Source :- INDIATV NEWS

Highlights
- बेंगलुरु में पत्नी के सामने 39 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी चरण गौड़ा की हत्या हुई।
- बाइक सवार दो हमलावरों ने चापर से सिर पर कई वार किए और फरार हुए।
- जमीन विवाद और सुपारी देकर हत्या कराने के एंगल से पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। येलहंका न्यू टाउन इलाके में बाइक सवार 2 बदमाशों ने एक रियल एस्टेट कारोबारी की उसकी पत्नी के सामने बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने कारोबारी के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए और महज एक मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मृतक की पहचान 39 साल के चरण गौड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती जांच में जमीन और प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े विवाद का शक है।
ऑफिस पहुंचते ही कारोबारी पर हमला
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार सुबह येलहंका न्यू टाउन में हुई। चरण गौड़ा रोज की तरह अपनी पत्नी विमर्शनी के साथ ऑफिस पहुंचे थे। उनकी पत्नी कार से उतरकर पहली मंजिल पर बने ऑफिस में चली गईं। वहीं, चरण गाड़ी पार्क करने के लिए नीचे रुक गए और फोन पर किसी से बात करने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 2 हमलावर वहां पहुंचे। दोनों ऑफिस के बाहर एक बैंक के पास पहले से घात लगाकर बैठे थे। उनमें से एक बदमाश बाइक से उतरा और चरण पर धारदार हथियार (चॉपर) से हमला कर दिया।
हमले के बाद 1 मिनट में हमलावर फरार
हमलावर ने चरण गौड़ा के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना अचानक और तेज था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से एक मिनट के अंदर मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण चरण गौड़ा वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।
कौन थे हमले में जान गंवाने वाले चरण गौड़ा?
चरण गौड़ा मूल रूप से कर्नाटक के चन्नापटना तालुक के हरिसंद्रा गांव के रहने वाले थे। वह येलहंका के कोगिलु इलाके के पास रहते थे। उनकी शादी करीब 3 साल पहले विमर्शनी से हुई थी। चरण येलहंका न्यू टाउन में ‘धानी प्रॉपर्टीज’ नाम से रियल एस्टेट फर्म चलाते थे। उनका कारोबार बेंगलुरु के अलावा रामनगर और चन्नापटना तक फैला हुआ था।
जमीन के विवाद में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि चरण गौड़ा का येलहंका इलाके में जमीन और प्लॉट की खरीद-बिक्री को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसी वजह से पुलिस पुरानी रंजिश और सुपारी देकर हत्या कराने, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। जांच अधिकारी चरण के कारोबारी लेन-देन, प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों और उनके करीबियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे किसी पुरानी दुश्मनी का हाथ है या फिर किसी ने पैसे देकर उनकी हत्या करवाई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही येलहंका न्यू टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए येलहंका सरकारी अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों हमलावरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। बता दें कि हाल ही में बिहार के नवगछिया में बदमाशों ने एक चाय दुकानदार और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
ये भी पढ़ें: गहनों के लालच में 9 साल की बच्ची की हत्या, पड़ोसी के घर चौकी के नीचे मिला शव; 15 साल की किशोरी हिरासत में
SOURCE : INDIATV NEWS




