Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/05/29/1200x900/Tej_Pratap_Yadav_Bhojpuri_Bawal_1780066493428_1780066499930_1162399b-5710-40df-b6fb-1efe87800230.jpgजेजेडी चीफ एवं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव जल्द ही टीवी शो में नजर आने वाले हैं। भोजपुरी बवाल नाम के रियलिटी शो में तेज प्रताप, पवन सिंह और निरहुआ जैसे सितारों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करते हुए दिखेंगे।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव राजनीति के साथ-साथ भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। भोजपुरी बवाल नाम से एक नया रियलिटी शो शुरू होने जा रहा है। इसमें पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे जैसे मशहूर भोजपुरी स्टार हिस्सा लेंगे। अब इस लिस्ट में जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव का भी नाम जुड़ गया है।
भोजपुरी बवाल रियलिटी शो का प्रसारण कलर्स चैनल और जियो हॉटस्टार पर होगा। जियो हॉटस्टार ने तेज प्रताप की भोजपुरी बवाल में एंट्री की पुष्टि कर दी है। इस शो के रिलीज की तारीख अभी नहीं आई है। मगर इतना तय है कि लालू के लाल अब टीवी पर भी भौकाल मचाते नजर आएंगे।
जियो हॉटस्टार ने हाल ही में भोजपुरी बवाल शो के टीजर-पोस्टर जारी किए हैं। इनमें पवन सिंह, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे के साथ ही तेज प्रताप यादव का भी पोस्टर आया है। इसमें तेज प्रताप भोजपुरी बवाल की कुर्सी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है भोजपुरी बवाल?
भोजपुरी बवाल एक तरह का रियलिटी शो है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह शो आम रियलिटी शो से थोड़ा अलग होगा। इसमें ना तो कोई प्रतिभागी एलिमिनेट होगा और ना ही किसी तरह का कॉम्पिटिशन होगा। इसमें सितारों की असल जिंदगी और उनके अनुभवों को दर्शकों के सामने रखा जाएगा। लोग अपने चहेते स्टार के बारे में और करीब से जान सकेंगे। रियलिटी शो है तो इसमें थोड़ा बहुत एडवेंचर और एंटरटेनमेंट का संगम देखने को जरूर मिलेगा।
रियलिटी शो में तेज प्रताप क्यों?
जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव का अपना अलग फैन बेस है। वह अक्सर अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चा में रहते हैं। कृष्ण भक्ति से लेकर राजनीति तक, उनके फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहते हैं। माना जा रहा है कि निर्माता ने इसी को ध्यान में रखते हुए भोजपुरी बवाल शो में उन्हें मौका दिया है। तेज प्रताप, भोजपुरी के बड़े सितारों के साथ इस शो में दर्शकों का मनोरंजन करते हुए नजर आने वाले हैं।
पिछले साल अनुष्का यादव से उनके कथित प्रेम संबंध की बात सार्वजनिक होने पर पिता लाल यादव ने तेज प्रताप को घर और पार्टी (RJD) से निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने जेजेडी नाम से अलग पार्टी बनाई थी। हालांकि, बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें सफलता नहीं हाथ लगी।
तेज प्रताप की अपने भाई तेजस्वी यादव से भी अनबन हुई थी। उन्होंने तेजस्वी के करीबियों पर साजिश रचने का आरोप लगाया था। हाल के कुछ महीनों में तेज प्रताप कई तरह की चुनौतियों से गुजरे हैं। अब भोजपुरी बवाल में तेज प्रताप यादव कितना भौकाल मचाते हैं, क्या वह आरा, छपरा, बलिया हिलाते हैं! यह देखने वाली बात होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





