Home rss business hindi सोने में बड़ी गिरावट: 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा भाव;...

सोने में बड़ी गिरावट: 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा भाव; ये हैं गिरावट के 3 कारण

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Gold Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,880 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है
  • MCX पर गुरुवार रात सोने का भाव करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बंद हुआ था
  • जबकि, सर्राफा बाजार में करीब 3000 रुपये सस्ता होकर 137692 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था

अमेरिका में महंगाई के लगातार बने रहने और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका से सोने की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,880 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत करीब 3 फीसदी टूट गई थी और सोना 13 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया था।

MCX पर गुरुवार रात सोने का भाव करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमत 178848 रुपये प्रति किलो रह गई है। जहां तक सर्राफा बाजार की बात करें तो गुरुवार को करीब 3000 रुपये सस्ता होकर 137692 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, चांदी 4860 रुपये टूटकर 181040 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

क्यों गिर रहे सोने-चांदी के दाम

अमेरिका में महंगाई: सोने की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका में महंगाई के उम्मीद से ज्यादा आंकड़े आना है। इसके बाद निवेशकों को लगने लगा है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी कर सकता है। इसका असर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर भी दिखा। गुरुवार को कुछ अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में 12 बेसिस पॉइंट से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।

अगले महीने ब्याज दरें बढ़ा सकता है फेड: ब्लूमबर्ग के मुताबिक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों ने भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका को मजबूत किया है। शिकागो फेड के चेयरमैन ऑस्टन गूल्सबी ने कहा कि अर्थव्यवस्था में जरूरत से ज्यादा तेजी आने से पहले महंगाई पर काबू पाना जरूरी है। वहीं, सैन फ्रांसिस्को फेड की अध्यक्ष मैरी डेली ने भी कहा कि महंगाई को कंट्रोल करने के लिए ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है।

बाजार में अब अगले महीने फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरें 0.25 फीसदी बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है। कुछ निवेशक 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की आशंका भी देख रहे हैं। माना जा रहा है कि दिसंबर के बाद भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रह सकती है।

ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से सोने पर दबाव आता है, क्योंकि सोने में निवेश करने पर कोई ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में जब बॉन्ड जैसे विकल्पों पर रिटर्न बढ़ता है तो निवेशक सोने से दूरी बनाने लगते हैं।

ईरान के साथ तनाव से कच्चा तेल भी महंगा: दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका को ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं है और सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है। इस बयान के बाद ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से दुनिया भर में महंगाई बढ़ने की आशंका है। इससे केंद्रीय बैंकों पर ब्याज दरें ऊंची बनाए रखने का दबाव बढ़ सकता है। यही वजह है कि सोने की कीमतों में फिलहाल दबाव बना हुआ है।

शुक्रवार को सोने-चांदी में मामूली रिकवरी

हालांकि, शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.1 फीसदी की तेजी के साथ 3,881.02 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 0.2 फीसदी बढ़कर 50.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN