Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- घर में सोने-चांदी के गहने रखना किसे पसंद नहीं होता
- शादी में मिले गहने, पुश्तैनी जेवर और सालों से जमा की गई ज्वैलरी अक्सर घर या बैंक लॉकर में रखी होती है
- लेकिन क्या आपको पता है कि घर में कितना सोना और चांदी रखने पर इनकम टैक्स विभाग सवाल नहीं पूछता?
घर में सोने-चांदी के गहने रखना किसे पसंद नहीं होता। शादी में मिले गहने, पुश्तैनी जेवर और सालों से जमा की गई ज्वैलरी अक्सर घर या बैंक लॉकर में रखी होती है। लेकिन क्या आपको पता है कि घर में कितना सोना और चांदी रखने पर इनकम टैक्स विभाग सवाल नहीं पूछता? दरअसल, शादीशुदा महिला, अविवाहित महिला और पुरुषों के लिए सोने के गहनों को लेकर CBDT ने कुछ मानक तय किए हैं। वहीं, चांदी के लिए ऐसी कोई तय मात्रा नहीं है। आइए जानते हैं कि नियम क्या कहते हैं और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
घर में कितना सोना रख सकते हैं?
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (CBDT) के इंस्ट्रक्शन नंबर 1916 के मुताबिक, इनकम टैक्स की तलाशी के दौरान तय मात्रा तक सोने के गहनों को आम तौर पर जब्त नहीं किया जाता। इसके लिए अलग-अलग केटेगरी में ये मानक बताए गए हैं।
शादीशुदा महिला: 500 ग्राम सोने के गहने
अविवाहित महिला: 250 ग्राम सोने के गहने
पुरुष: 100 ग्राम सोने के गहने
ध्यान रखें कि ये मात्रा सोने के गहनों को तलाशी के दौरान जब्त करने से जुड़े मानक हैं। इन्हें सोना रखने की कानूनी सीमा या पूरी तरह टैक्स-फ्री होने की गारंटी नहीं समझना चाहिए। अगर सोने के सोर्स पर सवाल उठता है, तो संबंधित व्यक्ति से इसकी जानकारी मांगी जा सकती है।
क्या घर में ज्यादा सोना रखने पर लगेगा टैक्स?
नहीं, सिर्फ तय मात्रा से ज्यादा सोना रखने का मतलब यह नहीं है कि आप पर अपने आप टैक्स लग जाएगा। घर या बैंक लॉकर में सोना-चांदी रखने की कोई निश्चित कानूनी अधिकतम सीमा नहीं है। जरूरी यह है कि आप उसके खरीदने, मिलने या विरासत में आने का उचित आधार बता सकें। शादी में मिले गहने, परिवार से मिले उपहार, विरासत में मिली ज्वैलरी और वैलिड कमाई से खरीदे गए गहनों का रिकॉर्ड या दूसरे सबूत उपयोगी हो सकते हैं।
चांदी रखने की कितनी है लिमिट?
सोने के गहनों के उलट CBDT के इस निर्देश में चांदी के लिए कोई निश्चित ग्राम या किलो की सीमा तय नहीं की गई है। इसका मतलब यह नहीं कि चांदी के सोर्स के बारे में कभी सवाल नहीं पूछा जा सकता। ज्यादा मात्रा में चांदी होने पर भी उसके सोर्स की जानकारी मांगी जा सकती है।
ITAT के इस फैसले से समझें पूरा मामला
मुंबई की इनकम टैक्स अपीलीय ट्रिब्यूनल (ITAT) में एक मामले में महिला के घर और बैंक लॉकर से 427.71 ग्राम सोने के गहने, 258 ग्राम शुद्ध सोना, हीरे जड़े गहनों में 161.33 ग्राम सोना और 11.2 किलो चांदी मिला था। महिला ने बताया कि ये संपत्तियां शादी में मिले उपहारों, स्त्रीधन, विरासत और कई दशकों में हुए पारिवारिक संग्रह से जुड़ी थीं। ट्रिब्यूनल ने मामले के तथ्यों पर विचार करते हुए शुद्ध सोने को सिर्फ उसके रूप के आधार पर अघोषित संपत्ति मानने के नजरिये को स्वीकार नहीं किया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



