Home rss business hindi Tata ग्रुप की इस कंपनी को 5531 करोड़ रुपये का घाटा, सोमवार...

Tata ग्रुप की इस कंपनी को 5531 करोड़ रुपये का घाटा, सोमवार को फोकस में रहेगा स्टॉक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Tata Motors PV Q2 Results:टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को दूसरी तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था
  • हालांकि, कंपनी के ऑपरेटिंग रेवन्यू में इजाफा देखने को मिला है

Tata Motors PV Q2 Results: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवीएल) को चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही में 5,531 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 76,170 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। तिमाही नतीजे सामने आने के बाद कंपनी के शेयर सोमवार को फोकस में रहेंगे। बता दें, कंपनी का कंसॉलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवन्यू 34 प्रतिशत बढ़कर 96,920 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 72,000 करोड़ रुपये के आसपास था। दूसरी तिमाही में में जेएलआर का ऑपेरेटिंग रेवन्यू 20.3 प्रतिशत बढ़कर 589.4 करोड़ पाउंड रहा। वहीं, टाटा मोटर्स के यात्री वाहन कारोबार का राजस्व 50.9 प्रतिशत बढ़कर 20,423 करोड़ रुपये हो गया।

रिस्ट्रक्चरिंग ने बढ़ाया खर्च

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसे 6,738 करोड़ रुपये के असाधारण मद दर्ज करने पड़े। इनमें मुख्य रूप से कर्मचारियों की छंटनी एवं सेवा समाप्ति से जुड़े 3,776 करोड़ रुपये और एसेट के मूल्य में कमी से संबंधित 2,856 करोड़ रुपये शामिल हैं।

कंपनी के लक्जरी वाहन ब्रांड जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने भी तिमाही में 53 करोड़ पाउंड के असाधारण मद दर्ज किए। कंपनी के अनुसार, इनमें पुनर्गठन गतिविधियों से जुड़े खर्च, कर्मचारियों की सेवा समाप्ति लागत और विकास के चरण में मौजूद अमूर्त परिसंपत्तियों के मूल्य में कमी शामिल है।

लागत घटाने पर कंपनी का जोर

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) धीमान गुप्ता ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में घरेलू कारोबार की मजबूत गति बनी रही। वहीं, जेएलआर ने वैश्विक बाजारों की चुनौतियों और जगुआर के पुराने मॉडल का उत्पादन बंद किए जाने के बावजूद बिक्री मात्रा के स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि, उत्पाद मिश्रण में प्रतिकूल बदलाव और जिंसों की लगातार ऊंची लागत से मार्जिन पर दबाव पड़ा। उन्होंने कहा कि दोनों कारोबार बुनियादी रूप से मजबूत हैं और कंपनी नए मॉडल पेश करने, लागत घटाने तथा नकदी प्रवाह बेहतर करने पर ध्यान दे रही है।

शुक्रवार को टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का शेयर 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बीएसई में 287 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 27 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN