Home rss business hindi आज Jio Platforms समेत इन 6 शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर,...

आज Jio Platforms समेत इन 6 शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर, जानें क्या हैं अपडेट्स

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Stocks Watch: जेएसडब्ल्यू एनर्जी और PNB हाउसिंग फाइनेंस के मुनाफे में जोरदार बढ़ोतरी हुई है, जबकि यूनाइटेड स्प्रिट के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है
  • वहीं, शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद जियो के शेयरों के प्रदर्शन पर भी निवेशकों की नजर रहेगी

शेयर बाजार में गुरुवार को जेएसडब्ल्यू एनर्जी, यूनाइटेड स्प्रिट जियो प्लैटफॉर्म्स, फोर्टिस हेल्थ केयर, PNB हाउसिंग फाइनेंस और बंधन बैंक के शेयरों पर निवेशकों की नजर रहेगी। इन कंपनियों ने तिमाही नतीजों और कारोबारी गतिविधियों को लेकर अहम अपडेट दिए हैं। जेएसडब्ल्यू एनर्जी और PNB हाउसिंग फाइनेंस के मुनाफे में जोरदार बढ़ोतरी हुई है, जबकि यूनाइटेड स्प्रिट के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद जियो के शेयरों के प्रदर्शन पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

1. जेएसडब्ल्यू एनर्जी: मुनाफा करीब 50% बढ़ा

जेएसडब्ल्यू एनर्जी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 49.8% बढ़कर 1,056.4 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 704.9 करोड़ रुपये था। कंपनी का मुनाफा CNBC-TV18 के 689 करोड़ रुपये के अनुमान से काफी अधिक रहा।

सितंबर तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 23% बढ़कर 6,368.5 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 5,177 करोड़ रुपये था। यह 5,630 करोड़ रुपये के अनुमान से भी अधिक रहा।

EBITDA भी 20.7% बढ़कर 3,617.6 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 2,998 करोड़ रुपये था। कंपनी ने सितंबर तिमाही में 813 मेगावाट की नई क्षमता जोड़ी। इसमें 513 मेगावाट की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता शामिल है।

2. United Spirits: मुनाफे में 2.1% की गिरावट

Diageo के नियंत्रण वाली शराब निर्माता कंपनी United Spirits का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में कमजोर रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 2.1% घटकर 462 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 472 करोड़ रुपये था। मुनाफा 471 करोड़ रुपये के बाजार अनुमान से भी कम रहा।

कंपनी का रेवेन्यू 2.8% बढ़कर 3,258 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन यह 3,348 करोड़ रुपये के अनुमान से नीचे रहा। वहीं, EBITDA 4.3% घटकर 643 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले यह 672 करोड़ रुपये था।

3. Jio Platforms: लिस्टिंग के बाद शेयरों पर नजर

शेयर बाजार में लिस्टिंग के एक दिन बाद Jio Platforms के शेयर फोकस में रहेंगे। कंपनी के शेयर बाजार में 21% से अधिक के प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए थे। अब निवेशक यह देखेंगे कि लिस्टिंग के बाद शेयरों में तेजी बनी रहती है या मुनाफावसूली देखने को मिलती है।

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही जियो मार्केट कैप के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। बुधवार को जियो का शेयर 1,119 रुपये से उछल 1,419 रुपये पर पहुंच गया, जो आईपीओ मूल्य से 26.81% अधिक है। निवेशकों को प्रति शेयर 300 रुपये का लाभ हुआ।

4. फोर्टिस हेल्थकेयर: 277 करोड़ रुपये में खरीदा Suguna Hospital

फोर्टिस हेल्थकेयर ने बेंगलुरु स्थित Suguna Hospital का करीब 277 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया है। कंपनी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। यह सौदा Fortis की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी International Hospital Limited के माध्यम से किया गया है।

28 अक्टूबर को पूरा हुए इस सौदे में अस्पताल का कारोबार, जमीन और भवन शामिल हैं। अधिग्रहण नकद भुगतान के आधार पर किया गया है। इस सौदे से कंपनी की हेल्थ केयर संबंधी गतिविधियों का विस्तार होने की उम्मीद है।

5. PNB Housing Finance: मुनाफा 33% बढ़ा

PNB Housing Finance ने सितंबर तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 33% बढ़कर 627 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 472 करोड़ रुपये था।

कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 16.3% बढ़कर 861.2 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल 740.6 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल डिस्बर्समेंट 60% बढ़कर 9,609 करोड़ रुपये हो गया।

रिटेल लोन डिस्बर्समेंट रिकॉर्ड 9,250 करोड़ रुपये रहा। इसमें सालाना आधार पर 54% और पिछली तिमाही के मुकाबले 59% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, कॉरपोरेट लोन डिस्बर्समेंट 360 करोड़ रुपये रहा।

6. बंधन बैंक: तिमाही आधार पर मुनाफा 24% बढ़ा

बंधन बैंक का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में पिछली तिमाही के मुकाबले 23.9% बढ़कर 622 करोड़ रुपये हो गया। जून तिमाही में बैंक का मुनाफा 502 करोड़ रुपये था।

बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 1.3% बढ़कर 2,960.4 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,921 करोड़ रुपये थी। बैंक की एसेट क्वालिटी में भी मामूली सुधार देखने को मिला। 30 सितंबर 2026 तक बैंक का ग्रॉस NPA घटकर 3.11% रह गया, जो पिछली तिमाही में 3.15% था। नेट NPA भी 0.93% से घटकर 0.92% पर आ गया।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN