Home LIFESTYLE NEWS HINDI घर पर बनाएं गुजराती स्टाइल भरवां टमाटर, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाएंगे

घर पर बनाएं गुजराती स्टाइल भरवां टमाटर, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाएंगे

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रोजाना एक जैसा खाना खाने के बाद अक्सर मन करता है कि कुछ अलग और टेस्टी बनाकर खाया जाए। ऐसे में आज आप ट्राई करें गुजराती स्टाइल भरवां टमाटर की सब्जी। ये स्वाद में लाजवाब लगती है और एक बार आप इसे खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे। सीखिए कैसे बनाएं। 

भारत में तीन समय का खाना लोग जरूर खाते हैं, ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर।ब्रेकफास्ट हर कोई अपनी मर्जी से अलग-अलग या फिर रोज एक जैसा खा लेते हैं। लेकिन जब बात लंच और डिनर की आती है तो हर किसी को रोजाना कुछ-ना-कुछ अलग चाहिए होता है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि आप अलग-अलग राज्यों में बनने वाली सब्जियों की रेसिपी ट्राई करें। ऐसा करके आप कुछ नया भी खा सकेंगे और अलग-अलग राज्यों में बनने वाली सब्जियों के बारे में भी पता लग जाएगा। यहां हम गुजराती स्टाइल में स्टफ टमाटर की रेसिपी बता रहे हैं। ये रेसिपी आसानी से कोई भी फॉलो कर सकता है और टेस्टी सब्जी बनाकर ट्राई कर सकते हैं। यहां सीखिए कैसे बनाएं स्टफ टमाटर की बढ़िया रेसिपी-

गुजराती स्टाइल स्टफ टमाटर बनाने की सामग्री

स्टफिंग के लिए

– 6 मध्यम आकार के टमाटर

– आधा कप भुनी हुई मूंगफली

– 2 बड़े चम्मच तिल

– 1/4 कप सेव

– 5 से 6 लहसुन की कलियां

– आधा छोटा चम्मच हल्दी

– दो बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

– दो बड़े चम्मच जीरा-धनिया पाउडर

– आधा छोटा चम्मच गरम मसाला

– 1 से 2 छोटे चम्मच चीनी या स्वादानुसार

– नमक स्वादानुसार

पकाने के लिए

– दो बड़े चम्मच तेल

– आधा छोटा चम्मच जीरा

– एक चुटकी हींग

– आधा कप पानी या जरूरत के अनुसार

गुजराती स्टाइल स्टफ टमाटर बनाने की विधि

1) गुजराती स्टाइल स्टफ टमाटर बनाने के लिए सबसे पहले थोड़ी बहुत तैयारी कर लें। इसके लिए टमाटरों को अच्छी तरह से धो लें और उनके ऊपर क्रॉस के आकार का चीरा लगाएं। ध्यान रहे कि वे पूरी तरह न कटें। उन्हें साबुत ही रहने दें ताकि उनमें स्टफिंग भरी जा सके। बहुत सावधानी से ऐसा करें।

2) अब स्टफिंग बनाकर तैयार करें। इसके लिए मिक्सर या फूड प्रोसेसर में भुनी हुई मूंगफली, तिल, सेव, लहसुन, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, जीरा-धनिया पाउडर, नमक और चीनी डालें।

3) ध्यान रहे कि आपको किसी भी मसाले का पाउडर नहीं बनाना है बल्कि सभी चीजो को एक साथ दरदरा पीसना है। इस चीजों का बारीक पेस्ट बिल्कुल ना बनाएं वरना सब्जी फ्लेवरफुल नहीं लगेगी।

4) जब टमाटर और स्टफिंग तैयार हो तो टमाटर में फिलिंग भरना चालू करें। इसके लिए हर टमाटर को धीरे से खोलें और उसमें तैयार मसाला अच्छी तरह भरें।

5) सभी टमाटरों में मसाला भरने के बाद एक पैन में तेल गरम करें। इसमें जीरा और हींग डालें। जब वे चटकने लगें, तो भरे हुए टमाटरों को सावधानी से पैन में रखें।

6) फिर लगभग आधा कप पानी डालें और पैन को ढक दें। धीमी से मीडियम आंच पर तब तक पकाएं जब तक टमाटर नरम न हो जाएं और मसाला अच्छी तरह पक न जाए। पकाते समय टमाटरों को एक-दो बार धीरे से पलट दें।

7) जब टमाटर नरम हो जाएं और मसाला पक जाए, तो आंच बंद कर दें। और इस स्वादिश्ट सब्जी को रोटी, पराठा या बाजरे की रोटी के साथ गरमा-गरम परोसें।

टिप: स्टफिंग को थोड़ा दरदरा ही रखें। इसके अलावा भुनी हुई मूंगफली, तिल और सेव जरूर डालें क्योंकि ये ही इस सब्जी को बढ़िया टेक्सचर और स्वाद देते हैं। इसके अलावा एक बात का ध्यान रखें कि इस सब्जी को बनाने के लिए लाल बॉम्बे टमाटर का इस्तेमास करें क्योंकि देसी टमाटर काफी खट्टे होते हैं जिससे सब्जी ज्यादा खट्टी लग सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN