Home LIFESTYLE NEWS HINDI गेहूं नहीं, इस आटे की रोटी खाती हैं अनुष्का शर्मा, कैंसर सर्जन...

गेहूं नहीं, इस आटे की रोटी खाती हैं अनुष्का शर्मा, कैंसर सर्जन ने बताए फायदे!

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो गेहूं के आटे की रोटी नहीं खाती हैं। इसकी जगह वो अमरंथ यानी राजगिरा के आटे से बनी रोटी खाती हैं, जो ग्लूटेन फ्री है। डॉक्टर से जानते हैं इसके फायदे।

हेल्दी और फिट रहने के लिए सिर्फ वर्कआउट करना ही काफी नहीं है, बल्कि इसमें सबसे जरूरी है आपकी डाइट। आप क्या खाते हैं, इसका असर आपकी बॉडी पर सबसे ज्यादा होता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि महंगे सुपरफूड्स ही डाइट में शामिल किए जाएं। बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा में अपने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि वो गेहूं के आटे की रोटी नहीं खाती हैं। इसकी जगह वो अमरंथ, जिसे हिंदी में राजगिरा भी कहा जाता है; से बनी रोटी खाना पसंद करती हैं। ये कोई विदेश से आया महंगा सुपरफूड नहीं है, बल्कि हमारी दादी-नानी पहले इसे ही खाया करती थीं। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए कैंसर सर्जन डॉ वर्तिका विश्वानी ने गेहूं की जगह अमरंथ की रोटी खाने के फायदे बताए हैं। आइए जानते हैं-

प्रोटीन का कंप्लीट सोर्स है अमरंथ की रोटी

डॉ वर्तिका कहती हैं कि अमरंथ यानी राजगिरा में सभी नौ एसेंशियल अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो इसे प्रोटीन का कंप्लीट सोर्स बनाते हैं। अगर एक कप पके हुए अमरंथ की बात करें, तो उसमें लगभग 9 ग्राम हाई क्वालिटी प्रोटीन मिल जाता है। अगर आप वेजिटेरियन हैं और डेली प्रोटीन रिक्वायरमेंट पूरा करने में आपको परेशानी होती है, तो अपनी डाइट में अमरंथ की रोटी शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

ग्लूटेन फ्री डाइट लेने वालों के लिए अच्छा विकल्प

गेहूं के आटे में ग्लूटेन पाया जाता है, जबकि अमरंथ का आटा प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन फ्री होता है। अगर आपको ग्लूटेन सूट नहीं होता है या आपको डॉक्टर ने ग्लूटेन फ्री डाइट लेने की सलाह दी है, तो राजगिरा के आटे की रोटी खाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर है राजगिरा

डॉ वर्तिका बताती हैं कि राजगिरा में प्रोटीन के अलावा फाइबर, आयरन, मैग्नेशियम, मैंगनीज और फॉस्फोरस जैसे अन्य जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। जो हड्डियों, मांसपेशियों, पाचन और एनर्जी के लिए बहुत जरूरी हैं।

अमरंथ में पाया जाता है लाइसिन

राजगिरा के आटे में लाइसिन (Lycine) नाम का एक एसेंशियल अमीनो एसिड पाया जाता है। ये शरीर में प्रोटीन बनाने और कॉलेजन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दरअसल कॉलेजन एक जरूरी प्रोटीन है, जो स्किन, बोन, टेंडन और दूसरे कनेक्टिव टिश्यूज को संरचना और मजबूती देने में मदद करता है।

अमरंथ को डाइट में कैसे शामिल करें?

गेहूं के आटे की जगह आप अमरंथ के आटे की रोटियां बनाकर खा सकते हैं। डॉ वर्तिका कहती हैं कि इसे गेहूं के आटे में मिक्स कर के भी रोटियां बनाई जा सकती हैं। इसके अलावा दलिया, चीला और खिचड़ी बनाकर भी अमरंथ को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है।

(Images Credit- Pinterest)

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN