Source :- LIVE HINDUSTAN
ली मिंग पर आरोप है कि उसने अपनी कंपनी लक्सुरिएट योर लाइफ के नाम पर एनवीडिया के चिप लगे कंप्यूटर सर्वर खरीदे। उसने बताया कि इनका इस्तेमाल उसकी कंपनी के काम के लिए होगा, लेकिन सिंगापुर पार्टी ने दावे को गलत बताया।
एनवीडिया के एडवांस AI चिप चीन पहुंचाने के नेटवर्क में अब 52 वर्षीय चीनी नागरिक ली मिंग का नाम सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग इस पूरे नेटवर्क का अहम हिस्सा था। वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की गतिविधियों में शामिल था और कंपनी के बड़े फैसलों में भी उसकी भूमिका थी। इस कंपनी में एलिस हुआंग मैनेजिंग डायरेक्टर थीं। एलिस का नाम एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग के साथ अफेयर और चीन को चिप पहुंचाने के मामले में सामने आया था। अमेरिका को एलिस पर चीनी जासूस होने का संदेह था, हालांकि चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है। ली मिंग फिलहाल सिंगापुर में जमानत पर बाहर है। वह कई वर्षों से एलिस और उनके पति कांग वेई के साथ मिलकर काम कर रहा था।
ली मिंग पर आरोप है कि उसने अपनी कंपनी लक्सुरिएट योर लाइफ के नाम पर एनवीडिया के चिप लगे कंप्यूटर सर्वर खरीदे। उसने बताया कि इनका इस्तेमाल उसकी कंपनी के काम के लिए होगा, लेकिन सिंगापुर की पार्टी का आरोप है कि यह दावा गलत था। सर्वर खरीदने के बाद उन्हें मलेशिया भेजा गया और वहां से किसी तीसरे अज्ञात स्थान पर पहुंचाया गया। फरवरी 2025 में सिंगापुर में ली मिंग और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। यह मामला एनवीडिया के चिप की तस्करी से जुड़ा था। जांच में कई कंपनियों के नाम सामने आए, लेकिन मेगास्पीड को इस मामले में आरोपी कंपनियों में शामिल नहीं किया गया। ली मिंग, एलिस और कांग वेई ने दक्षिण-पूर्व एशिया में साझेदारियां बनाकर चीन के ग्राहकों तक एडवांस कंप्यूटिंग सुविधा पहुंचाने की योजना पर काम किया था।
एलिस हुआंग और उनके पति ने शुरू की कंपनी
इस नेटवर्क में मेगास्पीड की भूमिका भी काफी अहम बताई गई है। एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई ने 2021 में सेंचुरी लोंगतेंग नाम की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी शुरू की थी। बाद में तीनों ने एक चीनी वीडियो गेम कंपनी की सिंगापुर यूनिट को खरीदकर उसका नाम मेगास्पीड रख दिया। कंपनी ने एनवीडिया को बताया कि अलीबाबा उसका प्रमुख ग्राहक है। इसके बाद नवंबर 2023 में मेगास्पीड को एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम में शामिल कर लिया गया। इससे उसे नए AI चिप खरीदने में प्राथमिकता मिलने लगी। मेगास्पीड मलेशिया में सर्वर लगाकर अलीबाबा को कंप्यूटिंग सेवाएं दे रही थी। कुछ सर्वर शंघाई की कंपनी सेंचुरी लिटोंग तक भी पहुंचाए गए, जो अमेरिकी निर्यात नियमों का उल्लंघन था। सेंचुरी लोंगतेंग 2024 तक सेंचुरी लिटोंग की प्रमुख शेयरधारक थी।
कांग वेई पर डेटा सेंटर नेटवर्क तैयार करने का आरोप
एलिस के पति कांग वेई पर भी चीन में बड़े डेटा सेंटर नेटवर्क तैयार करने का आरोप है। 2021 से 2024 के बीच कांग के नेटवर्क से जुड़ी प्रस्तावित परियोजनाओं में 9 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की योजना थी। इस बीच एनवीडिया ने 2024 में मेगास्पीड के खिलाफ निर्यात नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच शुरू की। मई 2025 में अमेरिकी अधिकारियों ने कंपनी से जुड़ी बिक्री के रिकॉर्ड मांगे और जून में एनवीडिया ने मेगास्पीड को अपनी आंतरिक ‘नो-सेल’ लिस्ट में डाल दिया। सिंगापुर ने भी फरवरी 2025 में कंपनी और उसके अधिकारियों की जांच की थी। हालांकि, वहां आपराधिक मामला चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले। एलिस को कड़ी चेतावनी दी गई और सिंगापुर में दोबारा एंट्री करने से रोक दिया गया। मेगास्पीड ने चिप तस्करी के आरोपों को खारिज किया और कहा कि एलिस ने अगस्त 2025 में कंपनी छोड़ दी थी। वहीं, कांग वेई को इस साल शंघाई में शेयर बाजार में हेरफेर की जांच के दौरान हिरासत में लिया गया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




