Home World News hindi चीन में बड़ा हादसा; बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराया विमान,...

चीन में बड़ा हादसा; बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराया विमान, मची अफरा-तफरी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से साझा किए गए वीडियो में विमान के टकराने के बाद उसके मलबे को जमीन पर गिरते और इमारत के निचले हिस्से से धुआं उठते देखा जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

चीन के बीजिंग में शुक्रवार शाम एक छोटा विमान राजधानी की सबसे ऊंची गगनचुंबी इमारत से टकरा गया, जिससे हड़कंप मच गया। स्थानीय समयानुसार करीब शाम 6 बजे विमान केंद्रीय व्यावसायिक क्षेत्र (CBD) में स्थित 109 मंजिला चाइना जुन टॉवर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इमारत की दो खिड़कियां टूट गईं और विमान के कई हिस्से नीचे सड़क पर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद इमारत को एहतियातन खाली कराया गया और आसपास के इलाके में आपातकालीन सेवाएं तैनात कर दी गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से साझा किए गए वीडियो में विमान के टकराने के बाद उसके मलबे को जमीन पर गिरते और इमारत के निचले हिस्से से धुआं उठते देखा जा सकता है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह विमान B-12PP मॉडल का था और शिफोसी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लगभग 30 मिनट बाद बीजिंग के ईस्ट फिफ्थ रिंग रोड के पास उसका संपर्क रडार से टूट गया था। इसके कुछ ही समय बाद उसके टॉवर से टकराने की सूचना सामने आई।

1700 फुट ऊंची इमारत से हुई टक्कर

सीआईटीआईसी टॉवर को चाइना जुन के नाम से भी जाना जाता है, जो लगभग 1700 फुट ऊंचा है। यह बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत मानी जाती है। दुर्घटना के बाद दमकल और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। फिलहाल अधिकारियों ने मृतकों या घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। यह भी देखा जा रहा है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी थी या अन्य कोई वजह इस हादसे के पीछे थी।

फिलहाल चीनी अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें विमान के टकराने के बाद मलबा गिरता और इमारत के आसपास अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है। जानकारों का कहना है कि इतनी ऊंची इमारत से विमान की टक्कर बेहद दुर्लभ घटना है, इसलिए जांच रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN