Home rss world hindi पहली बार साथ आ रहे हैं जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन, क्या है...

पहली बार साथ आ रहे हैं जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन, क्या है ‘याल्टा 2.0’? क्यों खौफ में आ गए कई देश

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन से इतर शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी करेंगे। इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की निगाहें हैं।

जब दुनिया के तीन सबसे शक्तिशाली देशों के नेता आपस में मिलेंगे तो क्या होगा? क्या यह दुनिया के अन्य देशों के लिए बड़ा इशारा है? क्या इससे किसी खतरे की भी आशंका है? क्या एक नई वैश्विक व्यवस्था दस्तक दे रही है? इन सब सवालों के जवाब इस समय पूरी दुनिया तलाश रही है। वजह है चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात। जी हां। ये तीनों नेता जल्द ही एक साथ बैठक करने जा रहे हैं। इस मुलाकात से पहले एक शब्द बेहद बेहद चर्चा में आ गया है। यह है ‘याल्टा 2.0’। आइए समझते हैं ये शब्द आखिर क्या है और क्यों इस बैठक से कई देश खौफ में आ गए हैं।

इससे पहले बता दें कि इस सप्ताह चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। इस शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन, ट्रंप और जिनपिंग एक बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। चीन ने सोमवार को इस बैठक की पुष्टि कर दी है। यह इसीलिए अहम है क्योंकि यह ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक होगी।

क्या है ‘याल्टा 2.0’?

इस बैठक की खबर सामने आते ही वैश्विक स्तर पर हलचल मच गई। साथ ही चर्चा होने लगी 1945 के ‘याल्टा सम्मेलन’ की। यह वही सम्मलेन है जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ ने अपने अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों पर सहमति जताई थी। दरअसल 1945 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट, ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत नेता जोसेफ स्टालिन याल्टा सम्मेलन के लिए क्रीमिया में मिले थे। इस दौरान तीनों ने युद्ध के बाद के यूरोप को लेकर अपनी योजनाओं और जर्मनी के भविष्य पर चर्चा की। सम्मेलन में युद्ध के बाद यूरोप के विभाजन को लेकर भी सहमति बन गई। इसके बाद यूरोपीय देश दशकों तक सोवियत-नियंत्रित क्षेत्रों और पश्चिमी गुट में बंटे रहे।

कुल मिलाकर इस सम्मेलन ने ही द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था को आकार दिया था। इसे अक्सर इस बात के उदाहरण के रूप में देखा जाता है कि कैसे बड़ी महाशक्तियां छोटे देशों को शामिल किए बिना उनके भविष्य को प्रभावित करने वाले फैसले ले लेती हैं।

नए वर्ल्ड ऑर्डर की आशंका से क्यों चिंतित हैं कई देश?

अब पुतिन, जिनपिंग और ट्रंप के बीच होने वाली बैठक की तुलना इसी याल्टा सम्मेलन से हो रही है। डर है कि ये कि देश मिलकर कई अन्य देशों को शामिल किये बिना उनके फैसले ले लेंगे। इनमें सबसे अहम नाम है यूक्रेन। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पहले ही याल्टा जैसी व्यवस्था दोहराने के खिलाफ चेतावनी दी है। इसके अलावा जापान भी बैठक से चिंतित है। टोक्यो को डर है कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका का प्रमुख सहयोगी होने के बावजूद, इस क्षेत्र से जुड़े फैसले चीन और रूस द्वारा तय किए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची इस त्रिपक्षीय बैठक से पहले इस हफ्ते मनीला में होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप से अलग से मिलने की कोशिश कर रही हैं।

इसके अलावा ताइवान भी उन छोटे देशों में शामिल है जो महाशक्तियों के बीच बंद कमरे में किसी समझौते की संभावना से असहज हैं। वहीं, यूरोपीय देश भी यूक्रेन को लेकर होने वाली किसी भी चर्चा से असहज होंगे। यूरोपियन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस की एशिया नीति फेलो एलिसिया बाचुल्स्का ने जर्मन ब्रॉडकास्टर DW से कहा है कि यूरोपीय प्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी में यूक्रेन पर चर्चा करने से चीन और ईयू के पहले से बिगड़ते संबंधों में और तनाव बढ़ सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN