Home rss world hindi खत्म होने वाला है यूक्रेन युद्ध? जंग के बीच पुतिन ने खोले...

खत्म होने वाला है यूक्रेन युद्ध? जंग के बीच पुतिन ने खोले पत्ते, अमेरिका से रिश्ते सुधारने को तैयार रूस

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मॉस्को से शांति की ओर बढ़ते कदमों का संकेत मिला है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते की संभावना मौजूद है।

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे संघर्ष के बीच मॉस्को से एक बार फिर शांति की संभावना का संकेत मिला है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि दोनों पक्षों के बीच बढ़ती शत्रुता के बावजूद मॉस्को और कीव के बीच शांति समझौते की संभावना मौजूद है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रूस अमेरिका के साथ संबंधों को बहाल करने के पक्ष में है। पुतिन का यह बयान पूर्वी आर्थिक मंच के पूर्ण सत्र के दौरान आया। मंच पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि रूस उन सभी पक्षों का आभारी है जो इस मुद्दे को सुलझाने में योगदान देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई संभावना है? और खुद ही जवाब दिया- मेरी राय में, हां, संभावना है।

अमेरिकी प्रशासन से संपर्क जारी

इस दौरान रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन के साथ रूस के संपर्क जारी हैं। उन्होंने बताया कि मॉस्को आज भी वाशिंगटन के संपर्क में है और उम्मीद है कि ये संपर्क आगे भी चलते रहेंगे। पुतिन के अनुसार रूस अमेरिका के साथ पूर्ण रूप से संबंध बहाल करने का समर्थक है। हालांकि उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि संबंधों की बहाली केवल रूस की इच्छा पर निर्भर नहीं है। उनके मुताबिक यह प्रक्रिया अमेरिकी पक्ष की भूमिका पर भी निर्भर करेगी। पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रंप प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को सुलझाने के लिए सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने को तैयार दिखते हैं।

ट्रंप-पुतिन शिखर सम्मेलन की चर्चा फिर तेज

दरअसल, पुतिन के बयान के साथ ही वाशिंगटन से भी मिलता-जुलता संकेत मिला है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अगर मॉस्को यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति समझौते की दिशा में काम करने को तैयार है, तो वे पुतिन के साथ एक और शिखर सम्मेलन करने के लिए तैयार हैं। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे ऐसा करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं भी ऐसा चाहता हूं, लेकिन मैं यह तभी करना चाहता हूं जब हम शांति समझौते के लिए तैयार हों। इस दौरान ट्रंप का जोर इस बात पर था कि बैठक महज औपचारिकता न बने, बल्कि उसके पीछे कोई ठोस समझौता दिखाई दे। ट्रंप ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि अमेरिका रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखे। उनका तर्क था कि बेहतर संबंध केवल कूटनीति के लिए नहीं, व्यापार के लिए भी फायदेमंद होंगे।

दोनों देशों के बीच गुप्त वार्ता

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप प्रशासन यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के साथ-साथ मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष में मॉस्को की भूमिका को भी ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय गुप्त वार्ता आगे बढ़ा रहा है। इन रिपोर्टों में दो घटनाक्रम खास तौर पर चर्चा में हैं। पहला, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ की मॉस्को यात्रा। यह यात्रा बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि यह बिना पूर्व सूचना के हुई और इसमें अमेरिकी खुफिया प्रमुख का रूसी सुरक्षा तंत्र से सीधा संपर्क शामिल बताया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक इस यात्रा का मकसद यह आंकना भी था कि क्या मॉस्को शांति प्रक्रिया को फिर पटरी पर लाने के लिए तैयार है।

वहीं, दूसरा बड़ा संकेत अमेरिका द्वारा आयोजित जी-20 बैठक में रूसी वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव की अप्रत्याशित उपस्थिति है। युद्ध शुरू होने के बाद रूस के उच्च आर्थिक अधिकारियों की ऐसी बैठकों में सीधी भागीदारी कम हो गई थी। इसलिए सिलुआनोव की मौजूदगी को कई पर्यवेक्षक प्रत्यक्ष जुड़ाव की दिशा में बड़े बदलाव के रूप में देख रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN