Home rss world hindi भड़केगी जंग या दुनिया में आएगी… पहली बार मिलने जा रहे ट्रंप-पुतिन...

भड़केगी जंग या दुनिया में आएगी… पहली बार मिलने जा रहे ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग, क्या मायने?

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इस बैठक में परमाणु हथियारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। व्हाइट हाउस ने पिछले सप्ताह बताया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मुलाकात के दौरान परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और निरस्त्रीकरण पर चर्चा करेंगे।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस सप्ताह गुरुवार को चीन के शेनझेन शहर में एक साथ बैठक करेंगे। तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की यह पहली आमने-सामने वाली त्रिपक्षीय मुलाकात होगी। चीन ने इसे बेहद अहम बताते हुए कहा कि इसका वैश्विक शांति और स्थिरता पर बड़ा असर पड़ सकता है। चीनी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि यह बैठक अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से ऐतिहासिक कदम साबित होगी। इसके जरिए दुनिया की तीन बड़ी शक्तियां आपसी संबंधों को बेहतर बनाने और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने पर चर्चा करेंगी। यह बैठक इसी सप्ताह चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEK) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को बीजिंग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस बैठक की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चीन, अमेरिका और रूस के राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह पहली सीधी मुलाकात होगी। तीनों नेता विश्व शांति बनाए रखने और प्रमुख शक्तियों के बीच रणनीतिक स्थिरता कायम करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में इन तीनों देशों की जिम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका के बीच बेहतर संवाद, मतभेदों पर चर्चा और आपसी संबंधों को स्थिर करना तीनों देशों के हित में है। इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की उम्मीदें भी पूरी होंगी और वैश्विक हालात को स्थिर बनाने में मदद मिलेगी।

क्या परमाणु हथियारों के मुद्दे पर होगी चर्चा?

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में परमाणु हथियारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। व्हाइट हाउस ने पिछले सप्ताह बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप इस मुलाकात के दौरान परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और निरस्त्रीकरण की दिशा में प्रयासों पर चर्चा करेंगे। हालांकि, चीन अब तक अमेरिका और रूस के साथ परमाणु हथियारों को लेकर बातचीत करने से इनकार करता रहा है। चीन का कहना है कि अमेरिका और रूस के पास परमाणु हथियारों का सबसे बड़ा भंडार है, इसलिए इस मुद्दे पर दोनों देशों को सीधे बातचीत करनी चाहिए।

बीजिंग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि गुरुवार को होने वाली त्रिपक्षीय बैठक के एजेंडे में कौन-कौन से मुद्दे शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने भी बातचीत के दौरान बैठक के विस्तृत एजेंडे का खुलासा नहीं किया। ऐसे में परमाणु निरस्त्रीकरण पर तीनों नेताओं के बीच किस स्तर पर चर्चा होगी, यह अभी साफ नहीं है।

दुनिया के लिए इस बैठक के क्या मायने

गौरतलब है कि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया की सबसे प्रभावशाली शक्तियों में शामिल हैं। इनके बीच होने वाले फैसलों का असर अंतरराष्ट्रीय राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ता है। चीन ने उम्मीद जताई है कि तीनों नेताओं के बीच सीधा संवाद आपसी मतभेदों को कम करने और सहयोग के नए रास्ते खोलने में मदद करेगा। हालांकि, चीन ने बैठक से जुड़ी किसी ठोस घोषणा या संभावित समझौते की जानकारी नहीं दी है। खास तौर पर परमाणु हथियारों के मुद्दे पर चीन का रुख अमेरिका और रूस से अलग रहा है। ऐसे में गुरुवार को शेनझेन में होने वाली इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। संयुक्त राष्ट्र ने भी साफ कर दिया है कि परमाणु जोखिम कम करने की दिशा में कोई ठोस पहल होती है तो वह उसके साथ खड़ा रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN