Home LIFESTYLE NEWS HINDI घबराएं नहीं, त्योहार से पहले झट से होगी घर की सफाई, Chatgpt...

घबराएं नहीं, त्योहार से पहले झट से होगी घर की सफाई, Chatgpt के ये 5 प्रॉम्प्ट्स करेंगे मदद

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहार से पहले घर की सफाई करनी है लेकिन समझ नहीं आ रहा कहां से शुरू करें? तो काम को आसान बनाने के लिए ChatGPT से अपने घर के हिसाब से सफाई की पूरी चेकलिस्ट बनवा सकते हैं।

त्योहार आते ही घर की सफाई का ख्याल सबसे पहले आता है। पर्दे, पंखे, किचन, बाथरूम से लेकर अलमारी और फर्श तक, साफ करने के लिए इतना कुछ होता है कि शुरुआत करना ही मुश्किल लगने लगता है। ऊपर से अगर पूरा काम एक साथ करने बैठ जाएं, तो कुछ ही देर में थकान होने लगती है। ऐसे में सबसे अच्छा तरीका है कि सफाई को छोटे-छोटे कामों में बांट लिया जाए। इसके लिए आप ChatGPT की मदद ले सकते हैं। बस उसे अपने घर के बारे में थोड़ी जानकारी देकर एक ऐसा प्रॉम्प्ट दें, जो आपके लिए दिन के हिसाब से पूरी सफाई की चेकलिस्ट तैयार कर दे। आइए जानते हैं, इसे कैसे इस्तेमाल करें।

सबसे पहले ChatGPT को क्या बताएं?

ChatGPT से सही चेकलिस्ट बनवाने के लिए उसे अपने घर के बारे में थोड़ी जानकारी देना जरूरी है। जैसे घर में कितने कमरे हैं, किचन और बाथरूम कितने हैं, सफाई के लिए आपके पास कितने दिन हैं और रोज कितने घंटे मिलते हैं। जितनी साफ जानकारी आप देंगे, चेकलिस्ट उतनी ही आपके काम की बनेगी।

ChatGPT की चेकलिस्ट में ये भी जोड़ें

अगर घर में बच्चे, बुजुर्ग या पालतू जानवर हैं, तो यह जानकारी भी ChatGPT को दें। इससे वह सफाई का ऐसा प्लान बना सकता है जिसमें एक साथ बहुत ज्यादा काम न हो। आप उससे यह भी कह सकते हैं कि ‘ऐसे काम पहले रखें जो रोज इस्तेमाल होने वाली चीजों को ज्यादा देर तक रोकें नहीं।’ इससे सफाई के दौरान घर का रोज का काम भी चलता रहेगा।

ChatGPT को दें ये प्रॉम्प्ट (ChatGPT Prompt)

  1. मेरे घर में ___ कमरे, ___ बाथरूम और एक किचन है। त्योहार से पहले मुझे पूरे घर की सफाई करनी है। मेरे पास रोज ___ घंटे हैं और सफाई के लिए ___ दिन हैं। मेरे लिए दिन के हिसाब से एक आसान सफाई चेकलिस्ट बनाएं। इसमें कमरे, पंखे, खिड़कियां, पर्दे, फर्श, किचन, बाथरूम, अलमारी और जरूरी सामान की सफाई शामिल करें। काम इस तरह बांटें कि एक दिन में बहुत ज्यादा काम न हो। जो काम सबसे पहले करना जरूरी है, उसे पहले रखें और आखिर में रोज की हल्की सफाई के काम बताएं।
  2. त्योहार से पहले किचन की पूरी सफाई करनी है। मेरे लिए आसान चेकलिस्ट बनाएं, जिसमें गैस, चिमनी, फ्रिज, किचन कैबिनेट, स्लैब, सिंक, बर्तन और कोनों की सफाई शामिल हो। कामों को आसान से मुश्किल क्रम में रखें।
  3. मुझे त्योहार से पहले पूरा घर साफ करना है, लेकिन रोज ज्यादा समय नहीं मिल पाता। मेरे पास रोज सिर्फ ___ घंटे हैं। मेरे लिए ऐसा सफाई प्लान बनाएं जिसमें रोज थोड़ा-थोड़ा काम हो और सफाई का बोझ एक साथ न पड़े।
  4. त्योहार से पहले घर का गैरजरूरी सामान अलग करना है। मुझे बताएं कि कपड़े, किचन का सामान, पुराने कागज, बच्चों की चीजें और दूसरे सामान को कैसे छांटूं। ऐसी आसान चेकलिस्ट बनाएं जिससे तय करना आसान हो कि क्या रखना है और क्या हटाना है।
  5. त्योहार से एक दिन पहले घर की सफाई पूरी करनी है। मुझे एक ऐसी चेकलिस्ट बनाकर दें जिसमें सिर्फ जरूरी आखिरी काम शामिल हों, जैसे फर्श, बाथरूम, रसोई, पर्दे, चादरें और घर को व्यवस्थित करना। पूरी चेकलिस्ट 2–3 घंटे में पूरी होने वाली हो।

सफाई की शुरुआत कहां से करें?

चेकलिस्ट मिलने के बाद सीधे झाड़ू-पोंछा शुरू न करें। पहले घर में बिखरा सामान अपनी जगह पर रखें। जो सामान इस्तेमाल में नहीं है, उसे अलग कर दें। इससे बाद में सफाई करना काफी आसान हो जाता है। इसके बाद ऊपर की तरफ की सफाई करें। पंखे, खिड़कियों के ऊपर की जगह, दरवाजे और ऊंची अलमारियों की धूल पहले साफ करें। ऐसा करने से ऊपर की धूल नीचे गिरती है और फर्श आखिर में साफ किया जा सकता है।

त्योहार की सफाई को एक ही दिन में निपटाने की कोशिश करने के बजाय पहले से छोटा-सा प्लान बना लें। ChatGPT की मदद से बनी चेकलिस्ट आपको यह समझने में मदद करेगी कि कौन सा काम कब करना है और किस काम को बाद के लिए रखा जा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN