Home LIFESTYLE NEWS HINDI चीला तो रोज खाते हैं, इस बार मूंग दाल से बनाएं फूला-फूला...

चीला तो रोज खाते हैं, इस बार मूंग दाल से बनाएं फूला-फूला मूंगलेट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मूंग दाल का चीला तो खूब खाया होगा, लेकिन क्या आपने फूला-फूला मूंगलेट ट्राई किया है? बाहर जैसा नरम और चटपटा मूंगलेट घर पर बनाना है तो ये आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें।

मूंग दाल का चीला तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन मूंगलेट उससे थोड़ा अलग होता है। यही वजह है कि बाजार में तवे पर फूला हुआ मूंगलेट देखते ही इसे खाने का मन करता है। बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम, इसका स्वाद चटपटा भी लगता है और पेट भी भर देता है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है। घर पर भी आप ऐसा मूंगलेट बना सकते हैं, जो देखने में मोटा-फूला और खाने में नरम लगे। बस इसे बनाते समय कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। अगर आप भी घर पर स्ट्रीट स्टाइल मूंगलेट बनाना चाहते हैं, तो चलिए जानते हैं इसका आसान तरीका।

स्ट्रीट स्टाइल मूंगलेट बनाने के लिए क्या चाहिए?

मूंगलेट बनाने के लिए आपको धुली मूंग दाल, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक, नमक, लाल मिर्च, थोड़ा सा चाट मसाला और तेल चाहिए। आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद की कुछ और सब्जियां भी डाल सकते हैं।

ऐसे बनाएं फूला-फूला मूंगलेट

स्टेप 1

सबसे पहले एक कप मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर करीब दो से तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें। दाल अच्छी तरह फूल जाए तो इसका एक्सट्रा पानी निकाल दें। अब दाल को मिक्सी में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और गाढ़ा सा घोल पीस लें।

स्टेप 2

मूंगलेट को फूला-फूला बनाने के लिए सिर्फ दाल पीसना काफी नहीं है। घोल को एक बड़े बर्तन में निकालें और हाथ या चम्मच से कुछ मिनट अच्छी तरह फेंटें। घोल जितना हल्का और फूला हुआ होगा, मूंगलेट भी उतना ही नरम बनेगा।

स्टेप 3

घोल में बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। साथ में नमक और लाल मिर्च डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें। अगर आपको थोड़ा चटपटा स्वाद पसंद है तो थोड़ा चाट मसाला भी डाल सकते हैं। घोल में सब्जियां मिलाने के बजाय घोल को प्लेन भी रख सकते हैं। तवे पर बैटर फैलाने के तुरंत बाद बारीक कटी सब्जियां ऊपर से भी डाल सकते हैं।

स्टेप 4

अब तवा गैस पर रखें और थोड़ा तेल डालकर गर्म करें। तवा बहुत ज्यादा ठंडा नहीं होना चाहिए, वरना मूंगलेट ठीक से नहीं फूलेगा। तेल गर्म होने के बाद आंच को मध्यम कर दें।

स्टेप 5

अब तवे पर एक बड़ा चम्मच घोल डालें और इसे बहुत ज्यादा पतला न फैलाएं। स्ट्रीट स्टाइल मूंगलेट की खासियत ही इसका मोटा और फूला हुआ होना है। ऊपर से थोड़ा तेल डालें और इसे मध्यम आंच पर पकने दें।

स्टेप 6

जब नीचे की तरफ से मूंगलेट सुनहरा होने लगे और ऊपर का घोल थोड़ा जम जाए, तब इसे पलट दें। दूसरी तरफ भी थोड़ा तेल डालकर अच्छी तरह पकाएं। दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और अंदर से नरम हो जाए तो इसे तवे से उतार लें।

स्टेप 7

गरम मूंगलेट पर थोड़ा चाट मसाला, हरा धनिया और बारीक कटा प्याज डाल सकते हैं। इसे हरी चटनी, लाल चटनी या टमाटर की चटनी के साथ गरमागरम खाएं। चाहें तो ऊपर से थोड़ा मक्खन भी लगा सकते हैं।

एक बार ये तरीका जरूर आजमाएं

जब भी नाश्ते में कुछ चटपटा और पेट भरने वाला खाने का मन हो, तो मूंगलेट बना सकते हैं। मूंग दाल को पहले से भिगोकर रखें तो बाकी तैयारी में ज्यादा समय नहीं लगेगा। बस घोल को अच्छी तरह फेंटें, तवे पर मोटा फैलाएं और मध्यम आंच पर पकाएं। इससे घर पर भी गरमागरम, नरम और फूला-फूला मूंगलेट तैयार हो जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN