Home National news hindi अंडर 19 एशिया कप : जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न...

अंडर 19 एशिया कप : जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न के तरीक़े पर पाकिस्तान तक बहस, क्या है वजह?

3
0

Source :- BBC INDIA

भारत और पाकिस्तान अंडर 19

पढ़ने का समय: 7 मिनट

ओमान में खेले गए अंडर 19 एशिया कप के फ़ाइनल में जीत के बाद भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सोशल मीडिया पर काफ़ी बहस हो रही है.

कुछ लोग भारतीय टीम के खिलाड़ियों का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि खेल के मैदान में इस तरह के जश्न से बचना चाहिए.

ख़ासकर पाकिस्तान के क्रिकेट फ़ैंस, पूर्व क्रिकेटर और एक्सपर्ट भारतीय टीम के जश्न मनाने के तरीक़े पर सवाल खड़े कर रहे हैं.

दरअसल, भारतीय टीम के युवा प्लेयर्स ने जीत के बाद काफ़ी आक्रामक अंदाज़ में जश्न मनाया. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने जाकर जश्न मनाते देखे गए.

इस दौरान भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ़ खिलाड़ियों को शांत कराते और उन्हें ग्राउंड से बाहर की ओर ले जाते दिखे. कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान की टीम की ओर इशारेबाज़ी करते हुए भी नज़र आए.

बीसीसीआई ने क्या कहा

 देवजीत सैकिया

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी इस मामले पर बयान जारी किया है.

बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने भारतीय टीम का समर्थन किया है. उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “यह भारतीय टीम का भाव और उनकी फ़ाइटिंग स्प्रिट दिखता है.”

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “कड़ा मुक़ाबला हुआ, यह मैच भारत के हाथ में नहीं था. अगर आप देखेंगे तो 280 के आसपास आठ विकेट गिर गए थे और गेंद भी काफ़ी कम बची थीं. उस स्थिति से भारत की टीम जीती है, इससे लगता है कि भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है.”

ऊनहोने कहा, “ऐसे मुश्किल मैच में जब वह जीते हैं तो उसके बाद थोड़ा जश्न मनाना बनता है और इसके लिए सबको मंज़ूरी देनी होगी. वो लोग जिस तरह से जीते हैं तो मुझे लगता है कि उनका जश्न जायज़ है.”

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर को भारतीय खिलाड़ियों की सलाह

भारत और पाकिस्तान अंडर 19

शनिवार को अंडर 19 एशिया के फ़ाइनल मुक़ाबले में मैच का फ़ैसला आख़िरी गेंद पर हुआ. भारत ने यह मैच एक विकेट से जीता.

हालांकि मैच में एक वक़्त ऐसा आया था, जब लगा था कि टीम इंडिया के हाथ से मैच निकल गया है.

लेकिन टीम के लोअर ऑर्डर के बैटर्स ने उम्मीद बनाए रखी और अंत में टीम इंडिया चैंपियन बनी.

भारतीय टीम के इस तरह जश्न मनाने पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने आलोचना की है.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने एक्स पर लिखा, “टूर्नामेंट जीतने के लिए भारत को बधाई और शानदार प्रदर्शन के साथ पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान अंडर-19 टीम को भी श्रेय जाता है. हालांकि, जीत का जश्न ख़ुशी के साथ मनाया जाना चाहिए, न कि आक्रामकता दिखाकर या बेवजह दुश्मनी बढ़ाकर. ये युवा खिलाड़ी हैं और उन्हें यह सिखाना ज़रूरी है कि खेल की भावना जीत और हार से कहीं बढ़कर होती है.”

उन्होंने आगे लिखा, “दुर्भाग्य से, सीनियर खिलाड़ियों ने कुछ ऐसी परंपराओं को आगे बढ़ाया है, जिन्हें बदलने की ज़रूरत है. अब समय आ गया है कि हम ख़ुद को बदलें, विरोधी टीम का सम्मान करें और खेल भावना को अपनाएं. गर्व के साथ जीतें, पूरे जोश के साथ मुक़ाबला करें, लेकिन हमेशा खेल का सम्मान करें.”

शोएब अख़्तर

पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने एक प्रोग्राम में कहा, “भारत को बधाई. उन्होंने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला. लेकिन एक बात करूंगा कि हमें केवल क्रिकेट नहीं खेलनी है, हमें वैल्यूज़ के साथ भी चलना है. आज भी मैं सचिन के बारे में अच्छा बोलता हूं. आज भी मैं उन्हें दुनिया का नंबर एक बल्लेबाज़ मानता हूं. सहवाग, सौरव हम सब एक दूसरे के साथ खेले हैं. हम सब अच्छे दोस्त हैं. हमने कभी एक-दूसरे के ख़िलाफ़ ऐसे रिएक्ट नहीं किया.”

शोएब अख़्तर ने सलाह देते हुए कहा, “मैं मानता हूं कि वे युवा हैं. लेकिन हमें अपने बच्चों को वैल्यूज़ भी सिखानी है. पिछले मैच में भारतीय टीम के कप्तान ने कहा था कि वे हमसे अच्छा खेले, वे हमसे अच्छी टीम हैं. ये वैल्यूज़ सुनकर कितना मज़ा आया. मेरा भारतीय खिलाड़ियों को यही संदेश है, आक्रामकता ज़रूर दिखाओ. बहुत अच्छा लगा यह देखकर, लेकिन इसी के साथ मैं कहना चाहूंगा कि पाकिस्तान बेहतर टीम थी, पूरे टूर्नामेंट में वे अच्छा खेले.”

