Source :- LIVE HINDUSTAN
हेल्दी ब्रेकफास्ट में प्रोटीन की मात्रा अच्छी होना बहुत जरूरी है। यहां हम 7 ब्रेकफास्ट ऑप्शन बता रहे हैं जो फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्या से परेशान लोगों के लिए बेस्ट हैं।
फैटी लिवर और कोलेस्ट्रॉल ये दोनों ही समस्या काफी कॉमन हैं। इन दोनों समस्याओं में वजन धीरे-धीरे कम होना, रोजाना व्यायाम, कम चीनी या रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट वाला खाना और संतुलित खाना मददगार हो सकते हैं। इन दोनों समस्याओं के होने पर अगर नजरअंदाज कर दिया जाए और लापरवाही बरती जाए तो दिक्कत बड़ी हो सकती है। ये दोनों ही समस्या खानपान से जुड़ी है ऐसे में इन्हें ठीक करने के लिए खानपान पर ही सही ध्यान देना जरूरी है। यहां हम ब्रेकफास्ट के 7 हेल्दी ऑप्शन बता रहे हैं जो इन दोनों समस्याओं से परेशान लोगों को अपनी डायट में शामिल करने चाहिए। ये ऑप्शन्स हेल्दी हैं और घर पर आसानी से तैयार भी हो सकते हैं।
हाई कोलेस्ट्रॉल और फैटी लिवर वालों के लिए 7 बेस्ट ऑप्शन
1) वेजिटेबल ओट्स उपमा
ओट्स सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होते हैं। इसमें बीटा-ग्लूकान की अच्छी मात्रा होती है जो कोलेस्ट्रॉल में फायदेमंद होती है।ओट्स को वैसे तो दूध, दही और फलों के साथ खा सकते हैं। लेकिन अगर आपको नमकीन चीजें पसंद हैं तो आप इसे नाश्ते में खूब सारी सब्जियां डालकर बनाएं। इसमें पनीर मिला लें ताकी स्वाद अच्छा होने के साथ ही ये प्रोटीन से भरपूर हो जाए।
2) मूंग दाल चीला
मूंग दाल प्रोटीन से भरपूर होती है इसलिए इसे सुबह के नाश्ते में खाना सबसे अच्छा है। दाल से आप चीला बना सकते हैं। इसे हेल्दी बनाने के लिए चीला के बैटर में पालक, प्याज, टमाटर जैसी सब्जियां भी मिला दें। आप चीला की फिलिंग पनीर से बनाएं। इसे चटनी या लो-फैट दही के साथ सर्व कर सकते हैं। ये ब्रेकफास्ट ऑप्शन स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहतरीन है।
3) वेजिटेबल दलिया
वेजिटेबल दलिया भी नाश्ते में खाने के लिए काफी अच्छा ऑप्शन है। दलिया में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, इसे प्रोटीन रिच बनाने के लिए आप इसमें दाल मिला सकते हैं। इसके अलावा बींस, गाजर, चुकंदर, पनीर, शिमला मिर्च जैसी सब्जियां इसके स्वाद और पोषक तत्वों को बढ़ा सकती हैं।
4) इडली सांभर
ब्रेकफास्ट के लिए इडली सांभर अच्छा ऑप्शन है। 2 से 3 छोटी इडली को दाल और सब्जियों के साथ बने सांभर के साथ सर्व किया जा सकता है। इसके अलावा नारियल की चटनी भी इसके स्वाद को बढ़ाएगी। बस सांभर कम मसाले वाला बनाएं।
5) बेसन चीला
नाश्ते में खाने के लिए ये सबसे बेहतरीन ऑप्शन है। बेसन के बैटर में खूब सारी सब्जियां और कद्दूकस किया हुआ पनीर मिलाएं। इसे लो फैट दही के साथ खाएं। बेसन का चीला स्वाद में अच्छा होता है और फिलिंग भी होता है।
6) रागी डोसा
रागी का डोसा कम तेल में बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसे नारियल या फिर हरे धनिया की चटनी के साथ सर्व करें। इसमें पनीर,चुकंदर, गाजर की एक फिलिंग बनाकर लगाएं। चाहें तो अनार भी डाले जा सकते हैं।
7) स्प्राउट्स या चना चाट
मूंग स्प्राउट्स में उबला चना, टमाटर, खीरा, प्याज और नींबू का रस मिलाकर एक टेस्टी चाट बनाई जा सकती है। ये काफी हेल्दी होती है और सुबह के नाश्ते के लिए बेहतरीन ऑप्शन है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

