Source :- INDIATV NEWS

सोना चांदी की कीमतें जिस तरह से आसमान छू रही हैं, खरीदना अब मुश्किल लगने लगा है। ऐसे में घर में रखे पुराने चांदी के सिक्के और मूर्तियों को साफ करके दिवाली में इस्तेमाल करें। अगर चांदी के सिक्के काले हो चुके हैं तो उन्हें कुछ आसान उपाय करते नए जैसा चमका सकते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे काली पड़ी चांदी की चीजें एकदम चमकने लगेंगी। आपको इसके लिए कोई केमिकल खरीदने की भी जरूरत नहीं होगी। घर में इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों से ही चांदी के पुराने सिक्के और चांदी की मूर्ति को चमका सकते हैं।
चांदी के सिक्के और मूर्ति कैसे साफ करें?
सफेद सिरका- चांदी के काले सिक्कों को साफ करने के लिए सफेद सिरका का इस्तेमाल करें। एक कटोरी में सिरका डालें और इसमें थोड़ा सोडा मिलाएं। सोडा डालने के बाद सिरका वाले घोल में चांदी के सिक्के डाल दें और कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब इन्हें निकालकर हल्का स्क्रब करें। चांदी एकदम साफ होकर चमकने लगेगी। इसी तरह चांदी की मूर्ति भी साफ कर सकते हैं।
टूथपेस्ट- चांदी को चमकाने के लिए सफेद पेस्ट जैसे कोलगेट का इस्तेमाल कर सकते हैं। खासतौर से इसमें पाउडर वाला कोलगेट असरदार होता है। पेस्ट या पाउडर चांदी के सामान पर लगाकर 10 मिनट के लिए रख दें। अब इसे हल्का स्क्रब करते हुए साफ कर लें। इससे चांदी के पुराने सिक्के और मूर्तियां एकदम साफ हो जाएंगी।
एल्युमिनियम फॉयल- चांदी साफ करने का ये एक असरदार उपाय है। इसके लिए किसी बाउल में एल्युमिनियम फॉयल रखें और उसके ऊपर से बेकिंग सोडा और नमक डाल दें। अब आपको गर्म पानी डालना है और चांदी के सिक्के या दूसरे गहने डाल दें। ध्यान रखें चांदी फॉयल पेपर को छूती रहे। 10 मिनट बाद इसे रगड़कर साफ कर लें। इसके बाद चांदी के सामान को पानी से धोकर पोंछ लें। आप देखेंगे कि इससे चांदी की चीजें एकदम नए जैसी चमकने लगेंगी।
इस दिवाली आप इनमें से कोई भी उपाय घर में रखी चांदी की ज्वेलरी, चांदी के सिक्के या चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति को साफ करने के लिए अपनाएं। यकीन मानिए नए जैसी शाइन लौट आएगी।
SOURCE : INDIATV NEWS



