Source :- LIVE HINDUSTAN
DA Hike: सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता बढ़ने (DA) का बेसब्री से इंतजार है। जुलाई में केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को जल्द खुशखबरी मिल सकती है। सरकारी कर्मचारियों को जुलाई 2026 से मिलने वाला महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। अगर ऐसा होता है तो डीए 60 फीसदी से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। डीए कितना बढ़ेगा इसका फैसला जून 2026 के ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़े आने के बाद ही तय होगा।
कैसे तय होता है महंगाई भत्ता?
जुलाई-दिसंबर 2026 पीरियड के लिए डीए कैलकुलेशन जुलाई 2025 से जून 2026 तक 12 महीने के AICPI-IW डेटा के आधार पर तय किया जाता है। अनुमान है कि अगर जून 2026 का इंडेक्स 151 के आसपास रहता है, तो कैलकुलेशन के अनुसार DA लगभग 63.7 प्रतिशत होगा। सरकार DA को पूरे अंक में लागू करती है, इसलिए इसे 63 प्रतिशत किया जा सकता है। यानी कर्मचारियों को 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी मिल सकती है। फिलहाल सभी की नजर जून 2026 के AICPI-IW आंकड़ों पर है। इनके जारी होने के बाद ही यह साफ होगा कि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई से कितना महंगाई भत्ता मिलेगा।
लेबर एंड इम्पलॉयमेंट मिनिस्ट्री ने मई 2026 का AICPI-IW इंडेक्स जारी कर दिया है। मई में यह 150.8 है। यह अप्रैल के 149.9 से 0.9 प्वाइंट अधिक है। यही इंडेक्स सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलने वाले महंगाई भत्ते और महंगाई राहत (DR) के कैलकुलेशन के लिए बेस के तौर लिया जाता है। सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में डीए की समीक्षा करती है।
साल में दो बार बढ़ता है महंगाई भत्ता
केंद्रीय कर्मचारियों का डीए साल में दो बार 1 जनवरी और 1 जुलाई को बढ़ाया जाता है। सरकार ने 1 जनवरी को बढ़ाए जाने वाले डीए का ऐलान मार्च के अंत में किया था। अगर बीते सालों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सरकार ने जुलाई में बढ़ने वाले डीए का ऐलान त्योहारों से पहले सितंबर या अक्टूबर में किया है। हालांकि, सरकार डीए बढ़ाने का ऐलान कभी भी करे लेकिन इसे लागू 1 जनवरी और 1 जुलाई से ही माना जाता है। सरकार के ऐलान करने बाद महंगाई भत्ता कर्मचारियों को डीए एरियर साथ दिया जाता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




