Home rss world hindi वेस्ट बैंक में फिर भड़की हिंसा: अमेरिकी पत्रकार और यूरोपीय राजनयिक पर...

वेस्ट बैंक में फिर भड़की हिंसा: अमेरिकी पत्रकार और यूरोपीय राजनयिक पर हमला, इजरायलियों पर आरोप

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायली कब्जे वाले वेस्ट बैंक में तनाव लगातार बढ़ रहा है। खबर है कि इजरायली बसने वालों ने एक अमेरिकी फोटो जर्नलिस्ट और कई यूरोपीय राजनयिकों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायली बसने वालों (सेटलर्स) ने अमेरिकी फोटो जर्नलिस्ट हेइडी लेविन और फ्रांस, बेल्जियम व पोलैंड के कई राजनयिकों पर हमला कर दिया। ये घटनाएं जैतून की फसल के मौसम में हुई हैं, जब आमतौर पर बसने वालों और फिलिस्तीनी किसानों के बीच झड़पें बढ़ जाती हैं। दूसरी ओर ट्रंप प्रशासन ने हमले की तस्वीरें देखकर चिंता जताई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वे इन घटनाओं से परेशान हैं और इजरायली सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अमेरिकी पत्रकार पर हमला

वाशिंगटन पोस्ट की फोटो जर्नलिस्ट हेइडी लेविन पर इजरायली बसने वालों ने हमला किया। ट्रंप प्रशासन ने हमले की तस्वीरें देखकर चिंता जताई। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वे इन तस्वीरों से बहुत परेशान हैं। उन्होंने इजरायली सरकार से कहा है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करे। वाशिंगटन पोस्ट के संपादक मैट मरे ने बताया कि हमला शुक्रवार सुबह हुआ। लेविन पर साफ लिखा था कि वे प्रेस की हैं, फिर भी उन पर हमला किया गया और उन्हें बुरी तरह पीटा गया। मरे ने कहा कि यह कोई मजाक नहीं है। उन्होंने पूरी जांच और सजा की मांग की।

दसरी ओर अमेरिका के इजरायल में राजदूत माइक हकाबी ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि एक महिला फोटोग्राफर पर नकाब पहनकर हमला करना कायरता है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमे की मांग की। इससे पहले भी AFP के फोटोग्राफर जाफर अश्तियाह पर हमला हो चुका है। वे जैतून की फसल से जुड़ी खबर कवर कर रहे थे। बसने वालों ने उनका कैमरा छीन लिया और उनकी कई पसलियां तोड़ दीं।

यूरोपीय राजनयिकों और फ्रांसीसी मेयर पर हमला

एक और घटना में फ्रांस, बेल्जियम और पोलैंड के राजनयिकों तथा फ्रांस के एक मेयर पर तैबेह गांव में इजरायली बसने वालों ने हमला किया। 78 साल के फ्रांसीसी मेयर ने बताया कि वे फिलिस्तीनी किसानों के साथ जैतून की फसल देखने गए थे। नकाबपोश लोगों ने फ्रांस के खिलाफ गाली दी और उन्हें लात तथा लोहे की सलाखों से मारा। मेयर ने कहा कि ऐसा लगता है कि इजरायली सरकार इस हिंसा को रोक नहीं रही। फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि इजरायली अधिकारी दोषियों को गिरफ्तार करें और सजा दें। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना इजरायल की जिम्मेदारी है।

हिंसा बढ़ने का कारण

दरअसल, जैतून की फसल के मौसम में बसने वालों की हिंसा बढ़ जाती है। कई लोग कहते हैं कि अधिकारी इसे रोकने में ढिलाई कर रहे हैं। यह हिंसा इजरायल में चुनाव से पहले बढ़ी है। इजरायली विदेश मंत्रालय ने हमलों की निंदा की है और पुलिस ने जांच शुरू करने का वादा किया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि बसने वालों को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि राजनयिकों को इजरायली सेना के साथ अपनी यात्रा की जानकारी देनी चाहिए थी। नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि जैतून की फसल के दौरान यहूदी निवासियों को गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN