Source :- LIVE HINDUSTAN
बच्चे हों या बड़े, भिंडी की सब्जी हर किसी को पसंद आती है। खासकर इसकी मसालेदार सूखी सब्जी के साथ पराठे खाने का तो मजा ही कुछ और होता है। भिंडी की रेसिपी हर किसी की अलग होती है, लेकिन एक प्रॉब्लम हर किसी को फेस करनी पड़ती है, वो है भिंडी का चिपचिपापन। भिंडी में एक चिपचिपा पदार्थ होता है, जिसकी वजह से सब्जी कई बार लिसलिसी सी बनती है। इसके लिए बहुत से लोग नींबू या अमचूर पाउडर डालते तो हैं, लेकिन फिर भी सब्जी में हल्का चिपचिपापन बना रहता है। ऐसे में भिंडी काटने से पहले अगर आप ये काम कर लें तो बिना कुछ एक्स्ट्रा डाले, भिंडी खिली-खिली बनती है और उसमें बिल्कुल भी चिपचिपापन नहीं होता।
भिंडी पहले धोएं, फिर अच्छी तरह सुखाएं
भिंडी को नॉन स्टिकी बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि इसे पहले अच्छे से वॉश किया जाए। एक से दो बार भिंडी को साफ पानी की मदद से धो लें, ताकि इसपर जमा सारी धूल-मिट्टी निकल जाए। इसके बाद हर भिंडी को किचन टॉवल की मदद से अच्छी तरह पोंछ लें, ताकि थोड़ी सी भी नमी ना रहे। भिंडी पूरी तरह सूखने के बाद उन्हें अपने मनचाहे आकार में काट लें।
कुछ देर के लिए सूखने रख सकते हैं भिंडी
सब्जी बनाने से पहले कुछ देर के लिए आप भिंडी को सुखाने के लिए रख सकते हैं। इसके लिए लिए बड़ी प्लेट या सूखे कपड़े पर भिंडी को इस तरह फैलाकर रखें कि टुकड़े एक दूसरे के ऊपर ना हों। ऐसा करने से भिंडी में मौजूद अतिरिक्त नमी भी खत्म हो जाती है, जिससे सब्जी बनाने के बाद इसका टेक्चर काफी अच्छा आता है। आप सब्जी बनाने से पहले 15-20 मिनट के लिए भिंडी को इस तरह सूखने के लिए रख सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


