Source :- LIVE HINDUSTAN
Flipkart अब फूड डिलीवरी बिजनेस में उतरने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी 15 अगस्त के आसपास ONDC के जरिए अपनी नई सर्विस शुरू कर सकती है।
Walmart की कंपनी Flipkart अब खाने की डिलीवरी के कारोबार में उतरने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी 15 अगस्त के आसपास बेंगलुरु से अपनी नई फूड डिलीवरी सर्विस की शुरुआत कर सकती है। खास बात यह है कि Flipkart इस सर्विस को ONDC के जरिए शुरू करेगा, जिससे यह मौजूदा मॉडल से थोड़ा अलग होगा। फिलहाल भारत के फूड डिलीवरी बाजार पर Zomato और Swiggy का दबदबा है। लेकिन Flipkart की एंट्री के बाद इस सेक्टर में मुकाबला और तेज होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी रेस्टोरेंट्स से करीब 10% कमीशन लेने की योजना बना रही है, जो मौजूदा प्लेटफॉर्म्स के मुकाबले काफी कम है। इससे रेस्टोरेंट्स को फायदा मिल सकता है और भविष्य में ग्राहकों को भी बेहतर ऑफर्स मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
Flipkart की फूड डिलीवरी Zomato और Swiggy से होगी अलग
मौजूदा समय में Zomato और Swiggy रेस्टोरेंट्स से अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से करीब 16% से 30% तक कमीशन लेते हैं। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक Flipkart लगभग 10% कमीशन के मॉडल पर काम कर रहा है। कम कमीशन की वजह से ज्यादा रेस्टोरेंट्स उसके साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि कंपनी ने अभी इस मॉडल की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट के अनुसार Flipkart ने बेंगलुरु में कई रेस्टोरेंट्स को अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ना शुरू कर दिया है। यानी लॉन्च से पहले ही कंपनी पार्टनर्स और ऑपरेशनल तैयारियों पर काम कर रही है।
रेस्टोरेंट्स को होगा फायदा
अगर Flipkart कम कमीशन वाला मॉडल अपनाता है तो रेस्टोरेंट्स का खर्च कम हो सकता है। इससे छोटे और मध्यम स्तर के रेस्टोरेंट्स को ऑनलाइन ऑर्डर लेने में आसानी होगी। इसके अलावा ONDC नेटवर्क पर होने की वजह से उन्हें किसी एक प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। Flipkart की फूड डिलीवरी सर्विस ONDC (Open Network for Digital Commerce) के जरिए चलेगी। इससे कंपनी को शुरुआत में अपना अलग नेटवर्क पूरी तरह तैयार करने के बजाय ONDC के मौजूदा इकोसिस्टम का लाभ मिल सकता है।
ग्राहकों को भी होगा फायदा
नई कंपनी के आने से फूड डिलीवरी सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। इसका फायदा ग्राहकों को बेहतर ऑफर्स, डिस्काउंट, कम डिलीवरी चार्ज और ज्यादा ऑप्शन के रूप में मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार Flipkart अपनी फूड डिलीवरी सर्विस को मुख्य Flipkart ऐप के साथ-साथ एक अलग फूड डिलीवरी ऐप के जरिए भी उपलब्ध करा सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



