Home rss business hindi इस कंपनी का सऊदी प्रोजेक्ट रद्द, सोमवार को शेयर में होगी हलचल?

इस कंपनी का सऊदी प्रोजेक्ट रद्द, सोमवार को शेयर में होगी हलचल?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • VA टेक वाबैग का करीब 2,400 करोड़ रुपये का समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाला प्रोजेक्ट रद्द हो गया है
  • कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में करीब 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व और 104 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया

Rekha Jhunjhunwala stock: अगले सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को जब शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी तक निवेशकों की नजर रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो वाले शेयर VA टेक वाबैग (VA Tech Wabag) पर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कंपनी ने एक बड़ा ऑर्डर रद्द कर दिया है। बता दें कि शेयर करीब 2 पर्सेंट टूटकर शुक्रवार को 2040.10 रुपये पर बंद हुआ था।

क्या कहा कंपनी ने?

VA टेक वाबैग का करीब 2,400 करोड़ रुपये का समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाला प्रोजेक्ट रद्द हो गया है। सऊदी वाटर अथॉरिटी ने आंतरिक कारणों का हवाला देते हुए इस परियोजना का टेंडर रद्द किया है। कंपनी ने 14 नवंबर को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसे जुलाई 2025 में सऊदी अरब के यानबू में 300 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) क्षमता वाला समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने का प्लांट लगाने का ठेका मिला था। इस परियोजना के तहत कंपनी को प्लांट का डिजाइन, इंजीनियरिंग, सप्लाई, निर्माण और कमीशनिंग का काम करना था।

कॉन्ट्रैक्ट की कुल कीमत करीब 272 मिलियन डॉलर यानी 1.019 अरब सऊदी रियाल और लगभग 2,400 करोड़ रुपये थी। बता दें कि सऊदी अरब में VA टेक वाबैग को इस तरह का झटका पहले भी लग चुका है। दिसंबर 2024 में सऊदी वाटर अथॉरिटी ने देश में 300 MLD क्षमता वाले एक अन्य समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने के प्रोजेक्ट का टेंडर रद्द कर दिया था। उस समय भी अथॉरिटी ने आंतरिक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को इसकी वजह बताया था।

शेयर का परफॉर्मेंस

VA टेक वाबैग के शेयर सितंबर 2026 में 2,320 रुपये तक गए थे और यह 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर था जबकि जनवरी 2026 में इसका 52 सप्ताह का निचला स्तर 1,033.95 रुपये रहा था। हालांकि, हालिया गिरावट के बावजूद शेयर ने पिछले छह महीने में 48 फीसदी और एक साल में 45 फीसदी का रिटर्न दिया है। पांच साल में इसका रिटर्न करीब 506 फीसदी रहा है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस शेयर पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।

ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 2,529 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसके मुताबिक, कंपनी की करीब 20,000 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक वित्त वर्ष 2026 के राजस्व की लगभग पांच गुना है। मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन के चलते कंपनी के कारोबार में आगे भी अच्छी वृद्धि की संभावना है।

कैसे रहे नतीजे?

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में करीब 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व और 104 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। इस दौरान कंपनी का मार्जिन 14.4 फीसदी रहा। कंपनी की ऑर्डर बुक 20,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। कंपनी को उम्मीद है कि वह 13-15 फीसदी का मार्जिन बनाए रखेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN