Source :- LIVE HINDUSTAN

कटहल का इस्तेमाल ज्यादातर लोग सब्जी या बिरयानी बनाने के लिए करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी कटहल के कबाब खाएं हैं? नहीं, तो एक बार जरूर ट्राई करें कटहल कबाब की ये लाजवाब रेसिपी। 

कटहल एक ऐसा कमाल का फल है जिसे शाकाहारियों का मीट भी कहा जाता है। यह आकार में दुनिया का सबसे बड़ा फल है और इसका इस्तेमाल कच्चे और पके, दोनों रूपों में अलग-अलग तरीकों से किया जाता है। पक्के कटहल को लोग फल की तरह खाते हैं और कच्चे कटहल का इस्तेमाल सब्जी और बिरयानी बनाने के लिए किया जाता है। इसके अलावा कच्चे कटहल से आप कबाब बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए कच्चे कटहल को उबालकर मैश किया जाता है। फिर इसके लाजवाब कबाब या टिक्की बनाई जाती है। सीखिए, कटहल के कबाब बनाने का तरीका।

कटहल के कबाब बनाने की सामग्री

कटहल के कबाब बनाने के लिए आपको चाहिए 750 ग्राम कटहल, एक बड़ा चम्मच हरा धनिया, एक छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च, एक छोटा चम्मच सौंफ, पांच हरी मिर्च, दो बड़े चम्मच लहसुन की कलियां, दो इंच अदरक,आधा कप चना दाल(भिगोया हुआ), आधा कप चावल (भिगोए हुए) आधा कप कटा हुआ प्याज, कटा हुआ हरा हरा धनिया, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक छोटा चम्मच नमक, एक छोटा चम्मच कश्मीरी मिर्च पाउडर, लंबाई में कटी प्याज।

कटहल के कबाब बनाने की विधि

कटहल के कबाब बनाने के लिए कच्चे कटहल को कुकर में उबाल लें और फिर जब कुकर ठंडा हो जाए तब कटहल को छानकर बाहर निकाल लें और फिर ठंडा होने दें। तब तक एक मिक्सर जार में मसाला पीस लें। इसके लिए एक छोटे ब्लेंडर में लहसुन की कलियां, हरी मिर्ची, जीरा, काली मिर्ची, सौंफ और अदरक को अच्छे से पीस लें। मसाले का दरदरा पेस्ट बना सकते हैं।

अब कटहल ठंडा हो गया होगा इसे अच्छे से मैश कर लें। मैश किए कटहल में लंबाई में कटी प्याज, पीसा हुआ मसाला, हरा धनिया और बताए गए सूखे मसाले डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। फिर चने की दाल और चावल को एक साथ दरदरा पीस लें। इस मिक्स को भी कटहल में मिला दें। अच्छे से मिक्स करें और फिर टिक्की की शेप दें। अब इन टिक्की को तेल में सेक लें या फिर तवे पर सेक लें। इसके लिए एक नॉन-स्टिक तवे या पैन में 2-3 चम्मच तेल या घी गर्म करें। और फिर कबाब को तवे पर रखें और मीडियम-धीमी आंच पर एक तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सिकने दें। फिर पलटें। अब कटहल के कबाब को हरी चटनी और प्याज के साथ सर्व करें।

टिप

आप चाहें तो चने की दाल के पेस्ट की जगह चावल का पाउडर और भुने बेसन का इस्तेमाल कर सकते हैं। चावल का आटा डालने से कबाब काफी क्रिस्पी और टेस्टी बनते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN