Source :- LIVE HINDUSTAN

Perfect Dosa Batter: मार्केट वाला क्रिस्पी डोसा आप घर पर भी बना सकते हैं। इसके लिए आपको बस ये 1 बैटर सीखना है, सही सामग्री और अनुपात जानने के बाद आपका डोसा कभी भी गलत नहीं बनेगा। इस बैटर का फर्मेंटेशन भी परफेक्ट होगा।

साउथ इंडिया का सबसे फेमस ब्रेकफास्ट डोसा, आज पूरे भारत के सबसे पॉपुलर ब्रेकफास्ट में से एक बन चुका है। इसका क्रिस्पी स्वाद ही कुछ ऐसा होता है कि एक बार खा कर मन नहीं भरता। बैटर पहले से रेडी हो तो सुबह ब्रेकफास्ट में ये आसानी से बन जाता है, वहीं टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी होता है। हालांकि घर पर डोसा बनाते हुए अक्सर इसके बैटर से जुड़े कुछ सवाल होते हैं। जैसे- बैटर में क्या-क्या डालें कि डोसा एकदम क्रिस्पी बने, इसे फर्मेंट कैसे करना है और भी बहुत कुछ। अगर एक बार आप डोसा का बैटर परफेक्ट तरह से बनाना सीख जाएं, तो ये एकदम मार्केट स्टाइल क्रिस्पी और कुरकुरा बनता है। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बिंदेश्वरी सिंह ने ऐसी ही परफेक्ट डोसा बैटर से जुड़ी कुछ टिप्स साझा की हैं, आइए जानते हैं।

डोसा बैटर के लिए चावल और दाल का अनुपात क्या रखें?

परफेक्ट डोसा बैटर बनाने के लिए 3:1 का अनुपात फॉलो करें। यानी अगर आप 3 कप चावल ले रहे हैं तो दाल की मात्रा एक कप रखें। पारंपरिक रूप से डोसा बनाने के लिए इडली राइस का इस्तेमाल किया जाता है, आप कोई भी चावल ले सकते हैं। इसके अलावा दाल की बात करें तो इसमें बिना छिलके वाली उड़द दाल (धुली हुई) इस्तेमाल की जाती है।

डोसा बैटर में और क्या-क्या चीजें मिलाएं?

दाल और चावल के अलावा डोसा के बैटर में कुछ और चीजें भी मिलाई जाती हैं। अगर आप 3 कप चावल और 1 कप दाल ले रहे हैं, तो उस हिसाब से इसमें 1/4 कप चना दाल, अरहर की दाल (2 चम्मच) और एक चम्मच मेथी दाना एड कर सकते हैं। जितनी भी मात्रा में दाल-चावल ले रहे हैं, इन सभी की मात्रा भी उसी हिसाब से एडजस्ट कर लें। अब सभी चीजों को अच्छे से दो-तीन बार वॉश कर लें, फिर 5-6 घंटे के लिए इन्हें भिगोकर रख दें।

पोहा मिलाने से लाइट और फ्लफी बनेगा डोसा

5-6 घंटे दाल भिगोकर रखने के बाद बैटर को पीसने से पहले आपको डेढ़ कप पोहे को पानी में भिगोकर कुछ देर के लिए रख देना है। 5 से 10 मिनट में ही ये अच्छी तरह फूल जाएगा। पोहा डालने से डोसा काफी लाइट और फ्लफी बनता है।

इस तरह पीसकर बनाएं डोसा बैटर

अब भिगोकर रखी हुई दाल और पोहा को मिक्सचर में डालें। बैटर पीसने के लिए आपको वही पानी इस्तेमाल करना है, जिसमें आपने दाल को भिगोकर रखा था। इतने बैटर के लिए लगभग 1.25 से 1.75 कप तक पानी लग जाता है। हालांकि आपको पानी एक साथ नहीं, बल्कि थोड़ा-थोड़ा कर के एड करना है। इसे पीस लें, बैटर की कंसिस्टेंसी मीडियम होनी चाहिए। यानी ना ज्यादा गाढ़ा, ना ज्यादा पतला। साथ ही इसका टेक्सचर थोड़ा दानेदार लगना चाहिए। इसे अगर आप किसी बर्तन में गिराएं तो ये रिबन जैसी कंसिस्टेंसी में गिरना चाहिए।

फास्ट फर्मेंटेशन के लिए मिलाएं ये 1 सीक्रेट चीज

अब बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें। इसमें चुटकी भर चीनी एड करें। चीनी मिलाने से फर्मेंटेशन का प्रोसेस तेजी से होता है। बैटर को 2-3 मिनट के लिए हाथ से लगातार फेंटे। फिर बैटर को ढककर किसी गर्म जगह पर 10-12 घंटे के लिए रख दें। ये बिल्कुल परफेक्टली फर्मेंट हो जाएगा।

फ्रिज में कितने दिन स्टोर कर सकते हैं ये बैटर

जितना बैटर आपको इस्तेमाल करना है, उसमें स्वादानुसार नमक मिलाकर आप डोसा तैयार कर सकते हैं। बाकी के बचे हुए बैटर में नमक ना मिलाएं। फ्रिज में ये आराम से 5-7 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN