Source :- LIVE HINDUSTAN
फिश ऑयल कैप्सूल आजकल हर कोई खाने लगा है लेकिन अगर आप इसके फायदे और नुकसान नहीं जानते हैं। तो बिना डॉक्टर की सलाह के खाना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।
फिश ऑयल कैप्सूल सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है, इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन A, D, हेल्दी फैट्स पाया जाता है। इसके अलावा मछली के तेल में EPA और DHA भी होता है, जो शरीर खुद नहीं बनाता है। कई लोग बिना किसी डॉक्टर की सलाह लिए ही फिश ऑयल कैप्सूल खाना शुरू कर देते हैं, खासतौर पर जो लोग जिम करते हैं। वैसे तो फिश ऑयल कैप्सूल फायदेमंद होती है लेकिन कुछ लोगों के लिए ये नुकसानदायक भी होती है। अगर आप इसकी ओवरडोज ले लेते हैं, तो शरीर में ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा बढ़ जाएगी और ऐसे में आपका शरीर बीमारियों का घर बन सकता है। साओल हेल्थ सेंटर के डॉक्टर बिमल छज्जर ने फिश ऑयल कैप्सूल से होने वाले फायदे-नुकसान के बारे में बताया है।
फिश ऑयल कैप्सूल के फायदे
हार्ट हेल्थ के लिए अच्छा- फिश ऑयल कैप्सूल ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर कम करने और हार्ट हेल्थ को सपोर्ट करने में सहायक होता है। इसे खाने से खून में मौजूद एक्स्ट्रा फैट कम होता है, साथ ही दिल की धमनियों की सूजन भी कम होती है।
लीवर के लिए फायदेमंद- नॉन-अल्कोहल फैटी लीवर की समस्या आजकल आम हो चुकी है, ऐसे में फिश ऑयल खाने की सलाह दी जाती है। इसे खाने से लीवर में जमा फैट निकल जाता है और सूजन में राहत मिलती है।
फाइब्रोसिस को करता है कम- फिश ऑयल कैप्सूल लीवर सिरोसिस और लीवर फेलियर के खतरे को भी कम करने में मदद करता है। फाइब्रोसिस ऐसी स्थिति है, जो लीवर की खराब कोशिकाओं की मरम्मत करने के लिए कोशिश करता है। ये कैप्सूल फाइब्रोसिस को कम करने में मदद करता है।
हड्डियां होंगी मजबूत- रिसर्च में पाया गया है कि जोड़ों के दर्द, अर्थराइटिस पेन और हड्डियों में जकड़न में फिश ऑयल काफी फायदेमंद होता है। इसे खाने से दर्द में राहत मिलती है और अगर आप इसे खाते नहीं है, तो मालिश भी कर सकते हैं।
वजन कंट्रोल करें- हार्ट-लीवर के अलावा फिश ऑयल आपका वजन कंट्रोल करने में भी मदद करेगा। इससे शरीर में जमी हुई चर्बी कम होती है, जिससे बढ़ते हुए वजन को कंट्रोल में करना आसान हो जाता है।
साइड इफेक्ट्स भी जान लीजिए
खून का पतला होना- अगर आप खून पतला करने की दवाई खा रहे हैं, तो फिश ऑयल कैप्सूल लेना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। ओमेगा 3 फैटी एसिड में एंटीथ्रॉम्बोटिक गुण होते हैं जो रक्त के थक्के बनने को रोकते हैं और खून को थोड़ा पतला करते हैं। अगर आप पहले से कोई दवाई खा रहे हैं, तो इसकी डोज से नुकसान हो सकता है।
- पेट से जुड़ी समस्याएं-
- अगर आप फिश ऑयल कैप्सूल की ज्यादा गोलियां खाते हैं, तो आपको पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसकी ओवरडोज से शरीर में ओमेगा फैटी एसिड 3 ज्यादा पहुंचेगा, जिससे अपच, गैस, दर्द, उल्टी होने लगेगी।
- विटामिन ई की कमी होना-
- अगर आप फिश ऑयल कैप्सूल की ओवरडोज लेते हैं, तो विटामिन ई की शरीर में कमी हो सकती है। इसे लगातार लेने पर शरीर में विटामिन ई का ज्यादा इस्तेमाल होता है और फिर धीरे-धीरे कमी आ जाती है।
- मछली से एलर्जी-
- अगर आपको मछली या किसी सी फूड से एलर्जी है, तो फिश ऑयल कैप्सूल लेने की गलती न करें। इससे आपके शरीर में एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है, जो काफी खतरनाक भी हो सकता है।
कब और कैसे लेनी चाहिए?
डॉक्टर के मुताबिक, फिश ऑयल कैप्सूल हमेशा खाना खाने के बाद ही लेना चाहिए, जिससे फैट के साथ ये आसानी से शरीर में अब्जॉर्ब हो जाए। अगर आप अपनी हेल्दी डाइट में मछली और नट्स खाते हैं, तो आपको फिश ऑयल कैप्सूल नहीं खानी चाहिए। ऐसे में शरीर में ओमेगा फैटी एसिड 3 का ओवरडोज हो सकता है।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



