Home BUSINESS NEWS HINDI करोड़ों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, EPFO 3.0 से आसान होगी PF निकासी

करोड़ों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, EPFO 3.0 से आसान होगी PF निकासी

1
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

EPFO Updates: पीएफ का पैसा निकालने में आने वाली झंझटें अब बहुत जल्द दूर होने वाली हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म EPFO 3.0 को लागू करने जा रहा है। इसके तहत करोड़ों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी क्योंकि, अब PF का पैसा निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया और कई दिनों के इंतजार की जरूरत नहीं होगी। EPFO की योजना है कि सदस्य सीधे UPI के जरिए अपने बैंक खाते में PF राशि ट्रांसफर कर सकें।

अभी कैसे निकालना पड़ता है PF?

मौजूदा व्यवस्था में EPFO मेंबर को पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन क्लेम करना पड़ता है। इसके बाद KYC सत्यापन, इंप्लायर की मंजूरी और डॉक्यूमेंट्स की जांच होती है। पूरी प्रक्रिया में आमतौर पर 7 से 10 दिन लग जाते हैं। अगर दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी हो या नौकरी बदल चुकी हो तो और अधिक समय लग सकता है।

EPFO 3.0 में क्या बदलेगा?

नई व्यवस्था के तहत सदस्य UMANG ऐप पर अपना उपलब्ध PF बैलेंस देख सकेंगे और सीधे बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके लिए QR कोड आधारित सुरक्षित सिस्टम और UPI का इस्तेमाल किया जाएगा।

सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि PF निकासी में नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत नहीं पड़ेगी और पैसा लगभग तुरंत खाते में पहुंच सकेगा।

UPI और ATM से भी निकलेगा PF का पैसा

EPFO 3.0 के तहत सदस्य अपने बैंक खाते में PF राशि ट्रांसफर करने के बाद उसे सामान्य बैंकिंग सेवाओं की तरह इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी UPI भुगतान कर सकेंगे, ATM से नकदी निकाल सकेंगे या अन्य ट्रांजैक्शन कर सकेंगे।

ऑटो-सेटलमेंट सीमा बढ़ी

EPFO ने पहले ही ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी है। इससे बड़ी संख्या में दावों का निपटारा बिना मानवीय हस्तक्षेप के तेजी से हो सकेगा।

लॉन्च कब होगा?

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में कहा था कि UPI आधारित PF निकासी सुविधा का परीक्षण पूरा हो चुका है और इसे जल्द शुरू किया जाएगा। हालांकि अभी तक आधिकारिक लॉन्च तारीख घोषित नहीं की गई है।

करोड़ों कर्मचारियों को होगा फायदा

EPFO के पास वर्तमान में करीब 28 लाख करोड़ रुपये का फंड है और देशभर में करोड़ों सदस्य इससे जुड़े हैं। EPFO 3.0 लागू होने के बाद PF निकासी प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक हो जाएगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN