Source :- BBC INDIA
Andrew Harnik/Getty Images
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेनसन हुआंग कितने करीबी हैं?
जवाब है, बहुत क़रीबी.
एनवीडिया के पूर्व प्रमुख जेनसन हुआंग उन चुनिंदा कारोबारियों में थे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे मुलाक़ात कर सकते थे.
उन्होंने ट्रंप से कई बार मुलाक़ात की थी. वह उनके साथ ब्रिटेन दौरे में भी गए थे. मई में चीन यात्रा के दौरान वह ट्रंप के साथ एयर फ़ोर्स वन में भी सवार हुए थे.
जेनसन हुआंग सिर्फ़ एक टेक अरबपति नहीं हैं, जो राष्ट्रपति तक अपनी पहुंच चाहते हैं.
वह ट्रंप प्रशासन के अंदर चल रही राष्ट्रीय सुरक्षा की बड़ी बहस का अहम हिस्सा बन गए थे. यह बहस इस बात को लेकर थी कि अमेरिका की सबसे आधुनिक तकनीक चीन को कितनी मात्रा में बेचने की इजाज़त दी जानी चाहिए.
एनवीडिया उन चिप्स का निर्माण करती है, जो आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस यानी एआई क्रांति को ताक़त देती है.
अमेरिका ने 2022 से चीन को सबसे एडवांस प्रोसेसरों के एक्सपोर्ट पर पाबंदियां लगा रखी हैं. अमेरिका का मानना है कि इनका इस्तेमाल बीजिंग अपनी सैन्य और तकनीकी ताक़त बढ़ाने में कर सकता है.
हालांकि इन पाबंदियों को लागू करना आसान नहीं है. चिप्स को सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों के ग्राहकों को क़ानूनी तौर पर बेचा जा सकता है. इसके बाद उन्हें चीन भेजा जा सकता है.
चीनी कंपनियां देश के बाहर मौजूद डेटा सेंटर्स के ज़रिए कंप्यूटिंग क्षमता भी किराये पर ले सकती हैं.
जेनसन हुआंग लंबे समय से कहते रहे हैं कि ये पाबंदियां उल्टा असर डालती हैं. उनका तर्क था कि इससे एनवीडिया एक बड़े बाज़ार से बाहर हो जाती है. साथ ही यह चीनी कंपनियों को अपने विकल्प विकसित करने का मौका देती हैं.
जेनसन हुआंग की बातों के प्रति ट्रंप भी सहानुभूति रखते हैं.
Reuters
पिछले साल उन्होंने एनवीडिया को कुछ चिप्स की चीन में बिक्री फिर से शुरू करने की अनुमति दी थी.
बदले में कंपनी की इनकम का एक हिस्सा लेने की व्यवस्था की गई थी. हालांकि एनवीडिया के ब्लैकवेल अल्ट्रा चिप्स अब भी प्रतिबंधित हैं.
लेकिन अब यह कारोबार पहले जितना सरल नहीं है.
जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के रिश्तों से जुड़े आरोपों ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
एलिस हुआंग का जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं हैं. वह सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं.
इन आरोपों ने यह आशंका पैदा कर दी है कि किसी विदेशी ख़ुफ़िया एजेंसी का निशाना सिर्फ़ एक प्रभावशाली कारोबारी नहीं था, बल्कि ऐसा व्यक्ति था जिसकी पहुंच अमेरिकी राष्ट्रपति तक थी.
रिपोर्टों के अनुसार अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग के चीन की ख़ुफ़िया एजेंसियों से संबंध हो सकते हैं. हालांकि, बीजिंग ने इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.
एनवीडिया के बोर्ड का कहना है कि कंपनी की खुफ़िया जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज़ों से कोई समझौता नहीं हुआ है.
लेकिन इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
अमेरिकी प्रशासन को इस बारे में क्या जानकारी थी? और उसने इसके बाद क्या कदम उठाए?
हॉवर्ड लटनिक की भूमिका पर उठे सवाल
Cornell Watson/Bloomberg via Getty Images
अमेरिकी वाणिज्य विभाग की ज़िम्मेदारी संवेदनशील अमेरिकी तकनीक के एक्सपोर्ट को नियंत्रित करना है. इसी विभाग पर मेगास्पीड को लेकर कार्रवाई करने का दबाव भी था.
मेगास्पीड एनवीडिया की एक ग्राहक कंपनी है. उस पर शक था कि वह आधुनिक चिप को दूसरे रास्तों से चीन पहुंचाने में मदद कर रही है.
गुरुवार को मेगास्पीड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टैन योंग पोंग, जिन्हें जेम्स टैन के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने कहा कि कंपनी अमेरिकी निर्यात नियंत्रण क़ानूनों का पूरी गंभीरता से पालन करती है.
उन्होंने कहा कि कंपनी अमेरिकी सरकार के साथ पारदर्शी तरीके से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है. मेगास्पीड ने अमेरिकी वाणिज्य विभाग की जांच में सहयोग किया है.
एलिस हुआंग और मेगास्पीड से जुड़ी चिंताओं को लेकर एक बेहद गोपनीय ज़ानकारी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लटनिक के साथ साझा किया गया था.
रिपोर्ट के मुताबिक़, लटनिक ने कंपनी के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने से परहेज़ किया. अब उनके इस फ़ैसले की जांच हो रही है.
सख़्त कार्रवाई चाहते थे कुछ वरिष्ठ अधिकारी
हालांकि, अमेरिकी प्रशासन के कुछ दूसरे वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में सख़्त कार्रवाई चाहते थे.
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट भी उनमें शामिल थे, जिन्होंने सवाल उठाया था कि मेगास्पीड को वाणिज्य विभाग की प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में क्यों नहीं डाला गया.
शुक्रवार को बेसेंट ने इस मामले में वाणिज्य विभाग पर सवाल उठाए.
उन्होंने सीएनबीसी से कहा कि सरकार की कई एजेंसियां कई महीनों से मेगास्पीड को प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में डालने के पक्ष में थीं.
उन्होंने कहा, “लेकिन अंतिम फ़ैसला लेने का अधिकार वाणिज्य विभाग के पास है. इसलिए आपको उसकी आंतरिक प्रक्रिया के बारे में उसी से पूछना होगा.”
एनवीडिया के दख़ल के बाद जांच रुकने का आरोप
John MACDOUGALL / AFP via Getty Images
इस मामले में एक और सवाल उठ रहा है. आख़िर सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड के ख़िलाफ़ चल रही जांच को एनवीडिया के दख़ल के बाद क्यों रोक दिया गया?
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, एनवीडिया के जनरल काउंसल ने मेगास्पीड की ओर से चीन में चिप की कथित तस्करी की जांच कर रहे वाणिज्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया था.
रिपोर्ट में दावा किया गया कि एनवीडिया के अधिकारी ने ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ नियुक्त अधिकारी का हवाला दिया था. इसके बाद कथित तौर पर वाणिज्य विभाग ने जांच रोक दी और मामला न्याय विभाग को सौंप दिया.
इस पूरे घटनाक्रम से ट्रंप की चीन नीति को लेकर प्रशासन के अंदर बड़े मतभेद सामने आए हैं.
जेनसन हुआंग चाहते थे कि एनवीडिया को चीन के बाज़ार तक पहुंच मिले. वहीं, प्रशासन के कुछ दूसरे अधिकारी इसके राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंतित थे.
इस पूरे विवाद में हॉवर्ड लटनिक बीच में फंस गए. अब इस मामले को लेकर राजनीतिक दबाव भी बढ़ता जा रहा है.
अमेरिकी संसद में भी उठे सवाल
Alex Kraus/Bloomberg via Getty Images
अमेरिकी कांग्रेस के दोनों प्रमुख दलों के सांसद इस मामले में जवाब मांग रहे हैं. डेमोक्रेट सांसदों ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि वाणिज्य विभाग ने एआई चिप ख़रीदने की अनुमति पाने वाली चीनी कंपनियों की जांच किस तरह की थी.
रिपब्लिकन सांसद भी ट्रंप प्रशासन के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. जेनसन हुआंग के पद छोड़ने से भी यह विवाद ख़त्म नहीं हुआ है.
चीन पर बनी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विशेष समिति के अध्यक्ष और रिपब्लिकन सांसद जॉन मूलनार ने कहा कि एनवीडिया और दूसरी अमेरिकी एआई कंपनियों की सफलता देश के हित में है. लेकिन कंपनियों को चीन की कंपनियों को सबसे आधुनिक चिप देकर अमेरिका की सुरक्षा को कभी ख़तरे में नहीं डालना चाहिए.
वहीं, सीनेट की बैंकिंग समिति में वरिष्ठ डेमोक्रेट सांसद एलिज़ाबेथ वॉरेन ने कहा कि हुआंग के पद छोड़ने से उनकी ज़िम्मेदारी ख़त्म नहीं हो जाती.
उन्होंने हॉवर्ड लटनिक से जवाब मांगा है. वॉरेन जानना चाहती हैं कि अमेरिकी तकनीक के निर्यात पर लगी पाबंदियों में मौजूद कमियों को अब तक दूर क्यों नहीं किया गया.
इस बीच, बुधवार को जेनसन हुआंग की टीम ने रिपब्लिकन सांसदों को बताया कि वह बंद कमरे में होने वाली सुनवाई में शामिल होने और अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं.
बीबीसी ने इस मामले पर व्हाइट हाउस से भी प्रतिक्रिया मांगी है. हालांकि, अभी तक उसे कोई जवाब नहीं मिला है.
लेकिन व्हाइट हाउस ने न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप को हॉवर्ड लटनिक पर पूरा भरोसा है. व्हाइट हाउस ने उन्हें आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव लाने वाला वाणिज्य मंत्री बताया.
लटनिक के समर्थन में दिया गया यह बयान काफ़ी अहम है. ख़ासकर ऐसे समय में, जब ऐसी रिपोर्टें सामने आ रही हैं कि प्रशासन के कुछ अधिकारी उन्हें पद से हटाने पर विचार कर रहे हैं.
ट्रंप से भी मांगा जा रहा जवाब
Kevin Dietsch/Getty Images
इस पूरे मामले में कुछ सवाल बेहद अहम हैं. अगर हॉवर्ड लटनिक को ख़तरों के बारे में पहले ही चेतावनी दी गई थी, तो उनके विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की?
और अगर प्रशासन के दूसरे वरिष्ठ अधिकारी कार्रवाई का दबाव बना रहे थे, तो फ़ैसला लेने में इतनी देर क्यों हुई?
बीबीसी न्यूज़ ने इस मामले पर अमेरिकी वाणिज्य विभाग से भी प्रतिक्रिया मांगी है.
लेकिन इससे भी बड़ा सवाल डोनाल्ड ट्रंप को लेकर है.
अमेरिकी राष्ट्रपति का जेनसन हुआंग के साथ क़रीबी रिश्ता था. चीन को चिप बेचने से जुड़े फ़ैसलों में भी उनकी सीधी भूमिका थी.
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें ख़ुफ़िया एजेंसियों की चिंताओं के बारे में जानकारी भी दी गई थी.
ऐसे में इस पूरे विवाद को सिर्फ़ एक कारोबारी या किसी एक सरकारी विभाग की ग़लती बताकर ख़ारिज करना मुश्किल होता जा रहा है.
यह विवाद जेनसन हुआंग की निजी ज़िंदगी से शुरू तो हुआ है. लेकिन अब इससे जुड़े सवाल सीधे व्हाइट हाउस तक पहुंच गए हैं.
आख़िर अमेरिकी प्रशासन में हुआंग का कितना प्रभाव था? राष्ट्रपति ट्रंप को इस पूरे मामले की कितनी जानकारी थी? और अमेरिका की सबसे संवेदनशील तकनीक की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी आख़िर किसकी थी?
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