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “एशिया कप अंडर 19 का समापन हो गया है और हमेशा की तरह दबाव के समय भारत ने पाकिस्तान को मात दी. यह दोनों टीमों और उन खिलाड़ियों के लिए सीखने का एक शानदार मंच था, जिनमें भविष्य के स्टार बनने की क्षमता है.”

“मैं एक बात कहना चाहूंगा कि जब आप खेल खेलते हैं या किसी भी स्तर पर मुक़ाबला करते हैं, तो आप सिर्फ़ अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे होते हैं. वास्तव में, आप अपनी परवरिश, अपने मूल्यों और उन संस्कारों का भी प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं, जो आपके माता-पिता ने बचपन में आपको सिखाए हैं.”

“इसलिए जीत हो या हार, हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करें और संयम बनाए रखें. सच्ची खेल भावना इस बात से झलकती है कि नतीजा चाहे जो भी हो, मैदान पर और मैदान के बाहर आप कैसा व्यवहार करते हैं.”

एक्स पर फ़ख़्र नाम के एक यूज़र ने लिखा, “एक बार फिर दुनिया के सबसे पक्षपाती और शर्मनाक देश ने क्रिकेट जैसे जेंटलमैन गेम की भावना को ठेस पहुंचाई है. भारत ने रोमांचक मुक़ाबले में अंडर-19 एशिया कप का फ़ाइनल सिर्फ़ एक विकेट से जीता. हां, जीत बहुत मायने रखती है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का तरीक़ा पूरी तरह अस्वीकार्य है.”

भारत में क्या कह रहे हैं लोग

भारतीय टीम

भारत की अंडर-19 टीम के खिलाड़ी मोहित उल्वा ने इस मामले पर कहा कि जो भी रिएक्शन निकला, वह नेचुरल था, उन्होंने किसी को जताने या दिखाने के लिए नहीं किया.

मोहित ने कहा, “ऐसा होना नेचुरल है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान का मैच था, फ़ाइनल था. उन्होंने पहले हमें एक मैच हराया और उन्होंने जो किया, उसको हमने अपने ऊपर नहीं लिया. उन्होंने तब अपनी जीत सेलिब्रेट की, हमें मतलब नहीं था कि वो क्या कर रहे हैं. हमने भी वैसा ही किया और अपनी जीत का जश्न मना रहे थे, उसमें एग्रेसन और इमोशन सब शामिल होता है. हमने उनको दिखाने या जताने के लिए नहीं किया.”

भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, “अगर भारतीय क्रिकेट टीम मैदान पर अपना ‘आक्रामक रवैया’ दिखाना चाहती है, तो उसे अब अपनी बराबरी की टीमों के खिलाड़ियों को चुनना चाहिए. पाकिस्तान अब एक कमजोर और आसान निशाना बन गया है. मेरा सुझाव है कि ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ़्रीका, न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड…”

भारतीय टीम की ऐसी प्रतिक्रिया पर कांग्रेस पार्टी से जुड़ी श्वेता सोनी नाम की एक यूज़र ने लिखा, “भारत और पाकिस्तान भले ही एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हों और क्रिकेट में मुक़ाबला बेहद कड़ा हो, लेकिन यह इस तरह के अभद्र, घटिया और बेहद घिनौने व्यवहार का कोई बहाना नहीं हो सकता. वहां जो व्यवहार देखने को मिला, वह उस नेतृत्व की संस्कृति को दर्शाता है, जिसे इस देश ने सामान्य बना लिया है.”

“यह क्रिकेट मैच है, युद्ध नहीं. थोड़ी गरिमा रखिए. थोड़ा शालीन व्यवहार कीजिए. भारत का प्रतिनिधित्व गर्व के साथ कीजिए, शर्मिंदगी के साथ नहीं. किसी देश की खेल संस्कृति सिर्फ़ इस बात से नहीं झलकती कि उसके खिलाड़ी कैसे जीतते हैं, बल्कि इस बात से भी झलकती है कि वे हारने वालों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं.”

हालांकि कई लोगों ने टीम इंडिया के जश्न के तरीक़े का समर्थन भी किया है.

पत्रकार अभिजीत मजूमदार ने एक्स पर लिखा, “भारत की अंडर-19 टीम ने जीत के बाद पाकिस्तान को उसी अंदाज़ में जवाब दिया. चाहे जंग का मैदान हो या क्रिकेट का मैदान, भारत दस गुना ज़्यादा ताक़त से जवाब देगा. अपने युवा खिलाड़ियों के इस खुले आक्रामक तेवर पर गर्व है.”

मुक्कू नाम के एक यूज़र ने लिखा, “पाकिस्तान ने लीग मैच में भारत को हराने के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम के सामने बेवजह आक्रामकता दिखाई थी. अब भारतीय टीम ने फ़ाइनल मुक़ाबला जीतने के बाद वही किया.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS