Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp Web पर अब Group Voice और Video Call करना बेहद आसान होने वाला है। जल्द WhatsApp Web से ग्रुप कॉल शुरू हो सकेगी वो भी बिना फोन के, जानिए इसके फायदे और किन बातों का रखना चाहिए ध्यान।

WhatsApp सबसे पॉपुलर मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में से एक है। करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल चैटिंग, फोटो-वीडियो शेयर करने और कॉलिंग के लिए करते हैं। पहले WhatsApp पर ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉलिंग का मजा सिर्फ मोबाइल ऐप पर ही लिया जा सकता था, लेकिन अब जल्द यूजर्स कंप्यूटर या लैपटॉप से भी यह काम आसानी से कर सकते हैं। अगर आप ऑफिस में काम कर रहे हैं, ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं या दोस्तों और परिवार के साथ बड़ी स्क्रीन पर बातचीत करना चाहते हैं, तो WhatsApp Web और WhatsApp Desktop आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। जल्द कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके आप अपने लैपटॉप या कंप्यूटर से सीधे ग्रुप कॉल शुरू कर सकते हैं। आइए जानते हैं क्या होगा WhatsApp Web और Desktop पर Group Voice और Video Call करने का पूरा तरीका।

WhatsApp Web Group Calling की सुविधा

WhatsApp अपने वेब प्लेटफॉर्म के लिए एक बड़े फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। कंपनी अब WhatsApp Web पर Group Voice और Video Calling सपोर्ट देने की तैयारी कर रही है। फिलहाल यूजर्स को ग्रुप कॉल शुरू करने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करना पड़ता है, लेकिन नया फीचर आने के बाद यह काम सीधे लैपटॉप या कंप्यूटर से किया जा सकेगा।

32 लोगों तक को कर सकेंगे कॉल

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp Web के लेटेस्ट बीटा वर्जन में कुछ यूजर्स को Group Voice और Video Calling फीचर दिखाई देने लगा है। इस फीचर के जरिए एक साथ अधिकतम 32 लोग कॉल में शामिल हो सकेंगे। यह सुविधा ऑफिस टीम, स्टडी ग्रुप और फैमिली ग्रुप्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

स्क्रीन शेयरिंग का भी मिलेगा सपोर्ट

WhatsApp Web पर आने वाला नया फीचर सिर्फ ग्रुप कॉलिंग तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें Screen Sharing का ऑप्शन भी मिलेगा। यानी यूजर्स कॉल के दौरान अपनी स्क्रीन दूसरों के साथ शेयर कर सकेंगे। इससे ऑनलाइन डिस्कशन, प्रेजेंटेशन और पढ़ाई से जुड़े काम आसान हो सकते हैं।

ऐसे कर सकेंगे Group Call

फीचर उपलब्ध होने के बाद यूजर को सिर्फ WhatsApp Web पर किसी ग्रुप चैट को ओपन करना होगा। इसके बाद कॉल बटन पर क्लिक करके Voice Call या Video Call का विकल्प चुनना होगा। खास बात यह है कि यूजर चाहें तो पूरे ग्रुप को कॉल करने की बजाय सिर्फ चुनिंदा सदस्यों को भी कॉल में शामिल कर सकेंगे।

Call Links की भी होगी सुविधा

WhatsApp Web पर Group Calling फीचर के साथ Call Links का सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है। इसकी मदद से यूजर एक लिंक बनाकर अन्य लोगों को कॉल में शामिल होने का निमंत्रण भेज सकेंगे। इससे बार-बार लोगों को मैन्युअली जोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। WhatsApp ने इस फीचर में भी End-to-End Encryption बनाए रखा है। यानी कॉल के दौरान होने वाली बातचीत सुरक्षित रहेगी और कोई तीसरा व्यक्ति उसे एक्सेस नहीं कर सकेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN