Source :- LIVE HINDUSTAN
गर्मी के मौसम में किचन में घंटों खड़े रहकर खाना बनाने की कई बार इच्छा नहीं होती। ऐसे में आप 10 मिनट में बनने वाली आसान रेसिपी बना सकते हैं। हम यहां पर 4 सिंपल रेसिपी आइडिया शेयर कर रहे हैं।
गर्मी का कहर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ऐसे में किचन में घंटों खड़े होकर दाल-चावल, रोटी-सब्जी बनाना किसी मुश्किल टास्क से कम नहीं लगता। तेज गर्मी और पसीने के बीच खाना पकाते-पकाते कई महिलाओं की तबीयत भी खराब हो जाती है। अगर आपका भी इस मौसम में लंबे समय तक किचन में काम करने का मन नहीं करता, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सिर्फ 10 मिनट में कुछ ऐसी झटपट और टेस्टी रेसिपी तैयार कर सकती हैं, जो स्वाद में भी शानदार हों और बनाने में भी बेहद आसान। खास बात यह है कि इन क्विक रेसिपी को बच्चे से लेकर बड़े तक सभी बड़े चाव से खाएंगे और बार-बार बनाने की डिमांड करेंगे।
क्या-क्या बना सकते हैं?
आजकल सोशल मीडिया पर भी कई इंस्टेंट रेसिपी आप देखती होंगी, जो बनाने में आसान होती है और स्वाद में जबरदस्त। आप भी ऐसे ही 5 रेसिपी के बारे में जान लीजिए, जब भी पूरा खाना बनाने का मन ना करें तो ये मदद करेंगी।
1- मैंगो राइस रेसिपी
कच्चे आम का सीजन चल रहा है और अगर आपके फ्रिज में रात के पके हुए चावल पड़े हैं, तो फटाफट एक रेसिपी रेडी हो सकती है। साउथ इंडियन स्टाइल वाली मैंगो राइस ट्राई कर सकती हैं। कच्चे आम, करी पत्ता और मसालों से बनने वाली यह डिश खाने में बेहद टेस्टी लगती है और इसे बनाने में समय भी कम लगेगा।
- सामग्री नोट करें
2 कप पके हुए चावल
1 कच्चा खट्टा आम (कद्दूकस किया हुआ)
3-4 हरी मिर्च
1-2 सूखी लाल मिर्च
1 छोटा चम्मच राई
1 बड़ा चम्मच चना दाल
1 बड़ा चम्मच उड़द दाल
8-10 करी पत्ते
¼ कप मूंगफली
1 इंच अदरक (बारीक कटा हुआ)
¼ छोटा चम्मच हल्दी
चुटकीभर हींग
3 बड़े चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
- बनाने की विधि-
सबसे पहले चावल को पकाकर पूरी तरह ठंडा कर लें, ताकि वे चिपचिपे न हों। अगर पहले से चावल रखे हैं, तो वही यूज करें। दूसरी तरफ कच्चे आम को धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें। अब एक पैन में तेल गर्म करें और मूंगफली को सुनहरा होने तक भूनकर अलग निकाल लें। फिर उसी पैन में राई, चना दाल और उड़द दाल डालकर तड़काएं। हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च, अदरक और करी पत्ता डालकर भूनें। अब इसमें हींग, हल्दी और कद्दूकस किया हुआ आम डालें। 2-3 मिनट तक पकाएं, जिससे आम थोड़ा नरम हो जाए। तैयार किए गए मसाले में चावल और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें। बस फिर ऊपर से भुनी हुई मूंगफली डालें और गर्मागर्म सर्व करें।
2- रोटी मसाला रोल
रोटियां भी अक्सर बची होती है और फिर लगता है या तो बासी खाओ या फिर गाय को डाल दो। लेकिन आप बची हुई रोटियों से मसाला रोल बनाकर तैयार कर सकती हैं। चलिए इसे बनाने का तरीका भी बताते हैं।
- क्या-क्या चाहिए-
2 बची हुई रोटियां
1 उबला आलू
1 प्याज
हरी मिर्च
चाट मसाला
टोमैटो सॉस या हरी चटनी
- बनाने का तरीका
आलू, प्याज और हरी मिर्च को मिक्स करके उसमें नमक और चाट मसाला डालें। अब इस मसाले को रोटी पर फैलाएं। ऊपर से सॉस या चटनी लगाकर रोल बना लें। तवे पर हल्का सा सेक लें और गर्मागर्म सर्व करें। बस फिर रोल बनाकर खाएं और बच्चों को भी दें।
3- देसी स्टाइल एग भुर्जी
अंडा खाते हैं, तो भुर्जी भी खाना पसंद होगा। भुर्जी सबसे जल्दी और आसानी से बन जाती है और इसे रोटी या पराठे के साथ खाया भी जा सकता है। चलिए अंडा भुर्जी बनाने का तरीका भी जान लीजिए।
- सामान नोट करें
3 अंडे
1 प्याज बारीक कटा
1 टमाटर बारीक कटा
1-2 हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
¼ छोटा चम्मच हल्दी
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2 चम्मच तेल या बटर
थोड़ा हरा धनिया
- रेसिपी क्या है
सबसे पहले एक पैन या कढ़ाही में तेल या घी गर्म करें। अब इसमें प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। फिर अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट पकाएं। इसके बाद टमाटर डालें और नरम होने तक भून लें। अब हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाला तैयार करें। एक बाउल में अंडे फोड़कर अच्छे से फेंट लें और पैन में डाल दें। लगातार चलाते हुए अंडों को भुर्जी जैसा पकाएं। ऊपर से हरा धनिया डालें और रोटी, पराठा या ब्रेड के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
4- मसाला दही पोहा
- इंग्रेडिएंट्स क्या होंगे
2 कप पोहा
1 कप दही
1 प्याज बारीक कटा
1 हरी मिर्च
थोड़ा सा धनिया
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच भुना जीरा
- बनाने की विधि
सबसे पहले पोहे को धोकर 2 मिनट के लिए रख दें। अब इसमें दही, प्याज, हरी मिर्च और नमक डालें। ऊपर से भुना जीरा और धनिया डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। चाहें तो थोड़ी नमकीन या सेव डालकर सर्व करें। बस दही पोहा बनकर तैयार हो जाएगा और इसमें आपको गैस भी नहीं जलानी पड़ेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





