Home LIFESTYLE NEWS HINDI कोलेस्ट्रॉल से बीपी तक! खाली पेट लहसुन खाने के ये हैं फायदे,...

कोलेस्ट्रॉल से बीपी तक! खाली पेट लहसुन खाने के ये हैं फायदे, आचार्य बालकृष्ण ने बताया

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रोजाना सुबह उठते ही अगर कच्चा लहसुन खाया जाए, तो शरीर को कई फायदे हो सकते हैं। कोलेस्ट्रॉल से ले कर बीपी तक, आचार्य बालकृष्ण ने ऐसे तमाम फायदों के बारे में बताया है। साथ ही कच्चा लहसुन खाने का सही तरीका भी शेयर किया है।

लहसुन का इस्तेमाल सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए ही नहीं किया जाता, बल्कि आयुर्वेद में भी इसके कई फायदे बताए गए हैं। आपने अक्सर सुना होगा कि सुबह खाली पेट कच्चे लहसुन की कली खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। खासकर कोलेस्ट्रॉल और ओवरऑल हार्ट हेल्थ के लिए इसे लाभकारी माना गया है। आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि लहसुन पौष्टिक, वातशामक और शोधहारी भी है। यदि रोजाना सुबह पानी में भिगोकर रखी हुई इसकी कलियों का सेवन किया जाए, तो कई रोगों में इसका लाभ मिल सकता है। इतना ही नहीं लहसुन का तेल बनाकर भी सूजन और दर्द कम करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए विस्तार में जानते हैं आचार्य में लहसुन के क्या-क्या फायदे बताए हैं।

सुबह खाली पेट लहसुन खाने के फायदे

कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोगों में लाभकारी है

आचार्य बालकृष्ण के अनुसार, नियमित रूप से खाली पेट लहसुन का सेवन करना कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। साथ ही ये अन्य हृदय रोगों से बचाव में भी मदद करता है। दरअसल लहसुन में एलिसिन जैसे एक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं, जो कुछ हद तक LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद रखते हैं। साथ ही ये शरीर में ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस को कम करने और इन्फ्लेमेशन (सूजन) को कम करने में भी भूमिका निभा सकता है।

हाइपरटेंशन यानी हाई बीपी में फायदेमंद

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि खाली पेट लहसुन का सेवन हाइपरटेंशन यानी हाई बीपी को नियंत्रित रखने में भी मदद कर सकता है। लहसुन में मौजूद बायोएक्टिव कंपाउंड्स ब्लड वैसल्स को रिलेक्स करने और ब्लड फ्लो को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि अगर आपका बीपी काफी बढ़ा हुआ रहता है, तो सिर्फ लहसुन के सहारे अपनी दवाई बंद ना करें। इस बारे में अपने डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

जोड़ों के दर्द में फायदेमंद है लहसुन

अगर आपके जोड़ों में दर्द और सूजन बनी रहती है, तो खाली पेट लहसुन का सेवन आपके लिए भी फायदेमंद हो सकता है। लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड्स में एंटी इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो जोड़ों में दर्द, सूजन और अकड़न की समस्या में फायदा कर सकते हैं।

पाचन और एनर्जी सुधारने में मदद करता है

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि खाली पेट लहसुन खाना शरीर के संतुलन और पाचन क्रिया को सुधारने में सहायक हो सकता है। यह शरीर में ऊर्जा और स्फूर्ति बनाए रखने में मदद कर सकता है।

इस तरह करें लहसुन का सेवन

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि लहसुन की कलियों को छीलकर रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें। फिर सुबह उठकर खाली पेट इनका सेवन कर लें। लंबे समय तक लहसुन का सेवन करने पर शरीर से बदबू आने की समस्या होने लगती है, लेकिन यदि पानी में भिगोकर इनका सेवन किया जाए तो वो समस्या नहीं होती है।

लहसुन को पकाकर तेल बनाएं

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि 50 ग्राम लहसुन को अच्छे से कूटकर 100-200 ग्राम तिल या सरसों के तेल में काला होने तक पका लें। फिर उसे छानकर एक शीशी में स्टोर कर लें। शरीर में जहां भी सूजन या दर्द हो इस तेल से मसाज करें, बहुत ही ज्यादा फायदा करता है। इस तेल को कान में डालने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN