Source :- LIVE HINDUSTAN
कैलिफोर्निया में अब 18 साल से कम उम्र के किसी भी बच्चे की शादी नहीं हो सकेगी। गवर्नर गेविन न्यूसम ने बुधवार को असेंबली बिल 1267 पर हस्ताक्षर कर बाल विवाह पर पूरी रोक लगा दी। नया कानून 1 जनवरी 2027 से लागू होगा और इसमें कोई छूट नहीं होगी।
कैलिफोर्निया में बाल विवाह अब पूरी तरह बंद हो जाएगा। गवर्नर गेविन न्यूसम ने बुधवार ( 30 सितंबर 2026) को असेंबली बिल 1267 पर हस्ताक्षर कर इसे कानून बना दिया। नया नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसके बाद राज्य में शादी या डोमेस्टिक पार्टनरशिप के लिए दोनों पक्षों की उम्र कम से कम 18 साल होनी जरूरी होगी। कोई छूट नहीं रहेगी। यह बिल सांता क्रूज की असेंबली सदस्य गेल पेलरिन ने पेश किया था। संस्था अनचेन्ड एट लास्ट और कैलिफोर्निया कमीशन ऑन द स्टेटस ऑफ वुमन एंड गर्ल्स ने इसका समर्थन किया। न्यूसम ने अपने ऑफिस में बिल पर हस्ताक्षर किए। उस समय मॉडल और बाल-विवाह से बची कोर्टनी स्टोडेन भी मौजूद थीं। न्यूसम ने कहा कि यह कैलिफोर्निया के युवाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए बहुत देर से उठाया गया कदम है। आज राज्य के बच्चे पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं।
16 साल की उम्र में हुई थी स्टोडेन की शादी
बता दें कि स्टोडेन ने 16 साल की उम्र में अभिनेता डग हचिंसन से शादी की थी। उस समय हचिंसन करीब 50-51 साल के थे। उनके माता-पिता ने इस शादी की इजाजत दी थी। स्टोडेन ने बाद में इस रिश्ते को गलत और शोषण वाला बताया। उन्होंने कहा कि गवर्नर के इस फैसले से साफ हो गया है कि बाल विवाह से बचे लोगों पर यह बोझ डालना कभी ठीक नहीं था। उन्होंने अनचेन्ड एट लास्ट और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस कानून के लिए लड़ाई लड़ी। स्टोडेन ने यह भी कहा कि कैलिफोर्निया में जीत मिली है, लेकिन वे यहीं नहीं रुकेंगी। वे तब तक कोशिश जारी रखेंगी, जब तक देश के सभी 50 राज्यों में बच्चों को शादी से सुरक्षा नहीं मिल जाती।
पहले शादी की कोई उम्र नहीं
पहले कैलिफोर्निया उन तीन राज्यों में शामिल था, जहां शादी की कोई न्यूनतम उम्र तय नहीं थी। बाकी दो राज्य न्यू मैक्सिको और मिसिसिपी थे। पुराने नियम के तहत किसी भी उम्र के बच्चे की शादी हो सकती थी, बशर्ते माता-पिता की मंजूरी और सुपीरियर कोर्ट के जज का आदेश हो। आलोचकों का कहना था कि बच्चा शादी के लिए पूरी तरह सहमति नहीं दे सकता। कैलिफोर्निया में सहमति की कानूनी उम्र 18 साल है, इसलिए बाल-वयस्क शादी को कई लोग एक तरह की कानूनी खामी मानते थे।
10 साल पहले भी लाया गया था बिल
यह बदलाव आसान नहीं रहा। करीब 9-10 साल पहले भी राज्य में ऐसा बिल लाया गया था, जिससे कैलिफोर्निया बाल विवाह पर पूरी रोक लगाने वाला पहला राज्य बन सकता था। लेकिन तब कुछ नागरिक अधिकार समूहों के विरोध के कारण वह प्रयास पूरा नहीं हो सका। इस बार बिल विधानसभा से पारित हुआ और गवर्नर ने उस पर हस्ताक्षर कर दिए। 2018 के बाद से देश भर में यह मुहिम तेज हुई है। गवर्नर कार्यालय के अनुसार, कैलिफोर्निया से पहले 17 राज्यों ने बिना किसी छूट के बाल विवाह पर रोक लगाई थी। इस कानून के बाद कैलिफोर्निया 18वां राज्य बन गया है। इसके बावजूद अमेरिका के 32 राज्यों में अभी भी कुछ शर्तों के साथ नाबालिगों की शादी कानूनी है।
आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। संस्थाओं के मुताबिक, 2000 से 2021 के बीच कैलिफोर्निया में करीब 35 हजार ऐसी शादियां हुईं, जिनमें कम से कम एक पक्ष नाबालिग था। ज्यादातर मामलों में नाबालिग लड़की की शादी एक वयस्क पुरुष से हुई। देश स्तर पर बाल विवाह के खिलाफ काम करने वाले समूहों का दावा है कि इसी अवधि में अमेरिका में करीब 3 लाख 14 हजार नाबालिगों की कानूनी शादी हुई, जिनमें 10 साल की लड़कियां भी शामिल थीं। अनचेन्ड एट लास्ट के अनुसार, इनमें से कम से कम 66,415 शादियां ऐसी थीं, जिनमें दुल्हन की उम्र इतनी कम थी कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना अपराध माना जाता।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




