Home Latest news ताज़ा खबर CCTV: ज्वैलरी शॉप के मालिक को बदमाश ने दिखाई पिस्टल लेकिन दांव...

CCTV: ज्वैलरी शॉप के मालिक को बदमाश ने दिखाई पिस्टल लेकिन दांव पड़ा उलटा, हिम्मत की दाद दे रहे लोग

3
0

Source :- INDIATV NEWS

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं के सिंघाना कस्बे के मुख्य बाजार में शुक्रवार शाम ज्वेलर्स की दुकान पर लूट के प्रयास से हड़कंप मच गया। बाइक पर सवार होकर हेलमेट लगाए एक बदमाश पिस्टल लेकर दुकान में घुसा और दुकानदार को डराकर सोने की बालियां लूटने का प्रयास किया। हालांकि दुकानदार ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और बदमाश के हाथ से बालियों का डिब्बा छीन लिया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सिंघाना के मुख्य बाजार में आईसीआईसीआई बैंक के सामने स्थित बंशीधर सुशील कुमार ज्वेलर्स की दुकान पर शाम करीब 6 बजकर 4 मिनट पर बाइक सवार एक व्यक्ति पहुंचा। बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। दुकान में दाखिल होने के बाद उसने दुकानदार सुशील से कान की बालियां दिखाने के लिए कहा।

दुकानदार ने ग्राहक समझकर डिब्बे से सोने की बालियां निकालकर उसे दिखाईं। बदमाश ने बालियों की जोड़ी की कीमत पूछी। जैसे ही दुकानदार कीमत बताने लगा, बदमाश ने अपने बैग से पिस्टल निकाल ली। पिस्टल दिखाकर दुकानदार को डराने के साथ ही उसने दूसरे हाथ से बालियों का डिब्बा उठाया और अपने बैग में डालने लगा।

इसी दौरान दुकानदार सुशील ने साहस दिखाते हुए बदमाश का विरोध किया और उसके हाथ से बालियों का डिब्बा छीन लिया। दुकानदार की हिम्मत देखकर बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया।

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। 

घटना की सूचना मिलने पर सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाश की पहचान और उसकी तलाश शुरू कर दी है। बाइक और बदमाश के हुलिए के आधार पर भी पुलिस सुराग जुटा रही है।

पिस्टल लेकर ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर लूट का प्रयास किए जाने की घटना से बाजार के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। (रिपोर्ट- झुंझुनूं से अमित शर्मा)

इससे पहले बालोतरा में क्रूड ऑयल चोरी हुआ था। ये मामला भी काफी चर्चा में रहा था।

ये भी पढ़ें- 

चोरी करनी है लेकिन भगवान का डर भी! चोर ने मंदिर में प्रणाम किया और चुरा ले गया 1.5 KG का चांदी का छत्र-सिंहासन

SOURCE : INDIATV NEWS