Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तान की 8047 मीटर ऊंची ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान हिमस्खलन की वजह से पर्वतारोहियों का एक पूरा दल ही लापता हो गया। इसमें मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुरजा भी शामिल हैं। राहत-बचाव का अभियान चलाया जा रहा है।
नेपाल के नामचीन पर्वतारोही और ब्रिटिश सेना में रॉयल मरीन रह चुके निर्मल पुर्जा और उनका पूरा दल पाकिस्तान की ब्रॉड पीक पर लापता हो गया है। जानकारी के मुताबिक उनके दल में कुल 10 सदस्य थे। हिमस्खलन के बाद उनका पूरा दल गायब हो गया। मौसम ठीक होने के बात पाकिस्तान उन्हें खोजने की कोशिश कर रहा है। इस दल में एक अमेरिकी, एक चीनी, एक ओमानी और पांच नेपाली नागरिक शामिल थे। निर्मल पुरजा भी नेपाल के ही रहने वाले हैं और पर्वतारोहण के मामले में उनके नाम कई रिकॉर्ड हैं।
पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार को दोपहर 12 बजे के करीब काराकोरम पर्वतमाला में स्थित 8047 मीटर ऊंची चोटी पर हिमस्खलन की वजह से कई लोग लापता हो गए। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं स्थापित हो सका। यह चोटी दुनिया की 12 सबसे ऊंची चोटियों में शामिल है और चढ़ाई के लिहाज से काफी खतरनाक मानी जाती है।
हेलिकॉप्टर से राहत-बचाव की कोशिश
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि मौसम ठीक होने के बाद शुक्रवार सुबह बचाव अभियान शुरू किया गया है। हेलिकॉप्टर से लापता दल के तलाश की कोशिश की जा रही है। अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान की तरफ से कहा गया कि ऐसे कठिन समय में अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण समुदाय एकजुट हैं।
कौन हैं निर्मल पुरजा?
निर्मल पुरजा नेपाल के रहने वाले पर्वतारोही हैं। 2003 में वह ब्रिटिश सेना में शामिल हो गए थे और 2009 में रॉयल मरीन बने थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने 2012 में एक बार माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप में पहुंचे। इसके बाद ही उनमें पर्वतारोहण की ललक पैदा हो गई और फिर उन्होंने एवरेस्ट फतह कर लिया। इसके बाद उनके पर्वतारोहण का सिलसिला शुरू हो गया। 2019 में उन्होंने कमाल ही करदिया। 6 महीने में ही निर्मल पुरजा ने दुनिया की 8000 मीटर से ज्यादा ऊंची 14 चोटियों को फतह कर लिया।
पुरजा ने एवरेस्ट, मकालू और ल्होत्से को 48 घंटे के अदर ही फतह कर लिया था। उनपर एक डॉक्युमेंट्री भी बनाई गई है जिसका शीर्षक ’14 पीक्स, नथिंग इज इंपॉसिबल’ है।बता दें कि पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक मौसम की वजह से राहत और बचाव के काम में काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




