Source :- LIVE HINDUSTAN
डेबोरा बर्गामिनी ने कहा, जिस देश में 97 करोड़ लोगों को वोट देने का अधिकार है, उसे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पास अपने मजबूत लोकतांत्रिक संस्थान और स्वतंत्र न्यायपालिका है
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की पार्टी भी हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में लगे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद में शामिल हो गई है। मेलोनी की पार्टी फोर्जा इटालिया की नेता डेबोरा बर्गामिनी ने भारत के लोकतंत्र और चुनावी सिस्टम पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने और आरोप लगाने का अधिकार है। लेकिन आरोप लगाने वालों की जिम्मेदारी है कि वे अपने दावों को साबित भी करें। बर्गामिनी का मानना है कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश को यूरोप की ओर से लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना सही नहीं है। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के कार्यक्रम में फिलिबेक की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
डेबोरा बर्गामिनी ने कहा, “जिस देश में 97 करोड़ लोगों को वोट देने का अधिकार है, उसे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना गलत है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पास अपने मजबूत लोकतांत्रिक संस्थान और स्वतंत्र न्यायपालिका है। डेबोरा बर्गामिनी का ये बयान ऐसे समय में आई है, जब पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (पीईएस) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस अभियान का समर्थन किया था, जिसमें वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया जा रहा है। फिलिबेक ने तेलंगाना में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष के नारे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ को भी दोहराया था।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं फिलिबेक के बयान की बीजेपी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने आलोचना की। दोनों दलों के नेताओं ने सवाल उठाया कि एक विदेशी नेता कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होकर भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी क्यों कर रहा है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। दरअसल, फिलिबेक के भाषण के दौरान राहुल गांधी को हंसते और तालियां बजाते देखा गया था। इस पर रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बिना नाम लिए राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। रिजिजू ने लिखा, “क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान कर रहा हो? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय भारत का अपमान करने के लिए विदेश जाता है।”
इटली के नेता ने किया था समर्थन
भारत समिट में बोलते हुए जियाकोमो फिलिबेक ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत का समर्थन करने के लिए राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने साफ और ट्रांसपैरेंट वोटर लिस्ट की जरूरत पर भी जोर दिया। फिलिबेक ने कहा, “राहुल गांधी ने एक ऐसे आसान सिद्धांत का बचाव किया है, जिस पर हर लोकतंत्र टिका है। यह सिद्धांत है- ‘एक व्यक्ति, एक वोट’।” फिलिबेक ने कहा, “साफ और ट्रांसपैरेंट वोटर लिस्ट तैयार करने के लिए राहुल गांधी का अभियान और दो हफ्ते पहले रामलीला मैदान में उनके साथ मार्च करने पहुंचे हजारों लोग हमें याद दिलाते हैं कि लोकतंत्र हमें आसानी से नहीं मिलता। इसकी रक्षा वही लोग करते हैं, जो इसके लिए आवाज उठाने और लड़ने के लिए तैयार रहते हैं। वोट चोर, गद्दी छोड़।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




