं है। अगर ये घर में साफ तरीके से ताजे तेल में बनाए गए हों और सीमित मात्रा में खाए जाएं, तो इन्हें कभी-कभी आराम से खा सकते हैं। हालांकि, अगर आपको कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है, तो अपने डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही खानपान रखें। बैलेंस्ड डाइट ही मां और होने वाले शिशु दोनों के लिए सबसे बेहतर विकल्प है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



