Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/18/1200x900/javed_akhtra_ram_1794966370387_QMCn_1794966373684_CQiz_f81c664f-c957-421b-b06d-8dc555fee224_rQdq.pngगीतकार जावेद अख्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में जावेद अख्तर भगवान राम के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। जावेद अख्तर कहते हैं कि हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम हैं।
गीतकार और लेखक जावेद अख्तर को बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाना जाता है। वो किसी भी मुद्दे पर दिल खोलकर अपनी बात कहते हैं। इस वजह से कई बार उन्हें ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ता है। अब सोशल मीडिया पर जावेद अख्तर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में जावेद अख्तर भगवान राम के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। जावेद अख्तर कहते हैं- मेरी ये बात कई लोगों को बुरी लग सकती है, लेकिन राम हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में हैं।
जावेद अख्तर के गाने से रामायण के गानों की तुलना
न्यूज एजेंसी एएनआई ने जावेद अख्तर का ये वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो मुंबई के एक इवेंट का है। इस वीडियो में जावेद अख्तर से पूछा जाता है कि फिल्म स्वदेश में लिखे उनके भजन ‘पल-पल है भारी, वो विपदा है आई’ की एक लाइन है- ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं’, इस एक लाइन ने जो एक असर लोगों के मन में छोड़ा वो हाल ही में रिलीज हुई रामायण के गानों में लोगों को नहीं मिला, इसकी क्या वजह हो सकती है?
जावेद अख्तर का जवाब सुन हंस पड़े लोग
इस सवाल पर पहले तो जावेद अख्तर ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इसका साधारण सा जवाब तो ये है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं। तो मेरी लाइन छूती है लोगों को। क्या समस्या है? जावेद अख्तर की ये बात सुनकर वहां खड़े लोग हंसने लगे और खुद जावेद अख्तर भी हंसने लगे।
जावेद अख्तर बोले- हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम
इसके बाद जावेद अख्तर गंभीरता से इसका जवाब देते हैं। वो कहते हैं, “देखिए मैं आपको एक दोहा सुनाता हूं। ये अब्दुल रहीम खान-ए-खाना का है- रहिमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दोऊ काम (दोनों काम)। सीधे से जग न मिले, उल्टे मिले न राम। राम सिर्फ एक इंसान की बात नहीं है। राम एक विचार हैं। राम एक नैतिकता हैं। राम जीने का एक तरीका हैं। राम कुछ खास नैतिक मूल्यों का प्रतीक हैं। तो वो जो है, जब आप उस पैमाने पर देखें, समझें और प्रशंसा करें, तो आपके दिल को छुएगा। क्यों नहीं छुएगा।”
ये भी पढ़ें: ‘हां मैं मुस्लिम हूं, लेकिन नमाज नहीं..’, शबाना आजमी की इस बात पर होती है जावेद अख्तर से बहस
जावेद अख्तर आगे कहते हैं, “बहुत से लोग सुनकर मेरी बात शायद नाराज भी होंगे, हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम हैं…उसका कोई भी मजहब हो, उसके खून में राम मौजूद हैं। वो एक शख्स नहीं हैं, वो उससे कई बड़े हैं। वो जीवन जीने का तरीका हैं।”
क्या रणबीर कपूर की रामायण देखेंगे जावेद अख्तर?
इस दौरान जावेद अख्तर ने रणबीर कपूर की रामायण पर भी बात की। उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने रामायण देखी? जावेद अख्तर ने कहा कि उन्होंने रामायण देखी नहीं है, लेकिन उनकी बेटी ने फिल्म देख ली है। वो बहुत तारीफ कर रही थीं। जावेद अख्तर ने कहा कि उनकी बेटी आसानी से तारीफ करती नहीं हैं, आज तक खुद उनकी (जावेद अख्तर की) भी तारीफ नहीं की है।
जावेद अख्तर के वीडियो पर क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?
जावेद अख्तर के इस वीडियो पर तमाम सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन भी आए हैं। एक यूजर ने लिखा- और ये आदमी खुद को नास्तिक कहता है। एक दूसरे यूजर ने लिखा- जावेद अख्तर के साथ सहमति रखता हूं। एक ने कहा- तो ये नास्तिक होने का ड्रामा सिर्फ मुस्लिम धर्म के लिए ही है। एक ने लिखा- वीएफएक्स के चक्कर में हिंदुओं ने रामायण को बर्बाद कर दिया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




