Home rss sports hindi 17 एथलीट को मिला अर्जुन पुरस्कार, 12 साल में पहली बार खेल...

17 एथलीट को मिला अर्जुन पुरस्कार, 12 साल में पहली बार खेल रत्न के लिए नहीं हुआ चयन

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। हालांकि इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च ‘खेल रत्न’ पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों और कोचों को अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया। इस मौके पर खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों पर खुशी जताने के साथ भविष्य के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प भी दोहराया। डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर, शतरंज ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती और हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी के लिए यह सम्मान खास रहा। इनके अलावा बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत और पैरा निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल को भी अर्जुन पुरस्कार दिया गया। कोच नेहा चव्हाण और छोटे लाल यादव को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस साल किसी खिलाड़ी को खेल रत्न का पुरस्कार नहीं दिया गया। देश में इससे पहले 2014 में किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया था।

शंकर और विदित गुजराती का बयान

तेजस्विन शंकर ने कहा कि यह सम्मान उनके खेल करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। तेजस्विन ने कहा, ”यह निश्चित रूप से मेरे खेल करियर का एक बड़ा मुकाम है। मैंने एशियाई और राष्ट्रमंडल स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अब मेरा अगला लक्ष्य विश्व स्तर पर पदक जीतना है। मैं ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेना चाहता हूं। मुझे लगता है कि मेरा सफर अभी आधा ही पूरा हुआ है। यह तो बस शुरुआत है।”

शतरंज ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने कहा कि पुरस्कार मिलने से ज्यादा खुशी उन्हें अपने परिवार के चेहरों पर गर्व और खुशी देखकर हुई। उन्होंने कहा, ”यह बहुत अच्छा अहसास है। अपने परिवार के सदस्यों को खुश देखकर अच्छा लग रहा है। शुरुआती वर्षों में हमने काफी संघर्ष किया। हमने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन भी आएगा। परिवार को खुश और गर्व महसूस करते देखना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है।”

धनुष श्रीकांत भी पहुंचे

बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत के लिए यह सम्मान कई चुनौतियों से भरे सफर का सुखद पड़ाव रहा। उनकी मां आशा ने उन्हें निशानेबाजी में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। बधिर और सामान्य खिलाड़ियों की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले धनुष के नाम ‘डेफलम्पिक्स’ का रिकॉर्ड भी है।

पुरस्कार समारोह में धनुष अपनी मां के साथ पहुंचे थे। आशा ने उनके शुरुआती दिनों के संघर्ष को याद करते हुए कहा, ”जब उन्होंने शुरुआत की थी तो काफी मुश्किलें थीं। मैं हर जगह उनके साथ जाती थी। कोच और अन्य बड़े लोगों से बातचीत करती थी। उनके लिए मैं एक तरह से दुभाषिये का काम करती थी।”

नेहा चव्हाण को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार

हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ने कहा कि एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने के बाद टीम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य थीं।

उन्होंने कहा, ”एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद चुनौती और बढ़ गई है। हमें लगातार कड़ी मेहनत करनी होगी क्योंकि अपने प्रदर्शन के स्तर को बनाए रखना जरूरी है।”

द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता नेहा चव्हाण ने कहा कि विश्व कप और महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद बड़े बहु-खेल आयोजनों में भारतीय निशानेबाजों के स्वर्ण पदक से चूकने को नाकामी नहीं मानना चाहिए।

उन्होंने कहा, ”मुझे नहीं लगता कि निशानेबाज इस तरह से चूकते हैं। खासकर व्यक्तिगत खेल में मुकाबले के दौरान हर धड़कन मायने रखती है। मैं हर पदक को एक अवसर के रूप में देखती हूं। हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक होता है, लेकिन कभी-कभी रजत या कांस्य पदक भी स्वर्ण से ज्यादा अहमियत रखता है।”

राष्ट्रीय मुक्केबाजी शिविर से जुड़े रहे और दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा रहे छोटे लाल यादव ने भी इस मौके को खास बताया। उन्होंने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता धर्मेंद्र यादव के साथ यह सम्मान साझा किया। अर्जुन पुरस्कार विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बरवाल भी समारोह में मौजूद थे। छोटे लाल ने कहा, ”इस पुरस्कार से मुझे काफी प्रेरणा मिली है। मैं आगे भी कड़ी मेहनत करता रहूंगा।”

2024 पैरा विश्व कप के स्वर्ण पदक विजेता पैरा निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल ने कहा कि यह सम्मान उनके वर्षों के परिश्रम का फल है और इससे उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा, ”मैं इतने वर्षों से की जा रही अपनी मेहनत के लिए बहुत आभारी हूं। इस पुरस्कार ने मुझे और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है।”

पुरस्कार विजेताओं की सूची

अर्जुन पुरस्कार : तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योरण (निशानेबाजी), त्रिशा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हॉकी), मुहम्मद अजमल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।

अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) : आई अरुमैनायगम (फुटबॉल)

द्रोणाचार्य पुरस्कार : परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी), नेहा चव्हाण (निशानेबाजी)

द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) : धर्मेंद्र यादव (मुक्केबाजी), वीरेंद्र कुमार (कुश्ती)।

इसके अलावा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार (जैसे पुणे स्थित ‘आर्मी पैरालंपिक नोड’) भी प्रदान किए गए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN