Home National news hindi इस्लाम अपनाने वाली महिला के पति ने निकाह के 5 दिन बाद...

इस्लाम अपनाने वाली महिला के पति ने निकाह के 5 दिन बाद ही दिया तलाक़: ‘उसने धोखे से यक़ीन दिलाया कि वो प्यार करता था’

2
0

Source :- BBC INDIA

महिला

निकाह के पांच दिन बाद जेन को एक मैसेज मिला, जिसने उनकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल दी.

उनके पति ने मैसेज में लिखा, “मैं तुम्हें तलाक़ देता हूं और तलाक़ दे चुका हूं.”

बीबीसी ने इस बात पर सहमति जताई है कि जेन का असली नाम सामने नहीं रखा जाएगा.

जेन ने बताया कि 10 महीने पहले इस्लामिक शादी के लिए बनी वेबसाइट ‘मुज़’ पर उनकी मुलाक़ात एक शख़्स से हुई थी.

उस समय जेन को लगता था कि उस शख़्स का नाम एडम है और वह मैनचेस्टर में रहता है.

उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह सब बहुत मुश्किल है. मुझे लगा था कि मैं शादी करने जा रही हूं, लेकिन इसके बजाय मेरी ज़िंदगी का सबसे बुरा सपना शुरू हो गया.”

“यह सब बहुत अजीब है. मुझे समझ नहीं आता कि लोग सेक्स के लिए इस तरह की हरकतें क्यों करते हैं.”

जेन ने बताया कि दोनों ने मिलने का फ़ैसला करने से पहले छह महीने तक ऑनलाइन चैट और वीडियो कॉल पर बात की थी.

उन्होंने बीबीसी को बताया कि उन्हें लगता था कि उनका रिश्ता सच्चा है. इसलिए जब उस शख़्स ने शादी का प्रस्ताव दिया, तो उन्होंने उसकी बातों पर शक नहीं किया.

उन्होंने कहा, “उसने मुझे यक़ीन दिलाया था कि वह मुझसे प्यार करता है और मेरे साथ अपनी ज़िंदगी बिताना चाहता है. इसलिए मेरे पास उस पर शक करने की कोई वजह नहीं थी.”

बाद में जेन को पता चला कि एडम का असली नाम कुछ और था और वह पहले से ही शादीशुदा था.

एडम के वक़ीलों ने कहा कि उसने जेन के सभी आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज कर दिया है.

लैपटॉप चलाती महिला

2 जून को इस्लाम धर्म अपनाने वाली जेन, निकाह करने के लिए लंकाशायर के ब्रियरफ़ील्ड गई थीं. निकाह इस्लाम में शादी करने की एक रस्म है, जो इस्लामी नियमों के मुताबिक़ होती है.

हालांकि, इस तरह का निकाह क़ानूनी शादी से अलग होता है. इंग्लैंड और वेल्स में इसे क़ानूनी शादी का दर्जा नहीं मिला है.

जेन ने बताया कि वह अपने दोस्तों और परिवार के बीच अपनी होमसिटी ग्लासगो में शादी करना चाहती थीं, लेकिन उनके होने वाले पति को स्कॉटलैंड में शादी करने पर आपत्ति थी.

अब वह इस बात को एक चेतावनी के तौर पर देखती हैं.

जेन ने बताया, “स्कॉटलैंड में कानूनी शादी और निकाह एक ही समय में करने के लिए कहा गया.”

उन्होंने बताया कि इस पर उनके पति ने कहा, ‘उन्हें मेरी आईडी देखने की क्या ज़रूरत है? मेरा मतलब है, निकाह बहुत आसान प्रक्रिया है और उन्हें मेरी आईडी देखने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है.’

“और इसलिए वह इस बात से बहुत परेशान था.”

जेन ने बताया कि ब्रियरफ़ील्ड में निकाह दो इमामों की मौजूदगी में हुआ था, जिन्होंने गवाह के तौर पर काम किया. इसके बाद पति-पत्नी ने एक होटल में दो रातें बिताईं.

हालांकि, शादी के सिर्फ़ पांच दिन बाद जेन को एक मैसेज मिला, जिसमें बताया गया कि उनका रिश्ता ख़त्म हो चुका है.

स्क्रीनशॉट

जेन ने बताया कि वह यह सब देखकर हैरान और उलझन में पड़ गई थीं. उन्होंने इस निकाह को एक “फ़र्ज़ी शादी” बताया.

जेन का मानना है कि उनका “चौंकाने वाला” अनुभव भावनात्मक शोषण और यौन शोषण के बराबर था.

बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार, वह शख़्स अब भी एक दूसरी महिला के साथ क़ानूनी और धार्मिक, दोनों तरह से शादीशुदा है.

अपने वक़ीलों के ज़रिए दिए गए एक विस्तृत जवाब में शख़्स ने कहा कि ये आरोप उनके ख़िलाफ़ लगातार चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि इन आरोपों के समर्थन में कोई सबूत नहीं है और ये पूरी तरह झूठे हैं.

वक़ीलों ने बीबीसी को बताया कि उसने जेन को अपनी पिछली शादी के बारे में धोखा नहीं दिया था.

उन्होंने यह भी कहा कि जेन के साथ निकाह के दौरान उन्होंने अपनी पहचान नहीं छिपाई थी, क्योंकि उन्होंने अपना ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया था.

निकाह कराने वाले इमाम ने क्या बताया

बीबीसी ने जेन के इस्लामिक शादी के सर्टिफिकेट की एक कॉपी देखी है, जो उन्हें मस्जिद की ओर से दी गई थी. इस सर्टिफिकेट में कई जानकारियां गायब थीं और कुछ ग़लत थीं.

निकाह कराने वाले इमाम मुफ़्ती अदील ज़मान ने कहा कि यह शादी दो बालिग लोगों के बीच मर्ज़ी से हुईं और ख़ुश नज़र आ रहे थे. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगा कि आगे सवाल पूछना उनकी ज़िम्मेदारी थी.

उन्होंने बीबीसी से कहा, “जो कुछ हुआ, उससे हमें बहुत दुख हुआ है.”

उन्होंने कहा, “शुरू से ही हमारा मक़सद सभी लोगों के साथ निष्पक्ष व्यवहार करते हुए उन्हें ज़रूरी मदद देना रहा है. साथ ही, हमने अपनी बात केवल उन्हीं मामलों तक रखी है, जिनकी जानकारी हमें सीधे तौर पर है.”

उन्होंने माना कि पहचान की जांच करने में ग़लतियां हुई थीं. हालांकि, उनका कहना था कि उन्होंने उस शख़्स की असली पहचान पता लगाने में मदद की थी, जिससे जेन ने शादी की थी.

लंकाशायर काउंसिल ऑफ़ मॉस्क्स ने भी इस मामले पर बात की. यह संस्था शादी टूटने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश में शामिल रही है. संस्था ने कहा कि ऐसे निकाह कराने वालों की ज़िम्मेदारी है कि वे ज़रूरी जांच करें.

बिलाल ब्राउन

ग्रेटर मैनचेस्टर के ओल्डहम में मौजूद ‘न्यू बिगिनिंग्स’ नाम का एक समूह इस्लाम अपनाने वाले लोगों को सेवाएं देता है. इस समूह ने कहा कि उसे ऐसे मामले मिले हैं जिनमें लोगों ने मुस्लिम समुदाय के भीतर दूसरों को धोखा देने की कोशिश की.

समूह के संस्थापक बिलाल ब्राउन ने कहा, “हम अपने समुदाय यानी मुस्लिम समुदाय में ऐसे धोखेबाज़ लोगों के बारे में जानते हैं, जो दूसरों को धोखा देने के लिए घूम रहे हैं.”

उन्होंने कहा कि अगर कोई रिश्ता या शादी बहुत जल्दबाज़ी में हो रही है या उसमें परिवार के दूसरे लोग शामिल नहीं हैं, तो ये साफ़ संकेत हो सकते हैं कि कुछ ठीक नहीं है.

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी परिस्थितियों में इस्लाम अपनाने वाले लोग ख़ास तौर पर धोखे का शिकार हो सकते हैं.

लंकाशायर की पूर्व असिस्टेंट पुलिस और क्राइम कमिश्नर साइमा अफ़ज़ल ने बीबीसी नॉर्थ वेस्ट टुनाइट को बताया कि इस्लामिक शादियों को क़ानूनी मान्यता न मिलने से कुछ महिलाओं के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है.

उन्होंने कहा, “आप अक्सर निकाह से जुड़ी इस क़ानूनी खामी के बारे में सुनते हैं. लोग कहते हैं कि हम किसी पर दो शादियां करने का मामला नहीं चला सकते, क्योंकि ब्रिटेन में निकाह को क़ानूनी मान्यता नहीं है.”

“निकाह की इस बात को एक तरफ़ रखकर यहां लोगों के व्यवहार को देखते हैं.”

“यहां एक महिला को धोखे में रखना, उसके साथ हेराफेरी करना और उसे अपने जाल में फंसाना शामिल है.”

“यानी यह धोखाधड़ी है.”

साइमा अफ़ज़ल

2018 में संसद के सामने पेश की गई एक स्वतंत्र रिपोर्ट में पाया गया था कि बड़ी संख्या में इस्लामिक शादियों के बाद क़ानूनी शादी नहीं की जाती. इसकी वजह से लोगों को क़ानूनी शादी से मिलने वाली सुरक्षा और अधिकार नहीं मिल पाते.

स्कॉटलैंड पुलिस ने कहा कि स्कॉटलैंड में इस मामले में किसी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है.

ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने पुष्टि की है कि उसे जेन की ओर से की गई शिकायत की जांच करने के लिए कहा गया है.

मुज़ ने कहा कि उस शख़्स को अपने प्लेटफ़ॉर्म से हमेशा के लिए ब्लॉक कर दिया गया है.

कंपनी के चीफ़ एग्जीक्यूटिव शहज़ाद यूनुस ने कहा, “हम ऐप इस्तेमाल करने वालों से पूछते हैं कि क्या वे शादीशुदा हैं, चाहे उनकी शादी क़ानूनी हो या किसी और तरीक़े से हुई हो.”

“अगर वे शादीशुदा हैं, तो हम साइन-अप के दौरान उन्हें ऐप से ब्लॉक कर देते हैं.”

उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी सामान्य जांच के तहत ईमेल, फ़ोन नंबर, डिवाइस और सेल्फ़ी की जांच करती है. हालांकि, आइडेंटिटी वेरिफ़िकेशन वैकल्पिक है.

प्रोफ़ाइल पर यह जानकारी दी जाती है कि कौन-सी जांच पूरी हुई है और कौन-सी नहीं.

जेन ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनके मामले से दूसरी महिलाओं को ऐसी परिस्थितियों का सामना करने से बचाया जा सके.

उन्होंने कहा, “यह इस समुदाय की एक समस्या है. अगर मैं अपनी तरह किसी दूसरी महिला को इस तरह के धोखे से बचाने में मदद कर सकूं, तो यह मेरे लिए बड़ी जीत होगी.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS