Source :- INDIATV NEWS

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के प्रधान पद को लेकर सियासी लड़ाई तेज हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों अपना प्रधान बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। पंचायती राज चुनाव के बाद अब प्रधान पद के लिए 29 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस के खेमे में 14-14 सीटे होने के साथ एक सीट पार आरएलपी प्रत्याशी की जीत होने से अब उसकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
चुनाव के बाद से आरएलपी प्रत्याशी शंकरी भील दूसरे खेमे की बाड़ाबंदी में थी लेकिन आज सीसीटीवी वीडियो वायरल होने से दूसरे खेमे की नींद उस गई। सीसीटीवी में चित्तौड़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या आरएलपी की जीती हुई प्रत्याशी शंकरी भील से संपर्क करते नजर आये। इसके बाद से ये कयास लगाया जा रहा था कि शंकरी को भाजपा खेमे में लेने का प्रयास किया जा रहा है।
RLP और कांग्रेस ने लगाया अपहरण करने का आरोप
इसको लेकर सोशल मिडिया के माध्यम से कांग्रेस और आरएलपी ने विधायक पर अपहरण के आरोप लगाने भी शुरू कर दिए। RLP के जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर आरोप लगाया है कि वे RLP की सदस्य को जबरन अपने साथ ले गए हैं। उन्होंने कहा, “सोमवार को हम कलेक्ट्रेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करेंगे और मांग करेंगे कि RLP सदस्य को बीजेपी से वापस लाया जाए।”
शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर आरोपों का किया खंडन
दूसरी तरफ, RLP के टिकट पर जीतने वाली शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल ने एक वीडियो जारी करके कहा, “हमें किसी ने कुछ करने के लिए मजबूर नहीं किया। हमने विकास कार्यों के लिए अपनी मर्जी से बीजेपी को समर्थन दिया है। जो कुछ भी सुनने में आ रहा है, वह बेबुनियाद है और सिर्फ एक अफवाह है।” इस पूरे वाकए के बाद से भाजपा का प्रधान बनना तय माना जा रहा है।
विधायक और शंकरी बाई से जुड़े तीन वीडियो सामने आए
इन घटनाओं के बीच, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और शंकरी बाई से जुड़े तीन वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो ने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया है। पहले वीडियो में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर में एक फैक्ट्री के बाहर शंकरी बाई, उनके पति रतनलाल भील और कुछ अन्य लोग बैठे दिखाई देते हैं। कुछ देर बाद, वहां एक काली कार आती है। उसमें से विधायक चंद्रभान सिंह आक्या बाहर निकलते हैं। वीडियो में रतनलाल भील विधायक के पैर छूते हुए दिखते हैं। इसके बाद विधायक और उनके साथ आए लोग, शंकरी बाई और बाकी लोगों के साथ फैक्ट्री के अंदर चले जाते हैं।
यहां देखें वीडियो
दूसरे वीडियो में इस वीडियो में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, पंचायत समिति सदस्य शंकरी बाई, उनके पति रतनलाल और कुछ अन्य लोग फैक्ट्री के अंदर एक साथ बैठे बातचीत करते हुए दिख रहे हैं। तीसरे वीडियो में शंकरी बाई और उनके पति फैक्ट्री से बाहर निकलते हुए दिखाई देते हैं। शंकरी बाई के हाथ में एक बैग नजर आ रहा है। इसके बाद, वे दोनों एक सफेद कार में बैठते हैं और वहां से चले जाते हैं। बता दें कि राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है।
ये भी पढ़ेंः राजस्थान पंचायत चुनावः 8 जिला परिषद में बीजेपी की बड़ी हार, कांग्रेस को मिली बंपर सीटें
SOURCE : INDIATV NEWS




