Home rss world hindi बिना शादी मां बनने पर महिला को सऊदी अरब में 100 कोड़ों...

बिना शादी मां बनने पर महिला को सऊदी अरब में 100 कोड़ों की सजा, प्रेमी ने भी छोड़ा साथ; घर लौटने की उम्मीद खत्म!

5
0

Source :- INDIATV NEWS

सऊदी अरब में केन्या की एक महिला को शादी के बिना बच्चा पैदा करने की सजा के तौर पर 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। 40 वर्षीय एस्थर वानजा मुथोनी सऊदी अरब में एक परिवार के घर हाउसकीपर और नैनी (बच्चों की देखभाल करने वाली) के रूप में काम करती थीं। बताया जाता है कि इस दौरान वह मिस्र के एक व्यक्ति के साथ रिश्ते के कारण गर्भवती हो गईं, जो बाद में देश छोड़कर चला गया। उनका मामला तब सामने आया जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया और उनकी स्थिति का पता चला। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, मुथोनी अपने एक साल के बेटे अबुडी के साथ अपने देश वापस लौटने की कोशिश में एक साल से अधिक समय से जुटी हैं, लेकिन उन्हें हर कदम पर रुकावटों का सामना करना पड़ा है।

महिला को लग रहा डर

पिछले महीने एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मैं बहुत डरी हुई हूं। मुझे नहीं लगता कि मैं उन कोड़ों की मार सह पाऊंगी। सऊदी अरब में शादी से पहले यौन संबंध बनाना गैर-कानूनी है। मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इसका सबसे बुरा असर महिलाओं पर पड़ता है, क्योंकि ऐसे संबंधों के कारण वे गर्भवती हो सकती हैं। केन्या सहित अफ़्रीकी देशों से आए प्रवासी कामगारों के लिए स्थिति विशेष रूप से बहुत कठिन और असुरक्षित है।

पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के मामले

एक रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब में काम करने के दौरान सैकड़ों केन्याई महिलाओं को पीटा गया है और कई अन्य महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया है और उन्हें मारा-पीटा गया है। मानवाधिकार समूहों ने इस कार्रवाई की निंदा की है। यूके स्थित संगठन ‘ALQST’ की कार्यवाहक निदेशक मरियम अलदोसारी ने कहा कि यह सजा हिंसा का एक रूप है और मुथोनी को अपने देश वापस जाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सऊदी शासक दुनिया को यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि सऊदी एक आधुनिक देश बन रहा है, जो महिलाओं को सशक्त बनाता है, लेकिन दूसरी तरफ हम देखते हैं कि अदालत एक मां को 100 कोड़े मारने की सजा सुना रही है। बताया जाता है कि बच्चे को जन्म देने के बाद मुथोनी को स्टाफ आवास में वापस नहीं जाने दिया गया। उन्हें एक पेट्रोल स्टेशन पर रहना पड़ा, जो उन माताओं के इकट्ठा होने की जगह बन गया था, जो अपने बच्चों के साथ वापस अपने देश भेजे जाने की उम्मीद कर रही थीं। मीडिया में मामला आने के बाद उन्हें रहने के लिए जगह तो मिल गई, लेकिन उनसे कहा गया कि जब तक उनका केस चल रहा है, वे देश छोड़कर नहीं जा सकतीं। उन्होंने बताया कि उन्हें एक अनुवादक तो दिया गया, लेकिन अपना पक्ष रखने के लिए कोई वकील नहीं मिला।  

ये भी पढ़ेंः शेख हसीना की वतन वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, 21 जिलों में आगजनी; बसों और ट्रेन में लगाई आग

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकी हमला, DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत 10 पुलिसकर्मियों की मौत

SOURCE : INDIATV NEWS