Home National news hindi कॉपर वायर अपग्रेडेशन, जिसकी वजह से पूरे अमेरिका में हज़ारों उड़ानें ठप...

कॉपर वायर अपग्रेडेशन, जिसकी वजह से पूरे अमेरिका में हज़ारों उड़ानें ठप हो गईं

5
0

Source :- BBC INDIA

लॉस एंजेलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफ़ी ने कहा है कि शुक्रवार को जिस वजह से पूरे अमेरिका में उड़ानें ठप हो गई थीं, उसके पीछे तांबे के तार के अपग्रेडेशन से आई तकनीकी समस्या थी.

चार घंटे से अधिक समय तक अमेरिका में सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी और इस दौरान हज़ारों उड़ानें रद्द हुईं और यात्रा में अफरा-तफरी मच गई.

सीन डफ़ी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि सरकार यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शुक्रवार को एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर्स की ओर से उड़ान निलंबित करने की समस्या क्या ख़राब उपकरणों की वजह से आई.

हालांकि शुक्रवार शाम को ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया था, लेकिन शनिवार को हवाई यात्रा पर इसका असर पड़ा क्योंकि एयरलाइंस लंबित उड़ानों को क्लीयर करने से जूझती रहीं.

डफ़ी समेत अधिकारियों ने पहले इस समस्या का कारण पुराने उपकरणों को बताया था.

डफ़ी ने बताया कि अमेरिकी एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल प्रणालियों पर रखरखाव का काम एल3हैरिस नामक एक कॉन्ट्रैक्टर द्वारा किया जा रहा था, जो एक टेक्नोलॉजी सर्विस कंपनी है.

असल में तांबे के तार से फ़ाइबर-ऑप्टिक केबल में बदलाव किए जाने की प्रक्रिया जारी थी.

उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास ‘एक अविश्वसनीय रूप से पुरानी दूरसंचार प्रणाली’ थी, “यह इतनी पुरानी प्रणाली थी कि इसे बंद किया जा रहा था.”

चार घंटे तक लगी रही रोक

न्यूयॉर्क का जॉन एफ़ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

परिवहन मंत्री ने बताया कि जिस राउटर पर काम चल रहा था, उसने अन्य हवाई यातायात नियंत्रण प्रणालियों को ओवरलोड करना शुरू कर दिया था और विमानों के साथ संचार संबंधी समस्याएं पैदा कर दी थीं, जिसके कारण सुरक्षा कारणों से इसे बंद करना पड़ा.

सरकार अब यह समझने की कोशिश कर रही थी कि समस्या की जड़ तार बदलना था या राउटर में कोई ख़राबी थी.

भारतीय समयानुसार, शुक्रवार 1.24 बजे रात से शुरू हुआ चार घंटे का निलंबन, 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए हमलों के बाद से इस तरह की सबसे बड़ी घटना थी.

फ्लाइट ट्रैकिंग साइटों के आंकड़ों के अनुसार, इस दिन अमेरिका में 15 हज़ार से अधिक उड़ानें विलंबित या रद्द हुईं, जिससे अनुमानित 15 लाख यात्री प्रभावित हुए.

वहीं स्थानीय समय के मुताबिक़ शनिवार को 5,900 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और 7,000 उड़ानों में देर हुई.

कुछ मामलों में, यात्री विमान के अंदर ही फंसे रह गए, वे न तो उड़ान भर पाए और न ही वापस गेट पर लौट पाए.

इस रुकावट का असर दुनिया भर की उड़ानों के शेड्यूल पर भी पड़ा, जिसके चलते ब्रिटेन और यूरोप से कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं.

फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़एए) ने कहा कि रविवार के अंत तक अमेरिका में हवाई उड़ानों के सामान्य हो जाने की उम्मीद है.

9/11 के बाद सबसे बड़ी बाधा

वर्जीनिया के रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर यात्री

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या किसी दुर्भावनापूर्ण एआई एजेंट के कारण हुई है, हालांकि डफ़ी ने कहा कि इसके सटीक कारण की जांच चल रही है.

एफ़एए के प्रमुख ब्रायन बेडफ़ोर्ड ने उसी संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमें किसी भी प्रकार की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या एआई से संबंधित किसी भी चीज़ का कोई सबूत नहीं मिला है.”

एल3हैरिस ने शनिवार को कहा कि उसने शटडाउन से पहले अमेरिकी हवाई यातायात संचार बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए उसे सौंपे गए कामों का लगभग दो तिहाई हिस्सा पूरा हो गया है.

कंपनी ने कहा कि वह एफ़एए की जांच में सहयोग कर रही है, “एल3हैरिस देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप और यात्रियों, एयरलाइनों और हवाई यातायात संचालन पर इसके प्रभाव को गंभीरता से ले रही है.”

डफ़ी ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी कांग्रेस हवाई यातायात नियंत्रण बुनियादी ढांचे के अपग्रेडेशन को मंज़ूरी नहीं देती है तो इसी तरह की समस्या फिर से उत्पन्न हो सकती है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवीनीकरण के लिए 30.1 अरब डॉलर का अनुरोध किया है. वर्तमान में संसद के दोनों सदनों पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है.

डफ़ी ने पहले कहा था कि इस प्रणाली में सुधार की ज़रूरत है, जिस पर 50 अरब डॉलर की लागत आएगी.

पूर्व टीएसए प्रशासक जॉन पिस्टोले ने बीबीसी को बताया, “चार-साढ़े चार घंटे में इसे फिर से शुरू करने में सक्षम होना अच्छी खबर है – यह सिस्टम में लचीलापन दिखाता है – लेकिन कौन गारंटी दे सकता है कि यह कल नहीं होगा?”

11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद कई दिनों तक सभी उड़ानों के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से, राष्ट्रव्यापी रोक का आदेश केवल एक बार ही दिया गया है.

2023 में नोटिस टू एयर मिशन्स (नोटम) प्रणाली में ख़राबी के कारण एक घंटे और 52 मिनट तक विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया, जिससे लगभग 9,500 उड़ानों में देर हुई और लगभग 1,300 उड़ानें रद्द हो गईं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS