Source :- LIVE HINDUSTAN
इजरायल में भले ही गादी आइजेनकोट को राष्ट्रपति हार्जोग ने बहुमत साबित करने की चाबी दे दी है, लेकिन नेतन्याहू ने अभी भी हार नहीं मानी है। बधवार को उन्होंने एक बार फिर से विपक्षी दलों को उनके गठबंधन में शामिल होने की अपील की है।
बेंजामिन नेतन्याहू भले ही इजरायल की सत्ता को खोने की कगार पर हैं। लेकिन अभी भी उन्होंने हार नहीं मानी है। राष्ट्रपति हार्गोज द्वारा आइजेनकोट को बहुमत साबित करने का मौका दिए जाने के बाद भी नेतन्याहू ने एक बार फिर से गठबंधन सरकार बनाने की उम्मीद जताई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इजरायल मुश्किल वक्त में एक होना जानता है। इतना ही नहीं उन्होंने देश के नागरिकों और विपक्षी पार्टियों को भी अरब दलों को लेकर चेतावनी दी है।
टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट क मुताबिक, बुधवार को मीडिया से बात करते हुए इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उम्मीद जताई कि अभी भी उनके गठबंधन की सरकार बनने की संभावना है। एक दिन पहले नेसेट में विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर अपनी बात रखने वाले नेतन्याहू ने बुधवार को थोड़ा नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “कल मैंने बताया था कि राष्ट्रीय एकता सरकार क्यों जरूरी है। आज मैं बताना चाहता हूँ कि यह क्यों संभव है।”
नेतन्याहू बोले- मुश्किल समय में देश एक होना जानता है
लंबे समय तक यहूदी देश के पीएम रहने का रिकॉर्ड रखने वाले नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने मुश्किल समय में एकजुट होने की अपनी क्षमता साबित की है। अब देश एक बार फिर ऐसी ही स्थिति का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, “यह संभव है क्योंकि यह देश जानता है कि अहम मौकों पर कैसे एकजुट होना है।” नेतन्याहू यहां पर युद्ध के समय देश की कैबिनेट में सभी दलों के प्रतिनिधि वाली स्थिति का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा, “धार्मिक और धर्मनिरपेक्ष, वामपंथी और दक्षिणपंथी सभी ने कंधे से कंधा मिलाकर एक साथ संघर्ष किया।”
हार नहीं मान रहे नेतन्याहू, बोले- संभावित गठबंधन सहयोगियों से बात जारी
नेतन्याहू लगातार देश में राष्ट्रीय एकता सरकार की बात कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें बहुमत नहीं मिला है। ऐसी स्थिति में अरब पार्टियां किंग मेकर बनकर बैठी है। हालांकि, नेतन्याहू को अभी भी उम्मीद है कि वह जल्दी ही संभावित गठबंधन सहयोगियों को मना लेंगे। उन्होंने कहा कि वह संभावित गठबंधन सहयोगियों से संपर्क करना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि देश के सामने बड़ी चुनौतियां भी हैं और बड़े अवसर भी। उन्होंने कहा, “मैं आपको वह सब कुछ नहीं बता सकता जो मुझे पता है, लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो जानते हैं कि हमारे सामने कितनी बड़ी चुनौतियां और कितने बड़े अवसर हैं।”
बता दें, नेतन्याहू द्वारा अपने गठबंधन की सरकार बनाने की यह अपील ऐसे समय में आई है, जब आइजेनकोट के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना ज्यादा है। बुधवार को नेतन्याहू ने आइजेनकोट को समर्थन देने वाले दलों से एक बार से उनके साथ आने की अपील की।
नेतन्याहू ने अरब दलों के खिलाफ एक बार फिर दी चेतावनी
नेतन्याहू शुरुआत से ही अरब दलों के खिलाफ अपनी बात रहते हुए आ रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर से चेतावनी दी है। उन्होंने इन दलों को आतंकवाद का समर्थक बताया है और कहा है कि ऐसी व्यवस्था इजराइल के भविष्य के लिए खतरा बन सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




