Source :- LIVE HINDUSTAN
पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास, कसमें और वादों से मजबूत होता है। हालांकि, कभी-कभी रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री हो जाती है और पति या पत्नी का अफेयर शुरू हो सकता है। ऐसे में कुछ बदलावों पर ध्यान देकर स्थिति को समझने की कोशिश की जा सकती है।
किसी भी रिश्ते की नींव होती है प्यार, भरोसा और ईमानदारी। खासतौर पर पति-पत्नी का रिश्ता प्यार और भरोसे पर टिका होता है। अगर आपके रिश्ते में एक दूसरे के प्रति प्यार और भरोसा है, तो आपका रिश्ता कभी नहीं टूटेगा। हर रिश्ते में पति-पत्नी एक दूसरे से जन्मों तक साथ निभाने का वादा करते हैं लेकिन कई बार ये वादे बीच में टूट जाते हैं। पति हो या पत्नी किसी का भी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल सकता है और ऐसे में दूसरे पार्टनर का दिल दुख जाता है। अगर आपको अपने पति पर शक है कि उनका कही अफेयर चल रहा है, तो किसी से पूछने या पीछा करने के बजाय कुछ संकेतों से पता करें। इससे आपके मन का शक भी दूर हो जाएगा और अगर ये सच हुआ तब भी मालूम चल जाएगा।
पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के 5 संकेत
1. केयर करने में कमी
अगर अचानक पार्टनर के व्यवहार में बदलाव आ गया है, जैसे वह आपका या परिवार का ध्यान नहीं रख रहे हैं, बात-बात पर गुस्सा करने लगे हैं या फिर सिर्फ अपने बारे में सोच रहे हैं और बाकी किसी से खास मतलब नहीं रहा, तो आपको बैठकर पतिदेव से खुलकर बात करने की जरूरत है। हालांकि, ऐसा जरूरी नहीं है कि इसकी वजह एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर ही हो, लेकिन कुछ मामलों में यह अफेयर का एक संकेत हो सकता है।
2. फोन को लेकर ज्यादा प्राइवेसी
अगर पतिदेव अपने फोन से चिपके रहते हैं और उसे लेकर प्राइवेसी ज्यादा बढ़ गई है। फोन किसी के छूने पर गुस्सा या फिर मैसेज में लगे रहते हैं, तो ध्यान दीजिए। अगर आप किसी तरह से फोन चेक कर पाए तो करें वरना उनसे सीधे तौर पर पूछ लें।
3. लड़ाई और गुस्सा
अगर कही और अफेयर चलता है, तो जो लोग हमारे करीब है उन पर हमारा ध्यान कम हो जाता है। ऐसे में लोग अक्सर जरा-जरा सी बात पर गुस्सा या लड़ाई करने लगते हैं। अगर आपसे पति ज्यादा लड़ाई कर रहे हैं या फिर बात कम करते हैं, तो कारण पूछें। ऑफिस की टेंशन होने का बहाना हो सकता है या फिर सच कुछ और भी।
4. फिजिकल इंटीमेसी हो गई कम
अगर आपका रिश्ता पहले रोमांस-इंटीमेसी से भरा हुआ था लेकिन अचानक उसमें कमी आई है, तो कुछ कारण हो सकते हैं। ऐसे में पति किसी टेंशन में भी हो सकते हैं या फिर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में आपके पार्टनर को आपका टच अच्छा नहीं लगेगा या उसे आपके साथ प्यार वाली फील नहीं आ रही।
5. तुलना किसी और से
अगर पति आपकी तुलना अब किसी और से कर रहे हो या फिर आपके पहनने, रहने, खाने-पीने के ढंग पर सवाल कर रहे हो, तो भी अफेयर के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में पार्टनर को आपमें रुचि कम होने लगती है और दूसरे में बढ़ जाती है और फिर तुलना होने लगती है।
ऐसे में क्या करें?
अगर आपको पता चल जाता है कि पति का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है, तो उनसे सीधे तौर पर बात करें। इन चीजों को लेकर कोई रास्ता निकालें और बच्चों को इन बातों से दूर रखें। ऐसा भी हो सकता है कि ये सिर्फ आपके मन का शक हो ऐसे में भी पति से बात करके चीजों को सही तरीके से सुलझाया जा सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




