Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/07/1200x900/Longest_Running_TV_Shows_1791370520907_2C4T_1791370531243_Lqjr_1eebc3ba-5ca1-4958-a87e-110fed98cce4_NIzh.pngआज आपको कुछ ऐसे शोज के बारे में आपको बताएंगे, जो बीते कई सालों से लगातार चल रहे हैं। एक पीढ़ी जवान हो गई, लेकिन ये शोज बंद नहीं हुए।
आज जान लीजिए उन शोज के बारे में, जो शुरू हुए लेकिन खत्म होने का नाम नहीं ले रहे।
लंबे वक्त से फिल्मों के बाद टीवी ऑडियंस के लिए मनोरंजन का सबसे पसंदीदा जरिया रहा है। यही वजह है कि टीवी चैनल्स धारावाहिकों को लेकर तरह-तरह के प्रयोग करते रहे हैं। हालांकि कुछ ही ऐसे शोज रहे हैं, जो लंबे टिक पाते हैं और टीआरपी लिस्ट में अपनी जगह पक्की किए रहते हैं। आज बात करेंगे ऐसे ही कुछ सीरियल्स की जो शुरू हुए तो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। हम आपको इस लिस्ट में कुछ ऐसे शोज के बारे में बताएंगे जिन्हें देखते-देखते एक पीढ़ी जवान हो गई, और अभी तक इनका प्रसारण जारी है। तो चलिए शुरू करते हैं। सबसे कम एपिसोड से सबसे ज्यादा एपिसोड वाले शोज की तरफ यह सफर।
बालिका वधू
साल 2008 में शुरू हुआ यह टीवी सीरियल 2016 तक चला था। कुल 8 साल के प्रसारण में इस शो के 2,284 एपिसोड प्रसारित किए गए थे। राजस्थानी बैकड्रॉप में चलने वाले इस धारावाहिक में सामाजिक कुरीतियों और बहुत संवेदनशील मुद्दों पर चोट की गई थी। ‘बाल विवाह’ के कॉन्सेप्ट को पकड़कर शुरू हुआ यह मुद्दा कई अहम विषयों पर बात करता है। इसको कुल 2 सीजन आए थे और दोनों को ही दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला। इस शो ने ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ और ‘पवित्र रिश्ता’ जैसे शोज को भी एपिसोड्स की संख्या और रन टाइम के मामले में पीछे छोड़ दिया था।
सीआईडी
सस्पेंस ड्रामा शोज के मामले में यह शो भारत की पहली पसंद बन गया था। इस शो के किरदारों से लेकर इसके डायलॉग्स तक आज भी लोगों की जुबां पर कायम हैं। साल 1998 में शुरू हुआ सोनी टीवी का यह धारावाहिक साल 2018 तक चला। फिर साल 2024 में इस शो ने नए अवतार में कमबैक किया। इस सीरियल के कुल 2 सीजन आए और इस दौरान स्टार कास्ट को लेकर भी काफी प्रयोग किया गया था। यह शो करीब 20 साल से ज्यादा वक्त तक टीवी पर प्रसारित किया गया।
तारक मेहता का उल्टा चश्मा
गोकुलधाम सोसायटी और इसके किरदारों को देखते-देखते एक पीढ़ी जवान हो चुकी है। असित मोदी के प्रोडक्शन वाले इस शो के अभी तक 4500 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित किए जा चुके हैं। 28 जुलाई 2008 को शुरू हुआ यह शो अभी तक चल रहा है। पोपटलाल से लेकर हाथी भाई तक और तारक मेहता से लेकर जेठालाल तक इस शो का हर किरदार इतनी खूबसूरती से गढ़ा गया है कि इनका अंदाज आपके दिल पर छप जाता है। हल्की फुल्की कहानियों से जरूरी मैसेज देता यह शो अभी भी जारी है।
ये रिश्ता क्या कहलाता है
यह ड्रामा सीरियल 12 जनवरी 2009 में शुरू हुआ था। भले ही इस शो का अभी तक सिर्फ एक ही सीजन आया है, लेकिन यह शो अभी तक चल रहा है। इस शो में कहानी और किरदारों से लेकर पीढ़ी की पीढ़ियां बदल चुकी हैं। स्टार प्लस पर अभी भी प्रसारित हो रहे इस टीआरपी टॉपर सीरियल के 5300 से ज्यादा एपिसोड आ चुके हैं और अभी भी यह दर्शकों का फेवरिट बना हुआ है।
कृषि दर्शन
लिस्ट में टॉप पर है एक ऐसा शो, जिसकी टीआरपी मायने नहीं रखती। यह शो भारत के किसानों तक उनके काम की जरूरी जानकारियां पहुंचाने का काम करता है। भारत के अन्नदाता को ध्यान में रखकर दूरदर्शन पर शुरू किया गया यह सीरियल 26 जनवरी 1967 में शुरू किया गया था। इस शो के 16,780 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित किए जा चुके हैं और यह अभी भी चल रहा है। इस सीरियल के अभी तक कुल 62 से ज्यादा सीजन आ चुके हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




