Home LIFESTYLE NEWS HINDI क्या सेंधा नमक खाने से ब्लड प्रेशर कम होता है? न्यूरोलॉजिस्ट से...

क्या सेंधा नमक खाने से ब्लड प्रेशर कम होता है? न्यूरोलॉजिस्ट से जानें फायदे-नुकसान

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आपने लोगों को कहते हुए सुना होगा कि बीपी के मरीजों के लिए सेंधा नमक काफी फायदेमंद होता है। साधारण नमक की जगह सेंधा नमक खाने से बीपी बढ़ता नहीं है। लेकिन क्या वाकई ये बात सच है? आइए जानते हैं डॉक्टर का इसपर क्या कहना है।

आजकल हाई ब्लड प्रेशर की समस्या काफी कॉमन हो गई है। हर दूसरा आदमी आपको बढ़े हुए बीपी की शिकायत करता मिल जाएगा। चूंकि बीपी एक लाइफस्टाइल संबंधी बीमारी है, इसलिए इसे कंट्रोल में रखने के लिए लोग सबसे पहला बदलाव अपनी डाइट में करते हैं। कई लोग तो अपने खाने तक का नमक भी बदल देते हैं। आपने सुना होगा कि बीपी के मरीजों के लिए सेंधा नमक ज्यादा बेहतर होता है। सोशल मीडिया पर दावे किए जाते हैं कि सेंधा नमक खाने से बीपी नहीं बढ़ता है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि साइंस आखिर क्या कहती है? क्या वाकई बीपी वालों के लिए नॉर्मल नमक से ज्यादा सेंधा नमक फायदेमंद होता है? न्यूरोलॉजिस्ट डॉ रोहित गुप्ता ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसी सवाल का जवाब दिया है। आइए जानते हैं उनका क्या कहना है।

क्या सेंधा नमक खाने से बीपी कम होता है?

अक्सर लोग सोचते हैं कि बीपी के मरीजों के लिए सेंधा नमक, साधारण नमक की तुलना में ज्यादा अच्छा होता है। जबकि साइंस के मुताबिक ऐसा बिल्कुल नहीं है। न्यूरोलॉजिस्ट कहते हैं कि बीपी नमक के सोडियम की वजह से बढ़ता है। साधारण नमक और सेंधा नमक दोनों में ही सोडियम की मात्रा लगभग बराबर रहती है। ऐसे में आप कोई भी नमक खाएं, दोनों का ब्लड प्रेशर पर एक जैसा ही असर होता है। इसलिए यह कहना कि सेंधा नमक ज्यादा बेहतर है, बिल्कुल भी सही नहीं है।

सोडियम की मात्रा कंट्रोल करना है जरूरी

डॉ रोहित गुप्ता कहते हैं कि हाई बीपी के मरीजों के लिए अपने सोडियम की मात्रा को कंट्रोल करना सबसे जरूरी है। चूंकि सेंधा नमक और साधारण नमक, दोनों में ही सोडियम लेवल लगभग बराबर होता है, इसलिए कोई भी नमक खाएं उसकी मात्रा को ध्यान में जरूर रखें। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि बीपी के मरीजों को अपना नॉर्मल नमक बदलने की कोई जरूरत नहीं है। इससे कोई अतिरिक्त फायदा नहीं होने वाला।

ज्यादा नमक खाने से सेहत को क्या नुकसान होते हैं?

अगर आपकी डेली डाइट में नमक की मात्रा ज्यादा है, तो हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) की समस्या बनी रह सकती है। इसके अलावा ज्यादा नमक खाने से हार्ट संबंधी बीमारियां, ब्रेन स्ट्रोक, पैरालिसिस और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

दिन में कितना नमक खाना चाहिए?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, एक वयस्क को दिन में 5 ग्राम से कम नमक खाना चाहिए। यह मात्रा लगभग एक छोटी चम्मच के बराबर होती है।

हाई बीपी के मरीज रखें इन बातों का ध्यान

  • खाने में नमक की कम मात्रा रखें, चाहें सेंधा नमक हो या साधारण नमक।
  • अचार, पापड़, चिप्स, नमकीन और पैकेज्ड फूड आइटम्स का सेवन कम करें। इनमें नमक की मात्रा बहुत ज्यादा होती है।
  • नियमित रूप से ब्लड प्रेशर चेक करते रहें।
  • डॉक्टर की सलाह से दवाएं लें और अपनी मर्जी से बंद ना करें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN