Home - अब मेहमानों के सामने बिल और खाने की कीमत बताने की जरूरत...

अब मेहमानों के सामने बिल और खाने की कीमत बताने की जरूरत नहीं, Zomato ने पेश किया कमाल का फीचर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Zomato ने भारत में Host Mode फीचर लॉन्च किया है। इसकी मदद से मेहमानों से खाने की कीमत छिपाई जा सकती है। जानें यह फीचर कैसे काम करता है और इसे कैसे ऑन करें।

अगर आप घर पर दोस्तों या रिश्तेदारों को बुलाते हैं और उनके लिए Zomato से खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato ने भारत में एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसका नाम Host Mode है। इस फीचर की मदद से आप मेहमानों को अपने फोन से खाना चुनने दे सकते हैं, लेकिन उन्हें मेन्यू में किसी भी डिश की कीमत नहीं दिखाई देगी। यानी मेहमान अपनी पसंद का खाना चुन सकेंगे और पूरे ऑर्डर का बिल सिर्फ होस्ट देख पाएगा। कंपनी का कहना है कि इस फीचर को खास तौर पर उन मौकों के लिए तैयार किया गया है, जब कोई व्यक्ति दोस्तों या परिवार के लोगों को खाना खिलाना चाहता है। आइए जानते हैं यह फीचर कैसे काम करता है और इसे इस्तेमाल करने का तरीका क्या है।

एक यूजर ने दिया था इस फीचर का आइडिया

इस फीचर के पीछे एक यूजर का सुझाव भी है। Ayushmaan Agarwalla नाम के एक यूजर ने LinkedIn पर Zomato के को-फाउंडर Deepinder Goyal को टैग करते हुए इस तरह का फीचर बनाने की बात कही थी। उन्होंने इसे ‘Mehmaan Mode’ नाम देने का सुझाव दिया था। Deepinder Goyal ने इस सुझाव पर पॉजिटिव जवाब दिया था। अब कंपनी ने इसे Host Mode नाम से पेश किया है। Zomato के मुताबिक, यूजर के सुझाव के बाद इस फीचर को 72 घंटे के अंदर ऐप पर लाया गया।

Zomato पर Host Mode कैसे ऑन करें?

इस फीचर को इस्तेमाल करना काफी आसान है। Zomato ऐप में इसे ऑन करने के लिए आपको कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

Step 1: सबसे पहले अपने फोन में Zomato ऐप ओपन करें।

Step 2: ऐप की होम स्क्रीन पर Host Mode का ऑप्शन देखें। यह ऑप्शन रेस्टोरेंट के मेन्यू पेज पर भी मिल सकता है।

Step 3: आप चाहें तो Profile सेक्शन में जाकर Your Preferences के अंदर भी इसे सर्च कर सकते हैं।

Step 4: अब Host Mode के ऑप्शन पर टैप करें।

Step 5: इसके बाद Switch on Host Mode पर क्लिक करें।

Step 6: मोड ऑन होते ही मेन्यू और कार्ट में खाने की कीमतें छिप जाएंगी।

अब आप अपना फोन दोस्तों या परिवार के सदस्यों को दे सकते हैं। वे अपनी पसंद के रेस्टोरेंट और डिश चुनकर उन्हें कार्ट में जोड़ सकेंगे। इस दौरान उन्हें खाने के दाम नहीं दिखेंगे। ऐप में यह भी बताया जाएगा कि Host Mode ऑन है और सभी कीमतें छिपा दी गई हैं। जब सभी लोग अपनी पसंद का खाना कार्ट में जोड़ देंगे, तब होस्ट को ऐप में Exit host mode to review bill का ऑप्शन चुनना होगा।

इस ऑप्शन पर टैप करने के बाद ऐप फोन का सिक्योरिटी चेक करेगा। इसमें पासकोड, फिंगरप्रिंट या फेस लॉक जैसे तरीके से पहचान की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद ही होस्ट के सामने पूरे ऑर्डर का बिल खुलेगा। बिल में ऑर्डर की गई सभी डिश की कीमतें और मिलने वाली छूट या बचत की जानकारी दिखाई देगी। होस्ट इस बिल को देखने के बाद तय कर सकता है कि उसे ऑर्डर देना है या फिर कार्ट में बदलाव करना है। यानी मेहमानों को कीमतें नहीं दिखेंगी, लेकिन पैसे खर्च करने का फैसला होस्ट के हाथ में ही रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN