Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/05/29/1200x900/aloknath_shishir_29_05_1780060261176_1780060271890_a5e11a2d-84d4-4754-a1ae-d97a8546ac5b.pngएक्टर शिशिर शर्मा ने सालों बाद आलोक नाथ पर लगे मीटू के आरोपों पर बात की। उन्होंने एक्टर पर मीटू के आरोप लगाने वाली विनता नंदा पर ही सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि सालों बाद विनता को इस तरह उनपर आरोप नहीं लगाने चाहिए थे। उन्होंने पूछा कि इससे विनता को क्या ही मिला?
बॉलीवुड और हिंदी टीवी इंडस्ट्री में एक वक्त ऐसा था जब तमाम फिल्मों और सीरियल्स में एक्टर आलोक नाथ नजर आते थे। आलोक नाथ अक्सर पिता के रोल में नजर आते थे। उन्हें संस्कारी बाबूजी का टैग तक मिला था, लेकिन फिर आलोक नाथ टीवी और फिल्मों की दुनिया से गायब हो गए। आलोक नाथ का जीवन तब बदला जब दूरदर्शन के सीरियल तारा की राइटर और प्रोड्यूसर ने उनपर रेप और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाय। अब सालों बाद एक्टर के साथ टीवी सीरियल यहां मैं घर-घर खेली में काम कर चुके शिशिर शर्मा ने आलोक नाथ और उनपर लगे मीटू के आरोपों पर बात की।
सालों बाद विनता के आरोपों पर बोले शिशिर
शिशिर शर्मा पूरी बातचीत के दौरान आलोक नाथ का बचाव करते और विनता नंदा के आरोपों पर सवाल उठाते नजर आए। सिद्धार्थ कनन से खास बातचीत में शिशिर ने पूछा कि जो चीज विनता के साथ सालों पहले हुई थी, उसपर सालों बाद आवाज उठाकर उन्हें क्या मिला?
क्या था आलोक नाथ से जुड़ा ये पूरा मामला?
दरअसल, इंडस्ट्री में एक वक्त आया था जब तमाम सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर मीटू नाम के कैंपेन में हिस्सा लिया और महिलाओं ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामलों को दुनिया के सामने रखा। इसी मीटू मुहीम में आलोक नाथ भी फंसे थे। विनता ने आलोक नाथ पर रेप, हिंसा और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हालांकि, आलोक नाथ ने उन आरोपों को झूठा बताया था और विनता के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया था। विनता के आरोपों का कोई सबूत नहीं मिला था और केस एक साल में खत्म हो गया था। आलोक नाथ के खिलाफ सबूत भले ही न मिले हों, लेकिन इस पूरे मामले ने उनकी छवि को भयंकर नुकसान पहुंचाया।
विनता पर निकाली भड़ास
आज अलोकनाथ क्या कर रहे हैं? कहां हैं? किसी को नहीं पता है। अब एक्टर के दोस्त रहे शिशिर शर्मा ने इस बारे में बात की है। उन्होंने विनता के लगाए आरोपों पर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा क्यों किसी पर कीचड़ उछालना? 20 साल पहले या उससे पहले जो भी कुछ हुआ, उसके बाद ये आरोप अभी लगाकर क्या मिला?
आरोपों के समय पर उठाया सवाल
शिशिर ने अपनी बातों को आगे बढ़ाते हुए कहा, “जो मिला, क्या आप उससे संतुष्ट हैं? किसी की इमेज को बर्बाद करना, वो आपका सबसे बड़ा मकसद था। क्यों किया? बल्कि उस समय क्यों नहीं किया आपने जब आपके साथ वो घटना हुई? 20 साल बाद ये मी टू का जो दौर चला था, सभी लोग उसमें बस शामिल हो गए। जब हुआ, तब किसी ने नहीं कहा। उस वक्त तो सब चुप बैठे रहे। इतने सालों बाद एक किसी ने चिंगारी जला दी, लेकिन वो चिंगारी भी कब खत्म हुई पता ही नहीं चला। वो मूवमेंट खत्म हो गया।”
‘सबके सामने उस बात को रखना गलत था’
इस पर सिद्धार्थ कनन ने एक्टर से कहा कि हो सकता है जब सब अपने साथ हुई घटना के बारे में बता रहे थे, तो उन्हें हिम्मत मिली हो। इसलिए उन्होंने सालों बाद ये बात सामने रखी। शिशिर ने कहा, “मैं इसपर कमेंट नहीं करना चाहूंगा क्योंकि ये बहुत गंभीर मुद्दा है, और मुझे लगता है कि किसी की छवि और पूरा जीवन दो मिनट में बर्बाद कर देना, आपके पास वो अधिकार नहीं है। अगर किसी के बारे में कुछ भला-बुरा किया जाए तो सोच-समझकर बोलना चाहिए। पूरी जिंदगी खराब करने की क्या जरूरत थी? सबके सामने उस बात को कहना, मेरे हिसाब से ठीक नहीं था।”
शिशिर ने कहा कि आपको खड़े होना चाहिए इन सब चीजों के लिए, लेकिन आपको 20 साल बाद इस बारे में अचानक आकर सबके सामने बात नहीं करनी चाहिए थी। वो कोई भी घटना हो, कोई भी उत्पीड़न हो, मुझे नहीं लगता कि आपके पास हक है किसी की छवि को बर्बाद करने का।
आलोक नाथ की सताई चिंता
शिशिर से जब पूछा गया कि क्या वो आलोक नाथ के टच में हैं तो उन्होंने कहा कि पहले वो लोग कभी-कभार एक दूसरे को मैसेज कर लेते थे, लेकिन फिर पता नहीं क्या हुआ, दोनों की आपस में बात बंद हो गई। उन्होंने कहा कि वो आशा करते हैं कि आलोक नाथ ठीक हों क्योंकि वो दिल के बहुत अच्छे इंसान हैं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी आपके कमजोर पलों में कुछ हो जाता है, आप किसी का जीवन खराब नहीं कर सकते। उन्होंने कहा उत्पीड़न हो या कुछ भी हो, उससे उसी वक्त डील करना जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






