Source :- KHABAR INDIATV
भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां उन्होंने 13 नवंबर को पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला माउंट माउंगानुई के बे ओवल स्टेडियम में खेला और उसमें 244 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना किया। इस मैच में टीम इंडिया को 334 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए सिर्फ 89 के स्कोर पर पूरी पारी सिमट गई जिसमें 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हो सके जिसमें एक नाम विराट कोहली का भी शामिल है जो 4 गेंदों का सामना करने के बाद डक पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। कोहली पहली बार अपने वनडे करियर में न्यूजीलैंड में डक पर आउट हुए और इसी के साथ वह एक ऐसे खराब मामले में सचिन तेंदुलकर के बराबर पहुंच गए जिसमें वह इस रिकॉर्ड को अपने नाम नहीं करना चाहेंगे।
वनडे में सबसे ज्यादा डक में सचिन के बराबर पहुंचे कोहली
विराट कोहली का अभी तक वनडे फॉर्मेट में हर देश में बल्ले से शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसमें न्यूजीलैंड भी शामिल है और उन्होंने इस बार वनडे सीरीज का आगाज शानदार अर्धशतकीय पारी के साथ किया था। कोहली इसके बाद दूसरे वनडे में कुछ खास नहीं कर सके थे, जबकि तीसरा मुकाबला बारिश के चलते धुल गया था। वहीं चौथे वनडे मैच में जब टीम इंडिया ने डक के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया तो उसके बाद कोहली से सभी को बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह चार गेंदों का सामना करते हुए बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। वनडे फॉर्मेट में कोहली 20वीं बार डक पर आउट हुए जिसमें वह अब भारतीय खिलाड़ी के रूप में वनडे में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने के मामले में सचिन तेंदुलकर के बराबर पहुंच गए हैं। सचिन भी अपने वनडे करियर में 20 बार डक पर आउट हुए थे।
सबसे ज्यादा बार डक पर वनडे में आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी
- विराट कोहली – 20 डक
- सचिन तेंदुलकर – 20 डक
- जवागल श्रीनाथ – 19 डक
- रोहित शर्मा – 18 डक
- अनिल कुंबले – 18 डक
कोहली सबसे ज्यादा डक के मामले में जहीर खान के पहुंचे करीब
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने के मामले में अभी भारतीय खिलाड़ी के रूप में यह अनचाहा रिकॉर्ड पूर्व खिलाड़ी जहीर खान के नाम पर है जो 43 बार डक पर पवेलियन लौटे हैं। वहीं कोहली अब जहीर के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के काफी करीब पहुंच गए हैं, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच में आया उनका यह डक इंटरनेशनल क्रिकेट में 42वां शून्य था।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी
- जहीर खान – 43 डक
- विराट कोहली – 42 डक
- ईशांत शर्मा – 40 डक
- हरभजन सिंह – 37 डक
- जसप्रीत बुमराह – 37 डक
- रोहित शर्मा – 36 डक
ये भी पढ़ें
मैट हेनरी ने रोहित-कोहली को दिन में दिखाए तारे, भारत के खिलाफ 6 विकेट लेकर रचा इतिहास
रनों के पहाड़ तले दबी टीम इंडिया! न्यूजीलैंड ने वनडे इतिहास की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत की दर्ज
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




