Source :- INDIATV NEWS

2027 में यूपी में विधानसभा चुनाव है, उससे पहले ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सियासी मैदान छोड़ दिया है। अयोध्या से सीएम योगी चुनाव लड़ने का चैलेंज देने वाले अखिलेश यादव ने वाराणसी में यूपी चुनाव 2027 का रण छोड़ दिया। दरअसल, वाराणसी पहुंचे अखिलेश यादव ने ऐलान कर दिया कि वो विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, सीधे मुख्यमंत्री बनेंगे। इसपर अब यूपी बीजेपी चीफ पंकज चौधरी ने तंज कसा है। पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश ने पहले चुनौती दी और बाद में अब भाग खड़े हुए।
पंकज चौधरी ने अखिलेश को कहा ‘रणछोड़’
पंकज चौधरी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर किए एक पोस्ट में लिखा, ‘रणछोड़ अखिलेश, पहले चुनौती दी, अब भाग खड़े हुए। अब क्या सीधे लोकसभा से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे? यह बिल्कुल वैसी ही बात है, जैसे बिना चुनाव के रिजीम चेंज। यही सपाइयों की सच्चाई है। जब सत्ता में थे, तब नोएडा जाने से डरते थे। अब चुनाव लड़ने से डर रहे हैं।’
अखिलेश ने बताई चुनाव लड़ने की वजह
गौरतलब है कि सपा मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी पहुंचे थे। यहां अखिलेश यादव न कहा कि वह 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे और सीधे सीएम पद की शपथ लेंगे। वाराणसी में जब पत्रकारों ने अखिलेश यादव से पूछा कि क्या वह अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब इलेक्शन नहीं लड़ते हैं। इसलिए वही करेंगे जो हमारे लिए शुभ है।’
MP रहते हुए लूंगा सीएम पद की शपथ- अखिलेश
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि 2012 में भी वह लोकसभा सदस्य रहते हुए सीधे मुख्यमंत्री बने थे। इस बार भी लोकसभा सदस्य रहते हुए ही वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि वाराणसी में सपा किस सीट से चुनाव लड़ेगी तो उन्होंने पत्रकार से कहा , ‘तुम सीट बताओ।’ उधर, मंत्री ओपी राजभर ने भी अखिलेश यादव को दो-दो हाथ करने की चुनौती दी है। ओपी राजभर ने कहा है कि अरे मित्र अखिलेश यादव! सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे। ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइए हो जाए दो-दो हाथ।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- “अखिलेश यादव की कोई राजनीतिक दिशा नहीं, सपा भाजपा की है ‘B’ टीम”, मायावती के भतीजे आकाश आनंद का बड़ा हमला
SOURCE : INDIATV NEWS




